घुमारवीं (बिलासपुर), 01 फरवरी: 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की अंडर-19 (छात्रा) हैंडबॉल प्रतियोगिता का आज घुमारवीं स्थित पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में भव्य आगाज हुआ। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता का झंडा फहराया तथा देश भर से भाग लेने पहुंची 30 टीमों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने इस अवसर पर छात्रा खिलाड़ियों को खेल शपथ भी दिलाई तथा इस 5 दिवसीय राष्ट्रीय हैंडबाॅल प्रतियोगिता के शुभारंभ की विधिवत घोषणा भी की।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में घुमारवीं में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो पाया है, जो इस क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 10 वर्षों के अंतराल के बाद राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का पुनः आयोजन हुआ है, जिनमें घुमारवीं में अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता का यह तीसरा आयोजन है। इससे पूर्व ऐसे दो आयोजन जिला सिरमौर के पांवटा साहिब तथा जिला सोलन के नालागढ़ में सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं।
उन्होंने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्रा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जब देश की बेटियां सशक्त और मजबूत होंगी, तभी हमारा देश प्रगति के शिखर पर पहुंचेगा। महिला सशक्तिकरण को सुदृढ़ किए बिना एक मजबूत राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने व्यावहारिक तौर पर एक ऐसे समाज निर्माण पर भी जोर दिया जिसमें बेटा-बेटी कोई भेदभाव न हो तथा बेटियों को समाज के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के भरपूर अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से समाज की इस परिकल्पना को न केवल बल मिलता है बल्कि बेटियां मानसिक व शारीरिक तौर पर सशक्त होती हैं तथा आत्मविश्वास की भावना में वृद्धि होती है।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। खेल का मैदान बच्चों को वह जीवन कौशल सिखाता है, जो कक्षा की चारदीवारी में संभव नहीं हो पाता है। खेलों से टीम भावना का विकास होता है, आपसी सहयोग बढ़ता है और भावनात्मक संबंध सुदृढ़ होते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि खेलों के बिना हमारी शिक्षा अधूरी है, इसलिए शिक्षा में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि प्रत्येक बच्चा खेल के मैदान तक पहुंचे और किसी न किसी खेल से अवश्य जुड़े।
राजेश धर्माणी ने राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे जहां राष्ट्रीय एकता की भावना को बल मिलता है तो वहीं खिलाड़ी एक-दूसरे की संस्कृति और भाषा को जानने-समझने का अवसर प्राप्त करते हैं। खेलों के माध्यम से आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को भी मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर उन्होंने हैंडबॉल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच स्नेह लता का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश की अनेक बच्चियों का जीवन खेलों के माध्यम से बदला है। वह अब तक लगभग 200 से अधिक छात्रा एवं महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर चुकी हैं तथा लगभग 80 खिलाड़ियों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के माध्यम से ब्रांड हिमाचल को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। मेहमान खिलाड़ियों को प्रदेश की समृद्ध लोक कला, संस्कृति एवं खान-पान से भी रू-ब-रू करवाया जा रहा है ताकि वह हिमाचल प्रदेश की मधुर स्मृतियों को अपने साथ संजोकर जाएं।
उन्होंने इस प्रतियोगिता के प्रथम मैच जो हिमाचल प्रदेश तथा नवोदय विद्यालय समिति के बीच खेला गया, उसका खेल मैदान में पहुंचकर विधिवत शुभारंभ करते हुए छात्रा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इससे पहले खेल आयोजन समिति की ओर से संतोष चैहान ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए इस राष्ट्रीय हैंडबाॅल प्रतियोगिता के आयोजन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि देश भर के 30 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों तथा विभिन्न शैक्षणिक संगठनों की 30 टीमों के लगभग 400 छात्रा खिलाड़ी तथा 85 टीम आफिशियल भाग ले रहे हैं।
देश के इन 30 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों तथा शैक्षिक संगठनों की टीमें ले रही हैं भाग
इस राष्ट्रीय अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता में आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, सीबीएसई, सीबीएसई वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, सीआईएससीई, डीएवी काॅलेज प्रबंधन समिति, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, आईपीएससी, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नवोदय विद्यालय समिति, ओडीशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, विद्या भारती, पश्चिम बंगाल तथा हिमाचल प्रदेश की टीमें भाग ले रही हंै।
इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी, पदम श्री हरिमन शर्मा, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, महिला आयोग सदस्य रीना पुंडीर, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, हिमुडा सदस्य जितेंद्र चंदेल, तृप्ता ठाकुर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजना धीमान, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा जे.सी. नेगी, गौरव शर्मा, प्रोमिला वसु, शालू रणौत, रीता सहगल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।