उपायुक्त राहुल कुमार ने किया टिहरी अनार क्लस्टर का निरीक्षण
कहा... एचपी शिवा परियोजना से किसानों को अनार उत्पादन में मिली सफलता

बिलासपुर, 24 अक्तूबर: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शनिवार को एचपी शिवा परियोजना के तहत टिहरी क्षेत्र में विकसित अनार क्लस्टर का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उद्यान विभाग के उपनिदेशक जगदीश वर्मा भी उपस्थित रहे।
इस दौरान उपायुक्त ने बागवानों से बातचीत कर अनार उत्पादन, विपणन और किसानों को मिल रहे विभिन्न प्रोत्साहनों की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थी किसानों एवं बागवानों को बधाई देते हुए कहा कि शिवा परियोजना के तहत आज उनके क्लस्टर में उत्पादित अनार प्रदेश ही नहीं बल्कि प्रदेश के बाहर भी अच्छी मांग पर है तथा उन्हें अच्छे दाम प्राप्त हो रहे है। उन्होंने किसानों को भविष्य में भी शिवा परियोजना के सहयोग से निरंतर इस दिशा में आगे बढ़ने को प्रोत्साहित किया।
उपायुक्त ने कहा कि बागवानी और फसल विविधीकरण किसानों की आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम हैं। किसान बाजार की मांग के अनुरूप लाभकारी फसलों का चयन करें तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएं, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके और वह आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि टिहरी क्लस्टर में 8.8 हेक्टेयर क्षेत्र में भगवा किस्म के अनार की खेती की जा रही है। इस क्लस्टर से 44 बागवान जुड़े हैं। वर्ष 2021 में यहां अनार के 2,263 पौधे लगाए गए, जबकि वर्ष 2022 में 6,602 पौधों का रोपण किया गया। बागवानों ने अब तक लगभग 22 मीट्रिक टन अनार का उत्पादन कर इसे 150 से 200 रूपए प्रति किलोग्राम की दर से बेचा है। इससे किसानों को बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त हुआ है और बागवानी के माध्यम से आय बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
उन्होंने बताया कि एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत उद्यान विभाग द्वारा बागवानों को सिंचाई सुविधा, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, खेतों की बाड़बंदी तथा उन्नत किस्म के अनार के पौधे उपलब्ध करवाए गए हैं। इन सुविधाओं से किसानों को वैज्ञानिक तरीके से बागवानी करने, पानी का बेहतर उपयोग करने और फसल की गुणवत्ता बनाए रखने में सहायता मिल रही है।
-000-