सफलता की कहानी-रिटायर्ड टीचर शीला देवी ने प्राकृतिक खेती से उगाया कई क्विंटल आलू
हमीरपुर 26 फरवरी। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विशेष प्रयासों के परिणामस्वरूप कई किसान रासायनिक खाद और जहरीले कीटनाशकों को छोड़कर अपने खेतों में केवल गोबर या घर में ही तैयार की जाने वाली सामग्री का उपयोग करके न केवल अपने लिए सुरक्षित खाद्यान्न पैदा कर रहे हैं, बल्कि अपनी आय में भी अच्छी-खासी वृद्धि कर रहे हैं।
भोरंज उपमंडल की ग्राम पंचायत भुक्कड़ के गांव बैरी ब्राहम्णा की एक रिटायर्ड टीचर शीला देवी और उनके परिजनों ने कुछ ऐसा ही करके दिखाया है। शीला देवी और उनका परिवार अपनी जमीन पर पारंपरिक रूप से गेहूं, मक्की और धान की खेती ही कर रहा था। इससे उन्हें बहुत कम पैदावार हो रही थी। रासायनिक खाद के प्रयोग से उनका खर्चा भी ज्यादा हो रहा था।
इसको देखते हुए शीला देवी ने प्राकृतिक विधि से आलू की खेती करने का निर्णय लिया। पहली बार उन्होंने 5 किलोग्राम आलू बीजा। उन्होंने केवल गोबर की खाद का इस्तेमाल किया और इससे उन्हें लगभग साढे चार क्विंटल पैदावार हुई। इससे उत्साहित होकर शीला देवी ने बड़े पैमाने पर आलू की खेती करने का निर्णय लिया और इसके लिए कुछ श्रमिक भी काम पर रख लिए।
पिछले सीजन में ही उन्हें एक लगभग एक बीघा जमीन से ही कई क्विंटल आलू की पैदावार हुई। शीला देवी ने बताया कि उन्होंने अपने खेतों में किसी भी तरह की रासायनिक खाद या कीटनाशक का प्रयोग नहीं किया तथा सिंचाई की सुविधा के बगैर ही अच्छी पैदावार हासिल की।
शीला देवी का कहना है कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है जोकि बहुत ही सराहनीय है। इस खेती के माध्यम से जहां हमें सुरक्षित खाद्यान्न मिलते हैं, वहीं खेती पर ज्यादा खर्चा भी नहीं होता है। इस तरह की खेती में किसान का फायदा ही फायदा है।
उन्होंने बताया कि पहले उनके इलाके में आलू की खेती नहीं होती थी, लेकिन उनके परिवार की कामयाबी को देखते हुए गांव के अन्य किसान भी इस तरह की खेती के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
-----
प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को कर रही है प्रोत्साहित
प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित कर रही है। प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की, गेहूं और हल्दी के लिए प्रदेश सरकार ने अलग से उच्च दाम निर्धारित किए हैं। प्रदेश सरकार इस विधि से उगाई गई मक्की को 40 रुपये प्रति किलोग्राम, गेहूं को 60 रुपये और कच्ची हल्दी को 90 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद रही है।
==================================================
कंजयाण के कालेज में लगाया रक्तदान शिविर, 48 लोगों ने किया रक्तदानरैडक्रॉस सोसाइटी ने रैड रिबन क्लब और एनसीसी इकाई के सहयोग से किया आयोजनभोरंज 26 फरवरी। रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई ने वीरवार को राजकीय डिग्री कालेज कंजयाण में रक्तदान शिविर आयोजित किया। कालेज के रैड रिबन क्लब और एनसीसी इकाई तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का शुभारंभ करते हुए एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा ने कहा कि रक्तदान न केवल एक महान दान है, बल्कि यह मानवता की सेवा का सर्वाेत्तम माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में जागरुकता फैलाने के साथ-साथ युवाओं में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को भी मजबूत करते हैं। शशिपाल शर्मा ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों सहित स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया गया तथा सभी आवश्यक मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न की गई।शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और इस सराहनीय योगदान के लिए उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए रैडक्रॉस सोसाइटी, चिकित्सा दल तथा सभी स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
=========================================
