डलहौजी/चंबा 24 अक्टूबर 2026,शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज डलहौजी स्थित सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 125वें वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने संस्थान की 125 वर्षों की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।

शिक्षा मंत्री ने समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों पूर्व विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में वर्ष 2021 के 21वें स्थान से उल्लेखनीय सुधार करते हुए वर्ष 2025 में पांचवें स्थान पर पहुंचा है। प्रदेश ने 99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षरता का गौरव भी प्राप्त किया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक स्तर की शैक्षणिक व्यवस्थाओं से परिचित करवाने के लिए विदेश शैक्षणिक भ्रमण के अवसर भी दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने निराश्रित बच्चों को बेहतर भविष्य प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना शुरू की है, जिसके माध्यम से ऐसे बच्चों की शिक्षा, देखभाल और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
इन प्रयासों का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अवसर और उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक मंच उपलब्ध करवाना है।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, अपनी प्रतिभा को निखारने और चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान अर्जित करने के साथ अच्छे संस्कार विकसित करना और समाज व प्रदेश के विकास में योगदान देना है।
विद्यालय के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि 20 फरवरी, 1901 को पांच विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ यह संस्थान आज करीब 950 विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है। इसकी यात्रा संस्थान के दृढ़ संकल्प और समर्पण का प्रतीक है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों, पूर्व विद्यार्थियों और विद्यार्थियों को 125वें वार्षिक समारोह की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान पूर्व मंत्री आशा कुमारी, सेना एवं भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व आईएएस अधिकारी किरण चड्ढा, उपमंडलाधिकारी अनिल भारद्वाज, भरमौर के उपमंडलाधिकारी अजय कुमार सिंह, डीएसपी मयंक शर्मा, अधीक्षण अभियंता (विद्युत) राजीव ठाकुर, डीएफओ डॉ. कुलदीप जमवाल, उप निदेशक (उच्च शिक्षा) विकास महाजन पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर, दिल्ली प्रांत की प्रांतीय सुपीरियर सिस्टर लूसी इमैनुएल, जालंधर धर्मप्रांत के पादरी फादर जोस सेबेस्टियन, प्रधानाचार्य सिस्टर मौली चेरियन, नगर परिषद अध्यक्ष वंदना चड्ढा, पूर्व अध्यक्ष मनोज चड्ढा, डलहौजी पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष डॉ. कैप्टन जी.एस. ढिल्लों, अभिभावक तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।