खाली एवं अनुपयोगी सरकारी भवनों की जानकारी तुरंत भेजें
अन्य विभागों को आवंटित करके इन भवनों का किया जाएगा सदुपयोग : गंधर्वा राठौड़
हमीरपुर 27 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों एवं उपक्रमों के खाली पड़े एवं अनुपयोगी भवनों की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करें, ताकि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार इन भवनों का सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
जिले में खाली एवं अनुपयोगी सरकारी भवनों और परिसंपत्तियों की ताजा स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को हमीर भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इन भवनों एवं परिसंपत्तियों के सदुपयोग के प्रति प्रदेश सरकार बहुत गंभीर है और इसके लिए मंत्रिमंडलीय उप-समिति का गठन भी किया गया है। इस उप-समिति ने सभी जिलों, विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों से रिपोर्ट तलब की है। इसलिए, सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लें और तुरंत रिपोर्ट प्रेषित करें।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे हाल ही में बंद या मर्ज किए गए स्कूलों के भवनों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम हमीरपुर या अन्य शहरी निकायों में शामिल की गई ग्राम पंचायतों के कार्यालय भवनों, अन्य सामुदायिक भवनों एवं परिसंपत्तियों की रिपोर्ट भी भेजें। इन भवनों और परिसंपत्तियों को अन्य विभागों को सौंपकर इनका सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।
बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग ने विभिन्न विभागों से प्राप्त रिपोर्टों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, नगर निगम हमीरपुर के अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
=============================================
नगर परिषद नादौन में भी महिला आरक्षण 30 को होगा तय
हमीरपुर 27 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि नगर परिषद नादौन के विभिन्न वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित करने की प्रक्रिया भी 30 मार्च को बचत भवन हमीरपुर में पूर्ण की जाएगी। वार्डों का आरक्षण ड्रॉ के माध्यम से तय किया जाएगा।
उपायुक्त ने इस ड्रॉ की प्रक्रिया को पूर्ण करवाने के लिए अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की नियुक्तियां कर दी हैं। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त ने बताया कि इस प्रक्रिया के लिए एडीसी हमीरपुर, एसडीएम हमीरपुर और जिला राजस्व अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों के अलावा प्रबुद्ध नागरिकों में शम्मी सोनी, कमल कुमार और योगराज को मनोनीत किया गया है।
=============================================
नगर परिषद नादौन के वार्डों का परिसीमन अंतिम रूप से प्रकाशित
हमीरपुर 27 मार्च। नगर परिषद नादौन के सभी 9 वार्डों के परिसीमन को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन वार्डों के परिसीमन के प्रारूप पर स्थानीय निवासियों से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे और निर्धारित अवधि के भीतर इनका निपटारा भी कर दिया गया था। लेकिन, इनसे संबंधित एक निर्णय के खिलाफ मंडी के मंडल आयुक्त के समक्ष अपील की गई थी।
उपायुक्त ने बताया कि मंडल आयुक्त द्वारा इस अपील के निपटारे के बाद नगर परिषद नादौन के सभी 9 वार्डों के परिसीमन को अंतिम रूप से प्रकाशित कर दिया गया है। सभी वार्डों के नाम इस प्रकार हैं: वार्ड नंबर 1-ध्यानू भगत समाधि, 2-पत्तन बाजार, 3-दूरभाष केंद्र एवं डाकघर मुहल्ला, 4-इंद्रपाल बस स्टैंड, 5-इंडोर स्टेडियम, 6-बाबा बालक नाथ मंदिर, 7-गुग्गा मंदिर, 8-अमतर स्टेडियम और 9-बेला।
============================================
सड़क दुर्घटनाओं के घायलों को डेढ़ लाख रुपये तक कैशलैस इलाज की सुविधा
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने डाटा अपलोडिंग के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के दिए निर्देश
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर की गई चर्चा
हमीरपुर 27 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं के शिकार लोगों के लिए डेढ़ लाख रुपये तक कैशलैस इलाज की सुविधा आरंभ की गई है। इस सुविधा का लाभ पीड़ितों तक पहुंचाने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कालेज अस्पताल के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सड़क दुर्घटना के बाद सरकारी या आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध प्राइवेट अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक घायल के डाटा की तुरंत ऑनलाइन अपलोडिंग सुनिश्चित करें। डाटा अपलोडिंग के प्रभारी कर्मचारियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित करें, ताकि पीड़ितों की तुरंत मदद की जा सके। शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद 24 घंटे के भीतर अस्पताल में दाखिल होने पर यह सुविधा मिलेगी और घायल व्यक्ति का अधिकतम सात दिन तक कैशलैस इलाज किया जा सकता है। कोई भी सूचीबद्ध अस्पताल घायल को दाखिल करने से मना नहीं कर सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि पक्का भरो चौक से कोहली तक मुख्य सड़क की मरम्मत के लिए 8.5 करोड़ रुपये और पक्का भरो से नादौन की ओर चील बाहल तक की सड़क के लिए लगभग 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि इस सड़क की मरम्मत के साथ-साथ सभी बस स्टॉप्स पर बसों