डीसी कार्यालय बिलासपुर में ई-डिस्पैच मॉड्यूल पर प्रशिक्षण आयोजित
बिलासपुर, 10 मार्च-जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा कार्यालयी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित तथा कागजरहित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत ई-डिस्पैच मॉड्यूल पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का प्रातःकालीन सत्र अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें उपायुक्त कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने भाग लिया। वहीं दोपहर का सत्र सहायक आयुक्त राज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ई-डिस्पैच मॉड्यूल के माध्यम से सरकारी डाक तथा आधिकारिक पत्राचार को डिजिटल माध्यम से भेजने और प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि ई-डिस्पैच मॉड्यूल के माध्यम से कार्यालयों के बीच डाक का आदान-प्रदान डिजिटल रूप में किया जा सकेगा, जिससे कार्यप्रणाली अधिक त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। साथ ही इससे कागज के उपयोग में कमी आएगी तथा सरकारी कार्यों के निष्पादन में समय की बचत भी होगी।
यह प्रशिक्षण ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर बिलासपुर अखिल कुमार द्वारा उपायुक्त कार्यालय, उपमंडलाधिकारी कार्यालयों तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को विस्तार से प्रदान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ई-डिस्पैच मॉड्यूल के लागू होने से जिला स्तर से लेकर फील्ड कार्यालयों तक सरकारी डाक के आदान-प्रदान में लगने वाला समय कम होगा तथा पारंपरिक डाक व्यवस्था पर होने वाला व्यय भी घटेगा।
उपायुक्त राहुल कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत ई-डिस्पैच मॉड्यूल को भी लागू किया जा रहा है, जिसे आने वाले समय में जिले के सभी कार्यालयों में विस्तार दिया जाएगा।
=========================================
हाईकोर्ट के आदेशों के बाद आरटीए बिलासपुर की 17 मार्च की बैठक स्थगित
बिलासपुर, 10 मार्च-निदेशालय परिवहन विभाग के आदेशानुसार जिला बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत प्राप्त नए स्टेज कैरिज रूट परमिट के आवेदनों पर विचार करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) बिलासपुर की बैठक 17 मार्च 2026 को आयोजित की जानी प्रस्तावित थी।
किन्तु हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा सिविल रिट याचिका संख्या CWP 2716/2026 जय माँ शुलूनी निजी बस संचालक बनाम हिमाचल सरकार एवं अन्य में 09 मार्च 2026 को पारित आदेशों की अनुपालना करते हुए यह निर्णय लिया गया है कि क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) बिलासपुर की उक्त बैठक को आगामी आदेश प्राप्त होने तक स्थगित किया जाता है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कुमार कौशल ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के दृष्टिगत फिलहाल बैठक को टाल दिया गया है और आगे के निर्देश प्राप्त होने के बाद ही अगली तिथि निर्धारित की जाएगी।
==============================================
हिमाचली युवाओं को विदेश में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर
संयुक्त अरब अमीरात में हैवी ड्राइवर की होगी भर्ती, 12 मार्च तक करें ऑनलाइन पंजीकरण
बिलासपुर, 10 मार्च: जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेश के युवाओं को विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार ने हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिकस विकास निगम (एच.पी.एस.ई.डी.सी.) को भर्ती के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारी वाहन चालक के पद भरे जा रहे है। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवदेनकर्ता गूगल फॉर्म लिंक https://forms.gle/N9MA5rp7F1PdTC499 पर अपना पंजीकरण कर सकते है।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए भारी वाहन चालक लाईसेंस के साथ फ्रेशर व अनुभवी दोनों आवेदन कर सकते है तथा आवदेक की आयु 24 से 45 वर्ष के…