चंडीगढ़, 5 जून, 2025: हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों, पर्यावरण प्रेमियों और सभी हितधारकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष की थीम "प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं" के अनुरूप, उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की महत्ता पर जोर दिया।
राज्यपाल ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज की सबसे गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक है, जो मानव स्वास्थ्य, जैव विविधता और जलवायु पर विपरीत प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने नागरिकों, संगठनों और उद्योगों से सिंगल यूज प्लास्टिक को कम करने, अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का आह्वान किया।
श्री दत्तात्रेय ने हरियाणा में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत कार्यकर्ताओं, नागरिक निकायों, स्कूलों और गैर-सरकारी संगठनों की सराहना की। उन्होंने कहा, "विश्व पर्यावरण दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद करने का अवसर है।" उन्होंने स्थायी जीवनशैली और हरित पहलों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने वाली नीतियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और युवाओं से हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से हम प्लास्टिक प्रदूषण को कम कर एक स्वच्छ, हरित हरियाणा का निर्माण कर सकते हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की थीम पर आधारित एक कला चित्र का अनावरण भी किया। यह चित्र पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त श्री हरप्रीत संधू द्वारा विशेष रूप से तैयार किया गया है। विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व को रेखांकित करने और समाज में एकजुट होकर सकारात्मक पर्यावरणीय बदलाव के लिए संदेश फैलाने के उद्देश्य से एक नेक योगदान है चित्र के अनावरण के दौरान पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त श्री वरिंदरजीत सिंह बिलिंग, श्री संदीप सिंह ढालीवाल और सुश्री पूजा गुप्ता भी हरियाणा राजभवन, चंडीगढ़ में उपस्थित रहे।