को रोकने के लिए अलग से बॉक्स मार्क करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बैठक में सड़क सुरक्षा के विभिन्न उपायों पर व्यापक चर्चा की गई। इनमें सभी प्रमुख स्थानों पर सड़क सुरक्षा, स्पीड लिमिट, नो पार्किंग और डायवर्जन इत्यादि के साइन बोर्ड लगाने, आधुनिक तकनीक के स्पीड ब्रेकर लगाने, व्यस्त सड़कों पर पीक टाइम के दौरान ट्रैफिक को वन-वे करने और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे। जिला रोड सेफ्टी प्लान और शिक्षण संस्थानों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता अभियान को लेकर भी चर्चा की गई। इसके बाद उपायुक्त ने स्कूली वाहनों में बच्चों की सेफ्टी के लिए सभी आवश्यक प्रबंधों को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, एसडीएम संजीत सिंह और शशिपाल शर्मा, आरटीओ अंकुश शर्मा, सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, समिति के सचिव एवं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन दीपक कपिल और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
=========================================
ग्राम पंचायत फस्टे में लगाया आयुष मेला, 300 लोगों की जांच
डॉ. मोहन लाल कौंडल की उपस्थिति में औषधीय पौधे भी किए वितरित
नादौन 27 मार्च। आयुष विभाग ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत फस्टे में आयुष मेला आयोजित किया, जिसमें ओबीसी वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल कौंडल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर डॉ. मोहन लाल कौंडल ने कहा कि आयुर्वेद, योग और प्राणायाम जैसी प्राचीन भारतीय पद्धतियों को हम अपनी आम दिनचर्या में अपनाकर अपने आपको स्वस्थ रख सकते हैं। इसके लिए सभी लोगों को आयुष विभाग की ओर से प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने आयुष पत्रिका का विमोचन भी किया।
इससे पहले, जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजेश कालिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विभाग की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी। उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन बाला ने आयुष ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया।
कार्यक्रम के दौरान लगाए गए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में लगभग 300 लोगों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त निःशुल्क औषधीय पौधों का वितरण किया गया तथा आयुर्वेद के अनुसार जीवन शैली अपनाने, रागी, बाजरा, जौ और अन्य मोटे अनाज तथा ‘अपनी रसोई, अपना उपचार’ से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम में नादौन ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन पृथी चंद, एपीएमसी के सदस्य रमेश पराशर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
================================================
18 वर्ष के सभी युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में हों दर्ज
भोरंज 27 मार्च। विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज में इस वर्ष 18 वर्ष की आयु पूरी करने जा रहे सभी युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में शामिल करने के लिए एसडीएम एवं भोरंज विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी शशिपाल शर्मा ने शुक्रवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों और भारत निर्वाचन आयोग के जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस अवसर पर शशिपाल शर्मा ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने शिक्षण संस्थानों के पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र विद्यार्थी इससे छूटना नहीं चाहिए।
बैठक में निर्वाचन विभाग की कानूनगो टिंकल ठाकुर, क्षेत्र के विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय आईटीआई भोरंज, राजकीय महाविद्यालय भोरंज, कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी खरवाड़, जेपी आईटीआई समीरपुर और अन्य संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
===========================================
हमीरपुर में जमीन के सर्कल रेट पर आपत्तियां या सुझाव 31 मार्च तक
हमीरपुर 27 मार्च। एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत आने वाली तहसील हमीरपुर और बमसन तथा उपतहसील लंबलू में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जमीन के सर्कल रेट तय कर दिए गए हैं। ये रेट पहली अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए तय किए गए हैं।
एसडीएम ने कहा कि तहसीलदार हमीरपुर, तहसीलदार बमसन (टौणी देवी) और नायब तहसीलदार लंबलू द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के लिए निर्धारित की गई जमीन की इन दरों के संबंध में अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति है या फिर वह इनके संबंध में अपना सुझाव देना चाहता है तो वह अपनी आपत्तियां या सुझाव 31 मार्च तक एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में दर्ज करवा सकता है या डाक द्वारा भेज सकता है। एसडीएम ने कहा कि इस तिथि के बाद कोई भी आपत्ति या सुझाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्हांेने बताया कि अगर कोई जमीन दो सड़कों के बीच में स्थित है तो उसका सर्कल रेट निकटतम सड़क के अनुसार तय किया गया है। अगर यह जमीन दोनों सड़कों से बराबर की दूरी पर स्थित है तो उस स्थिति में जमीन का सर्कल रेट उच्च श्रेणी की सड़क के अनुसार तय होगा।