चंबा, (चुवाड़ी) 24 फरवरी -विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज राजकीय महाविद्यालय सिहुन्ता के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया तथा वर्ष भर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार भी प्रदान किए।
कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भटियात क्षेत्र को शिक्षा हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए उच्च गुणवत्ता वाली शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के लिए चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित स्किल यूनिवर्सिटी सिहुन्ता में खुलेगी तथा जिला चंबा के विभिन्न उपमंडलों में भूमि की उपलब्धता पर इसके विस्तार केंद्र खोले जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने राजकीय महाविद्यालय सिहुन्ता में विज्ञान संकाय प्रारंभ करने तथा संगीत विभाग के अंतर्गत सह आचार्य- गायन के पद को निकट भविष्य में भरने का आश्वासन दिया।
साथ में उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय का अगला वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह महाविद्यालय के अपने भवन में आयोजित होगा।
कुलदीप सिंह पठानिया ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि विकासात्मक योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुदृढ़ योजना पर आधारित होता है। स्पष्ट रणनीति, सही दिशा और साफ़ नीयत से किए गए प्रयास सदैव सकारात्मक परिणाम देते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि एक जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह स्वयं लोगों की आवश्यकताओं को समझे। राजनीति केवल वादों तक सीमित नहीं होनी चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति प्रदान की गई है। पूर्व में जो कार्य अपेक्षाकृत अधिक समय लेते थे उन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जा रहा है।
इनके अब सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।
कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रस्तावित उच्च मार्ग द्रमण–सिहुन्ता–लाहडू–चंबा–
तीसा–किलाड़ के क्षेत्रीय एवं सामरिक महत्व को देखते हुए कहा कि इसकी स्वीकृति के लिए आवश्यकता पड़ने पर वे प्रधानमंत्री से भी भेंट करेंगे।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि ग्राम पंचायत सिहुन्ता तथा इसके आसपास की ककरोटी, मोतला, कामला, गरनोटा तथा रजैं इत्यादि ग्राम पंचायतों में गत तीन वर्षों के दौरान संपर्क मार्गों तथा विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं पर 204 करोड़ 53 लाख की धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। परियोजनाओं का अधिकांश कार्य पूर्ण भी कर लिया गया है । इनमें द्रमण–सिहुन्ता–लाहडू डबल लेन सड़क मार्ग तथा राजकीय महाविद्यालय सिहुन्ता का परिसर भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि सम्पर्क मार्ग सुखीयार-बग्गा की सभी विभागीय औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है तथा निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। सम्पर्क मार्ग देहर खडड - कलयाणा का कार्य प्रगति पर है।
इसी तरह सम्पर्क मार्ग गांव गोरत सम्पर्क मार्ग भुल्तर से बासा तथा सम्पर्क मार्ग गांव भडैला का सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करने के पश्चात विभागीय औपचारिकताओं को पूर्ण किया जा रहा है।
कुलदीप सिंह पठानिया का इससे पहले समारोह में पधारने पर महाविद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय लोगों द्वारा गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया ।
विधानसभा अध्यक्ष ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए 31 हजार की धनराशि देने की घोषणा की।
उन्होंने उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए बीए प्रथम वर्ष के आदित्य भारद्वाज और पलक को11-11 हजार रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की।
प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने इस दौरान आकर्षक पहाड़ी, हिंदी, पंजाबी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समां बांधा।
सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद चेला, उप मंडल दंडाधिकारी मनीष सोनी , वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार,अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नरेन्द्र चौधरी, विद्युत पंकज राठौर, जल शक्ति राकेश ठाकुर सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक तथा स्थानीय गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे ।