सोलन -दिनांक 23.11.2026
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करें बैंक- मनमोहन शर्मा
ज़िला सलाहकार समीति की 185वीं त्रैमासिक एवं ज़िला स्तरीय समीक्षा तथा यूको आरसेटी की बैठक आयोजित
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने सोलन ज़िला में कार्यरत बैंकों को निर्देश दिए हैं कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों पर पात्रता अनुसार शीघ्र कार्यवाही की जाए ताकि युवा उद्यमी समय पर व्यवसाय आरम्भ कर अपनी एवं प्रदेश की आर्थिकी मज़बूत करने में योगदान दे सकें। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला के अग्रणी बैंक, यूको बैंक द्वारा आयोजित ज़िला सलाहकार समीति की 185वीं त्रैमासिक एवं ज़िला स्तरीय समीक्षा तथा यूको आरसेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंनेे कहा कि समय पर ऋण प्रदान कर लक्षित वर्गों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मज़बूत करने में बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मनमोहन शर्मा ने बैंक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि ज़िला के आमजन तक वित्तीय योजनाएं पंहुचाने के लिए सशक्त एवं प्रभावी प्रचार सुनिश्चित बनाया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग के छात्रों तक गुणात्मक शिक्षा पहुंचाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरम्भ की गई है। योजना के तहत अधिकतम 20 लाख रुपए तक शिक्षा ऋण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि पात्र विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर इस योजना के तहत ऋण उपलब्ध करवाया जाए ताकि विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित न रहें।
उपायुक्त ने कृषि तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बीमा तथा पशु बीमा करवाने के लिए किसानों को प्रेरित करें ताकि लाभार्थियों को समय पर इन योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर बैंक शाखाओं में कार्यरत बैंकिग प्रतिनिधियों का मोबाईल नम्बर व जानकारी पंचायत स्तर पर प्रदर्शित की जाए ताकि ग्रामीणों को समयबद्ध अपनी बैंक सम्बन्धी समस्याओं का समाधान मिल सके।
उपायुक्त ने यूको आरसेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि यूको आरसेटी को कृषि व्यवसाय से सम्बन्धित प्रशिक्षण कार्यक्रम आरम्भ करने की सम्भावनाएं तलाशनी चाहिएं। यूको ग्रामीण स्वरोज़गार प्रशिक्षण संस्थान (यूको आरसेटी) को विभिन्न विभागों से बेहतर समन्वय स्थापित कर पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण शिविर तथा किसान क्रेडिट कार्ड के लिए मेलों का आयोजन समय-समय पर करते रहना चाहिए।
बैठक में ज़िला के अग्रणी बैंक यूको बैंक की प्रबंधक तमन्ना मोदगिल ने अवगत करवाया कि ज़िला में 30 सितम्बर 2026 तक प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 3,81,435 लाभार्थियों, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 1,49,885 तथा अटल पेंशन योजना से 99,773 लाभार्थी जोड़े जा चुके हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सोलन ज़िला में 30 सितम्बर, 2026 तक मुद्रा श्रेणी के तहत 6462 लाभार्थियों को लगभग 174.39 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोज़गार मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-2027 तक विभिन्न बैंकों में पंजीकृत 1210 स्वयं सहायता समूहों को 24.26 करोड़ रुपए का ऋण उपलब्ध करवाया गया है।
बैठक में यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारिया ने जानकारी दी कि पिछली तिमाही में 10 विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 284 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
ज़िला परिषद अध्यक्ष शीला कुमारी, भारतीय रिज़र्व बैंक के अधिकारी, अग्रणी बैंक के ज़िला अधिकारी इबादत सिंह सेठी, नाबार्ड के ज़िला विकास प्रबंधक अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बैंकों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थेे।