बिलासपुर, 28 नवम्बर: राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के उप प्रबंध निदेशक गोवर्धन सिंह रावत ने नाबार्ड, हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बिलासपुर जिले में विभिन्न विकासात्मक पहलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कैफे कामधेनु, नम्होल स्थित ग्रामीण गौरव रूरल मार्ट, छत पैक्स, भेड़ाघाट तथा बागछाल पुल का दौरा किया। अधिकारियों ने इन परियोजनाओं की कार्यप्रणाली, प्रगति और स्थानीय स्तर पर इनके प्रभाव का जायजा लिया।
नाबार्ड के सहयोग से संचालित ग्रामीण गौरव रूरल मार्ट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह रूरल मार्ट स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा अन्य ग्रामीण उत्पादकों को उनके उत्पादों के विपणन के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध करवा रहा है, जिससे ग्रामीण उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिल रहा है।
दौरे के दौरान नाबार्ड के अधिकारियों ने संबंधित कार्यान्वयन एजेंसियों, स्थानीय प्रतिनिधियों एवं लाभार्थियों से संवाद कर विभिन्न पहलों के क्रियान्वयन, उपलब्धियों और उनके सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने ग्रामीण विकास से जुड़ी इन पहलों के माध्यम से स्थानीय समुदायों को मिल रहे लाभों का भी आकलन किया।