बच्चों को दें बुजुर्गों के सम्मान एवं सेवा के संस्कार : एसडीएम
जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय ने इंटर-जनरेशनल संबंधों पर आयोजित की संगोष्ठी
विभागीय अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी, बुजुर्गों ने भी कई अनुभव साझा किए
हमीरपुर 26 फरवरी। वरिष्ठ नागरिकों के साथ इंटर-जनरेशनल संबंधों को सुदृढ़ करने तथा इनसे संबंधित विभिन्न समस्याओं के बारे में सीधा संवाद करने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वीरवार को यहां जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय के सम्मेलन हॉल में एक संगोष्ठी आयोजित की, जिसमें शहर के वरिष्ठ नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने भाग लिया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम संजीत सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान देने और उनकी सही देखभाल करने के संस्कार बचपन से ही दिए जाने चाहिए। तभी हमारे परिवार और समाज में इंटर-जनरेशनल संबंध सुदृढ़ होंगे तथा वरिष्ठ नागरिक सुखी एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का बहुत लंबा अनुभव होता है, जिससे परिवार की दूसरी और तीसरी पीढ़ी काफी कुछ सीख सकती है। इसलिए, बुजुर्गों के साथ प्रतिदिन कुछ न कुछ समय अवश्य बिताना चाहिए। संगोष्ठी में एएसपी राजेश कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को साईबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अधिकारियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा युवाओं का स्वागत किया तथा अंतर-पीढ़ीगत संबंधों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न शारीरिक समस्याओं तथा इनके निदान के बारे में बताया। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी वरिष्ठ नागरिकों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कई सेवानिवृत्त अधिकारियों, अन्य वरिष्ठ नागरिकों और आईटीआई के प्रशिक्षणार्थियों ने भी अपने विचार रखे।
==========================================
महिला उद्यमियों को दी वित्त पोषण एवं नेटवर्किंग की जानकारी
उद्योग विभाग ने रंगस में आयोजित किया वित्त पोषण एवं नेटवर्किंग बैठक तथा उद्यमिता जागरुकता कार्यक्रम
हमीरपुर 26 फरवरी। उद्योग विभाग और जिला उद्योग केंद्र हमीरपुर ने वीरवार को रंगस में महिला उद्यमियों के लिए वित्त पोषण एवं नेटवर्किंग बैठक तथा उद्यमिता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। निटकॉन लिमिटेड के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर की लगभग 64 महिला उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक रीता देवी ने की। इसका मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान करना, विभिन्न सरकारी योजनाओं से अवगत करवाना तथा उन्हें उपयुक्त बाजार एवं विपणन प्लेटफॉर्म से जोड़ने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना था।
यह कार्यक्रम उद्योग विभाग की रैम्प परियोजना के घटक ‘सामाजिक समावेशन’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों की वित्तीय पहुंच को सुदृढ़ करना, उन्हें सरकारी योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ना तथा स्थायी आजीविका एवं बाजार संपर्क सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त, व्यावहारिक एवं सार्थक पहल की गई। इस वित्त पोषण एवं नेटवर्किंग बैठक एवं उद्यमिता जागरुकता कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, विभिन्न सरकारी अनुदान एवं प्रोत्साहन योजनाओं, बीमा योजनाओं, उद्यम पंजीकरण तथा डिजिटल एवं ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रियाओं से संबंधित विस्तृत, व्यवहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। सफल महिला उद्यमी अनीता देवी और रीना चंदेल ने भी कार्यक्रम के दौरान अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
