CHANDIGARH, 31,03.22-चंडीगढ़ में चल रहे हुनर हाट में "आज़ादी का अमृत महोत्सव" मनाने के क्रम में एक ख़ास पैवेलियन बनाया गया है जिसमें आज़ादी के महान नायकों की कहानियां शामिल हैं। "हिस्ट्री एंड हीरोज़" टैग लाइन के साथ बनाए गए पैवेलियन में आज़ादी की लड़ाई में महवपूर्ण भूमिका निभाने और शहादत देने वाले भारत माँ के वीर सपूतों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। हुनर हाट को देखने के लिए आने वाले लोग इस पैवेलियन को देखने में भी ज़बर्दस्त दिलचस्पी दिखा रहे हैं। ख़ास तौर पर युवा वर्ग यहाँ लगी स्क्रीन पर वीर सपूतों से जुड़ी जानकारी को देख रहे हैं।

चित्रों, तस्वीरों और ग्राफिक्स के ज़रिए आज़ादी के रणबांकुरों के संघर्ष की दास्तान बयान करते पैवेलियन में तीन स्टेचू भी लगाई गईं हैं। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस के अलावा सैनिक की स्टेचू के साथ लोग बड़ी संख्या में सेल्फ़ी लेते हैं। प्रेरित करने वाली शहीदों की कहानियां दर्शकों को बेहद पसंद आ रही हैं और लोग उपयोगी जानकारी हासिल कर रहे हैं। हुनर हाट में इस पैवेलियन को बनाने का मक़सद लोगों को आज़ादी से जुड़ी हिस्ट्री और हीरोज़ के बारे में जानकारी देना है।

हुनर हाट का आयोजन केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय करता है। चंडीगढ़ में हुनर हाट का 39वाँ संस्करण 25 मार्च को शुरू हुआ था जो 3 अप्रैल तक चलेगा। "क्राफ़्ट, क्यूज़ीन और कल्चर का संगम" टैग लाइन वाला हुनर हाट "वोकल फ़ॉर लोकल" और "आत्मनिर्भर भारत" अभियान को मज़बूत बनाने में लगातार अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रहा है और "एक भारत श्रेष्ठ भारत" की तस्वीर पेश कर रहा है।