सोलन-दिनांक 02.03.2026

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 मार्च को

जिला एवं सत्र न्यायालय सोलन परिसर एवं कण्डाघाट, अर्की, कसौली, नालागढ़ न्यायालय परिसर में 14 मार्च, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन की सचिव आकांक्षा डोगरा ने दी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निपटारा समझौता के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान आपराधिक कंपाउंडेबल अपराध, चेक बाऊंस मामले, वाहन चालान के मामले, धन वसूली के मामले इत्यादि का सुनवाई कर निपटारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना क्लेम के मामले, श्रम विवाद के मामले, बिजली और पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण के मामले, वेतन और भत्तों तथा सेवानिवृत्ति से संबधित मामलों की सुनवाई कर निपटारा होगा।
प्राधिकरण की सचिव ने कहा कि जो मामले अब तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं का भी लोक अदालत में निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में समय एवं धन की बचत होती है। न्यायालय शुल्क नहीं लगता और पुराने मुकदमे का न्यायालय शुल्क वापस हो जाता है। इसमें किसी पक्ष को सजा भी नही होती। उन्होंने कहा कि वाहन चालान के मामलों में वर्चुअल कोर्ट की साइट पर जाकर भी भुगतान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कोई भी इच्छुक व्यक्ति यदि अपने मामलों का निपटारा करवाना चाहता है तो 14 मार्च, 2026 से पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय सोलन व जिला के सभी न्यायालयों में सादे कागज पर आवेदन कर सकता है। जिस न्यायालय में मामला विचाराधीन है में भी इस सम्बन्ध में आवेदन किया जा सकता है।
आकांक्षा डोगरा ने कहा कि अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01792-220713 व टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

======================================

एचएमसीई-वैली लुधियाना में भरे जाएंगे टेक्निकल एसोसिएट के 25 पद
05 मार्च को ओबीसी भवन नगरोटा बगवां में साक्षात्कार

धर्मशाला, 02 मार्च : क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि एचएमसीई-वैली प्राइवेट लिमिटेड लुधियाना द्वारा पुरुष एवं महिला के 25 पद भरे जाने प्रस्तावित हैं। इन पदों हेतु सभी ट्रेड्स के लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो, आईटीआई तथा मैकेनिकल, आॅटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्राॅनिकस में डिप्लोमा रखी गई है तथा आयु 18 से 32 वर्ष तक रखी गई है। आवेदक की कम्पनी द्वारा रूपए 17 से 22 हजार रुपये प्रति माह वतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, रिहायशी प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 05 मार्च 2026 को ओबीसी भवन नगरोटा बगवां में प्रातः 10 बजे पहुंचकर उक्त कम्पनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इन साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।

==============================================

बेबी शो और फैशन शो में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सबका मन मोहा
सुजानपुर 02 मार्च। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग ने किड्स क्रैच प्ले वे हाउस सुजानपुर के सहयोग से बेबी शो आयोजित किया। इसमें अलग-अलग श्रेणियों के 68 बच्चों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। एक वर्ष तक के आयु वर्ग में तारिणी ठाकुर ने पहला, वेदांश ठाकुर ने दूसरा, यशवर्द्धन सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। एक से तीन वर्ष तक के आयु वर्ग में शिवन्या ने पहला, शिवेन ने दूसरा और ताशिया कश्यप ने तीसरा स्थान हासिल किया। तीन से पांच वर्ष तक के आयु वर्ग में अनाया शर्मा प्रथम, शिवेन द्वितीय और ध्रुविश दीक्षित तृतीय रहा। फैशन शो में एकांश चौहान प्रथम, कियांश जयसवाल द्वितीय और अन्वी कौंडल तृतीय रही। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री, एसडीएम विकास शुक्ला, बीएमओ डॉ. राजकुमार, सीडीपीओ कुलदीप सिंह चौहान, डॉ. स्वाति, डॉ. दीक्षा और अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।

========================================

5 मार्च को मनवीं में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

हमीरपुर 02 मार्च। आयुष अधिकारी डा. राजेश कालिया ने बताया विभाग की ओर से 5 मार्च को आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं में निःशुल्क बहु विशेषज्ञ चिकित्सीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भोरंज क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार, मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि इस शिविर में आयुर्वेद पद्धती के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे और आवश्यक परामर्श देंगे व मरीजों का निःशुल्क रक्त परीक्षण भी किया जाएगा और इस दौरान निःशुल्क दवाइयाँ भी वितरित की जाएंगी। उन्होंने बताया की विभाग का उद्देश्य लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धती से जोड़ना है। डा. राजेश कालिया ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।