कार्यक्रम में रैम्प परियोजना के वरिष्ठ प्रबंधक अश्विनी कुमार, प्रबंधक नवीन कुमार, सीनियर एग्जीक्यूटिव प्रिया, एग्जीक्यूटिव राघव सिंह राणा, उद्योग विभाग के ईओ नादौन मंदीप कुमार, ईओ हमीरपुर निकिता सोनी, ईओ सुजानपुर सुमन कुमार, पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान हमीरपुर के निदेशक अजय कुमार कतना, जिला अग्रणी प्रबंधक कार्यालय हमीरपुर के अधिकारी अनिल कुमार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की अधिकारी पूजा तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अधिकारी अभिषेक भी उपस्थित रहे।
====================================================
सॉफ्टवेयर की अपडेशन के कारण 3 मार्च तक बंद रहेंगी विद्युत कार्यालयों की कुछ सेवाएं
हमीरपुर 26 फरवरी। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के सहायक अभियंता सौरभ राय ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड 27 फरवरी से 3 मार्च तक अपने सॉफ्टवेयर सिस्टम को अपग्रेड करवा रही है। इसलिए, उक्त अवधि के दौरान बिजली बिलों का ऑनलाइन भुगतान, उपभोक्ता पोर्टल व मोबाइल ऐप सेवाएं, बिलिंग, कलेक्शन एवं शिकायत निवारण (सीआरएम) की सेवाएं बंद रहेंगी।
सहायक अभियंता ने बताया कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए सॉफ्टवेयर सिस्टम को अपग्रेड किया जा रहा है। बिजली की आपूर्ति से इसका कोई संबंध नहीं है। इसलिए, उक्त अवधि के दौरान बिजली की आपूर्ति सुचारू रहेगी।
=========================================
धर्मशाला डाक मंडल ने अखिल भारतीय आईपीपीबी बैंक थलाईवा लीग अभियान में किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
धर्मशाला, 26 फरवरी: भारतीय डाक विभाग आईपीपीबी बैंक द्वारा मर्चेंट क्यूआर कार्ड लगाने एवं उन्हें सक्रिय कराने को लेकर एक नवम्बर 2024 से 31 मार्च 2025 तक चलाए गए अखिल भारतीय थलाईवा लीग अभियान में धर्मशाला डाक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर करते हुए हिमाचल प्रदेश परिमंडल में अपना परचम लहराया है। इस प्रतियोगिता के तहत हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल के घोषित कुल 03 मुख्य पुरस्कारों में से 02 एलईडी टीवी अकेले धर्मशाला डाक मंडल ने अपने नाम किए हैं।
अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान धर्मशाला मंडल के कर्मचारियों ने अथक प्रयास करते हुए रिकॉर्ड संख्या में व्यापारियों के पास मर्चेंट क्यूआर कार्ड स्थापित किए। केवल कार्ड इंस्टॉल करना ही नहीं, बल्कि उन्हें सक्रिय बनाने में भी धर्मशाला मंडल पूरे परिमंडल में अव्वल रहा।
इस अवसर पर मंडलीय कार्यालय धर्मशाला में आज पुरस्कार वितरण कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें रविंदर कुमार शर्मा अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल ने विजय कुमार विपणन कार्यकारी मंडलीय कार्यालय धर्मशाला को पुरस्कार प्रदान किया।
इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रविंद्र कुमार शर्मा अधीक्षक डाकघर ने कहा कि यह जीत हमारे फील्ड स्टाफ और डाककर्मियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हमारा लक्ष्य डिजिटल इंडिया अभियान को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाना है। व्यापारियों को डिजिटल भुगतान से जोड़कर हमने न केवल प्रतियोगिता जीती है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को आधुनिक बनाने में भी योगदान दिया है। इस उपलब्धि से न केवल धर्मशाला डाक मंडल का मान बढ़ा है, बल्कि विभाग में नई ऊर्जा का संचार भी हुआ है। विभाग भविष्य में भी इसी तरह की डिजिटल सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर अभिषेक प्रबंधक आईपीपीबी बैंक धर्मशाला शाखा, गगन सहायक अधीक्षक पर्यटन और अश्वनी पठानिया निरीक्षक डाकघर भी उपस्थित रहे।
===================================================
