शिक्षा ऋण के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में लगाए कैंप : गंधर्वा राठौड़
जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश
हमीरपुर 26 नवंबर। जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को यहां हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक की उपलब्धियों एवं निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों से कहा कि वे आम लोगों को अधिक से अधिक ऋण आवंटित करें और सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण आवंटन में देरी न करें। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना डॉ. वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना से अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरुकता शिविर लगाएं और अन्य माध्यमों से भी इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण प्राप्त करने के लिए अब अधिकतम वार्षिक आय की सीमा बढ़ाकर अब 12 लाख रुपये कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही की समाप्ति तक जिला में सभी बैंकों की कुल जमा राशि 18,813.8 करोड़ रुपये रही। जबकि, ऋण आवंटन की राशि 4585.20 करोड़ रुपये रही। जिला का ऋण-जमा अनुपात यानि सीडी रेशो 24.37 प्रतिशत रही। सभी बैंक अधिकारी इस वित्त वर्ष की समाप्ति तक सीडी रेशो को 30 प्रतिशत तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में 48,250 किसान क्रेडिट कार्ड धारकों में से 34,149 को रूपे कार्ड जारी किए जा चुके हैं। संबंधित बैंक शेष बचे केसीसी धारकों को भी रूपे कार्ड प्रदान करें। एनआरएलएम के अंतर्गत जिला के 590 स्वयं सहायता समूहों को 8.87 करोड़ रुपये से अधिक ऋण दिए जा चुके हैं।
बैठक में पीएम स्वनिधि, पीएमईजीपी, मुद्रा ऋण और एससीएसटी निगम से संबंधित योजनाओं, जिले के दूरदराज क्षेत्रों में बैंक की शाखाएं एवं एटीएम खोलने, स्वास्थ्य बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने विभिन्न योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के एलबीओ राहुल जोशी ने बैंक के विभिन्न दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया। पीएनबी आरसेटी के निदेशक अजय कतना संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
=============================================
डीसी ने की प्रदेश सरकार के 4 वर्ष के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
हमीरपुर 26 नवंबर। प्रदेश सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर 11 दिसंबर को सुजानपुर के चौगान में आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय समारोह के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां हमीर भवन में जिला और उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके इन तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों एवं अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं।
उपायुक्त ने बताया कि इस समारोह में प्रदेश के सभी बारह जिलों से हजारों लोग भाग लेंगे। इसलिए, आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंधों के अलावा आस-पास के क्षेत्रों में भी हजारों लोगों की आवाजाही एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने होंगे।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वाहनों की आवाजाही के रूट, यातायात और पार्किंग इत्यादि की व्यवस्था के लिए विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे के अधिकारी सुजानपुर की ओर जाने वाली सभी सड़कों की मरम्मत करवाएं। आयोजन स्थल पर पेयजल, सफाई और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था के लिए जल शक्ति विभाग तथा स्थानीय नगर परिषद त्वरित कदम उठाएं। इनमें किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। मंच एवं गेट निर्माण, दर्शक दीर्घा में अलग-अलग ब्लॉक बनाने, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रबंधों को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
जिले के सभी उपमंडलों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को समारोह स्थल तक पहुंचाने और अन्य जिलों से आने वाले लोगों को अलग-अलग स्थानों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी उपायुक्त ने सभी एसडीएम को पर्याप्त प्रबंध करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसी टू डीसी संजीत सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
================================================
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने किया दूरदराज की पंचायतों का दौरा
बमसन ब्लॉक की गवारडू पंचायत में बुटीक प्रशिक्षण की प्रतिभागियों के साथ किया संवाद
बिझड़ी ब्लॉक की ननावां पंचायत में महिला स्वयं सहायता समूह के पौधारोपण अभियान का किया शुभारंभ
हमीरपुर 26 नवंबर। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को जिला की दूरदराज ग्राम पंचायतों का दौरा करके महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों के साथ संवाद किया तथा इन समूहों की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने विकास खंड बमसन (टौणी देवी) की ग्राम पंचायत गवारडू में महिलाओं के लिए चलाए जा रहे टेलरिंग एंड कटिंग और बुटीक के प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया तथा प्रतिभागी महिलाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में महिलाओं से महत्वपूर्ण फीडबैक भी लिया।
इसके बाद उपायुक्त ने विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत ननावां में जाकर महिला स्वयं सहायता समूह के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ भी किया। इस महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं विभिन्न किस्मों के औषधीय पौधे लगा रही हैं। इन पौधों में ब्रह्मी, सहजन, कैमोलिन और अन्य किस्मों के पौधे शामिल हैं। इस अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार, अन्य अधिकारी, औषधीय पौधों की नर्सरी तैयार करने वाले गोविंद सिंह और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं भी उपस्थित थीं।