सोलन दिनांक 26.02.2026आर.ए.एम.पी विषय पर कार्यशाला आयोजितउद्योग विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा गत दिवस सोलन ज़िला के धर्मपुर में ‘सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग के प्रदर्शन को बढ़ावा देना और गति लाना (आर.ए.एम.पी) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला की अध्यक्षता उद्योग विभाग के महाप्रबंधक सुरेन्द्र ठाकुर ने की।सुरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को स्मार्ट सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं जैसे डिजिटल परिवर्तन, क्षमता निर्माण, क्लस्टर विकास, हरित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग पहल और सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है।कार्यशाला में प्रतिभागियों को अवगत करवाया गया कि इन पहलों के माध्यम से उद्योगों की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, और दीर्घकालिक स्थिरता को बढ़ाया जा सकता है।डिजिटल परिवर्तन विशेषज्ञ सुखप्रीत सिंह ने इस अवसर पर डिजिटल परिवर्तन, कृत्रिम मेधा (ए.आई.), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आई.ओ.टी.), मशीन लर्निंग (एम.एल.), स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, क्लाउड कम्प्यूटिंग सहित अन्य विषयों पर जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम में अवगत करवाया गया कि ओपन मार्केट एक्सेस पाने के लिए एम.एस.एम.ई. टीम इनिशीटिव के पोर्टल https://team.msmemart.com/msme-registration-eligibility पर पंजीकरण कर सकते है।कार्यशाला में फार्मा, प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग, इलेक्ट्रिकल, टेक्सटाइल, फूड एंड बेवरेज व असेम्ब्ली उद्योग के 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
===================================================
सोलन दिनांक 26.02.2026
सामुदायिक मध्यस्थ के लिए करें आवेदन
न्यायालयों में लम्बित मामलों को मध्यस्थता, सुलह एवं आपसी सहमति से निपटाने के लिए एक विशेष अभियान आरम्भ किया गया है। यह जानकारी ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आकांक्षा डोगरा ने दी।
आकांक्षा डोगरा ने कहा मध्यस्थता राष्ट्र के लिए 2.0 अभियान के तहत विभिन्न मामलों के निपटारे के लिए ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण विशेषज्ञ सामुदायिक मध्यस्थों की नियुक्ति कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह विशेषज्ञ सोलन के न्यायालयों में लम्बित विभिन्न मामलों के निपटारे में मध्यस्थ की भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि इससे दोनों पक्षों के समय और धन की बचत होगी। उन्होंने कहा कि सोलन में मध्यस्थता के लिए विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया जाएगा। इस पैनल में राजस्व विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी, बैंकों और बीमा कम्पनियों के सेवानिवृत्त अधिकारी, अधिवक्ता तथा अन्य कई परामर्शदाता शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि कोई सेवानिवृत्त अधिकारी, अधिवक्ता या अन्य परामर्शदाता सामुदायिक मध्यस्थ बनना चाहता है तो वह तीन दिनों के भीतर ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के सोलन कार्यालय व उपमण्डलीय विधिक सेवा समितियों नालागढ़, कण्डाघाट, अर्की, कसौली के कार्यालय में आवेदन कर सकते है।
आकांक्षा डोगरा ने कहा कि आवेदन पत्र के साथ अपना बायोडाटा, सम्बन्धित क्षेत्र में अनुभव तथा अन्य आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज़ अवश्य संलग्न करें।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-220713 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
=========================================
सोलन दिनांक 26.02.2026
निःशुल्क नेत्र जांच व रक्तदान शिविर प्रथम मार्च को
सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत सोलन के नया बस अड्डा में प्रथम मार्च, 2026 को प्रातः 11.00 बजे निःशुल्क नेत्र जांच व रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन कविता ठाकुर ने दी।
कविता ठाकुर ने कहा कि यह शिविर सार्वजनिक परिवहन के सभी वाहन चालक, परिचालक व हेल्पर के लिए आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी वाहन चालकों, परिचालकों व हेल्पर से आग्रह किया कि वह इस निःशुल्क शिविर में पहुंचकर नेत्र जांच करवाएं तथा रक्तदान करें।