रेशम उत्पादों में नवाचार एवं नए व्यवसाय अवसरों को लेकर सेरीकल्चर किसानों को किया प्रशिक्षित

रैंप कार्यक्रम के तहत घुमारवीं में एक दिवसीय प्रोडक्ट डिजाइन एवं डेवलपमेंट प्रशिक्षण आयोजित
बिलासपुर, 26 नवंबर: उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा रैंप कार्यक्रम के अंतर्गत आज घुमारवीं में सेरीकल्चर (रेशम उत्पादन) से जुड़े किसानों के लिए एक दिवसीय प्रोडक्ट डिजाइन एवं डेवलपमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य रेशम उत्पादों में नवाचार को बढ़ावा देना, किसानों को बाजार की मांग के अनुरूप नए उत्पाद विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके लिए स्वरोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर सृजित करना रहा।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में प्रशिक्षक डॉ. अमित कुमार ने प्रतिभागियों को जिला बिलासपुर में रेशम से संबंधित विभिन्न नए उत्पादों के निर्माण की संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेशम से ऐसे अनेक आकर्षक एवं उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं, जिनका निर्माण अभी तक स्थानीय स्तर पर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने उत्पाद विकास एवं नवाचार के माध्यम से नए व्यवसाय शुरू करने की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को रेशम आधारित नए उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दूसरे सत्र में डॉ. अमित कुमार ने उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, लागत निर्धारण (कॉस्टिंग) एवं उत्पादन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि किसी भी उत्पाद को बाजार में स्थापित करने और सफल व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए उसकी गुणवत्तापूर्ण तैयारी के साथ उचित ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग तथा सही लागत निर्धारण बेहद महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (उद्योग विभाग) ने भी प्रतिभागियों को व्यवसाय को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा अपने उद्यम को आगे बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं संबंधित विभागों के माध्यम से उपलब्ध करवाए जाने वाले सहयोग का लाभ उठाकर स्वरोजगार गतिविधियों को विस्तार देने के लिए भी प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 15 से 20 सेरीकल्चर किसानों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने रेशम आधारित उत्पादों के विकास, विपणन एवं व्यवसाय विस्तार से जुड़ी जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई।
================================

सोलन-दिनांक 26.11.2026
28 नवम्बर को विद्युत आपूर्ति बाधित

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लि. सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 नवम्बर, 2026 को आवश्यक रख-रखाव के दृष्टिगत सोलन के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त अधीक्षण अभियन्ता राहुल वर्मा ने दी।
उन्होंने कहा कि 28 नवम्बर, 2026 को प्रातः 10.00 बजे से दिन में 01.00 बजे तक मधुबन कॉलोनी, कोटलानाला, ऑफीसर्ज कॉलोनी, साहनी परिसर, ठोडो मैदान, लक्कड़ बाज़ार, राजगढ़ मार्ग, नगर निगम, डांग परिसर, सर्कुलर मार्ग, रेनॉल्ट शो रूम, जवाहर पार्क, शिवा अस्पताल, नवजीवन अस्पताल, जी- स्कवेयर मॉल, हरि मन्दिर, धोबी घाट तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने कहा कि खराब मौसम अथवा अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत उपरोक्त तिथि व समय में परिवर्तन किया जा सकता है।

====================================================

बिलासपुर और घुमारवीं में टीवीएस कंपनी के 130 नियमित पदों के लिए होंगे कैंपस इंटरव्यू
10वीं, 12वीं पास युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर, 14,300 रुपये मासिक वेतन के साथ मिलेंगी अन्य सुविधाएं

बिलासपुर, 26 नवंबर: जिला बिलासपुर के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मैसर्स टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड, नालागढ़ द्वारा 130 नियमित पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी द्वारा फ्लोर स्टाफ (स्पेयर पार्ट्स हैंडलिंग) के पदों को भरने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल ग्राम भाटियान, तहसील नालागढ़, जिला सोलन रहेगा।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं या इससे अधिक होनी चाहिए तथा आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 14,300 रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआईसी और ओवरटाइम की सुविधा भी मिलेगी। कंपनी की ओर से दो समय का मुफ्त भोजन, दो समय की चाय तथा आने-जाने के लिए मुफ्त बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती के लिए पहला कैंपस इंटरव्यू 30 नवंबर 2026 को उप-रोजगार कार्यालय घुमारवीं में तथा दूसरा कैंपस इंटरव्यू 1 दिसंबर 2026 को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा। दोनों स्थानों पर साक्षात्कार प्रातः 10 बजे से शुरू होंगे।
उन्होंने इच्छुक एवं पात्र युवाओं से निर्धारित तिथि को अपने सभी मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण पत्रों, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र (एक्स-10), आधार कार्ड, दसवीं कक्षा के प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा बायोडाटा (सीवी) की दो प्रतियों सहित साक्षात्कार में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 पर संपर्क कर सकते हैं।
====================================================

जिला परिषद की बैठक 15 दिसंबर को

मंडी, 26 नवंबर। जिला परिषद मंडी की त्रैमासिक बैठक 15 दिसंबर, 2026 को आयोजित की जा रही है। जिला परिषद के सचिव ने आज यहां बताया कि जिला परिषद के भ्यूली स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित होने वाली इस बैठक में गत बैठक की पुष्टि, गत आय-व्यय का अनुमोदन एवं अन्य मदों पर चर्चा की जाएगी।

=========================================

स्वास्थ्य खंड टौणी देवी में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 चलाया, चार चालान किए

हमीरपुर, 26 नवंबर 2026: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार
हमीरपुर के निर्देशानुसार स्वास्थ्य खंड टौणी देवी में खंड टास्क फोर्स
टीम द्वारा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 चलाया गया। यह अभियान खंड
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अवनीत की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। अभियान
के दौरान टौणी देवी के उटपुर और उहल क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया तथा
कोटपा अधिनियम की धारा 4 के तहत चार चालान किए गए।
इस अवसर पर खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अवनीत ने दुकानदारों एवं आम जनता
से तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों ने तंबाकू उत्पाद बेचने के लाइसेंस के
लिए निर्धारित फीस जमा करवा दी है, लेकिन अभी तक लाइसेंस प्राप्त नहीं
किया है, वे संबंधित पंचायत सचिव से संपर्क कर अपने लाइसेंस कार्ड का
सत्यापन करवाएं। जिन दुकानदारों के पास लाइसेंस उपलब्ध है, वे इसे अपनी
दुकान के सामने वाली दीवार पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।
उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे खुली सिगरेट की बिक्री न करें
और न ही तंबाकू उत्पादों को दुकान के सामने खुले तौर पर प्रदर्शित करें।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक दुकान पर निर्धारित आकार 60×30 सेंटीमीटर का
चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य है, जिस पर स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए
कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचे जाते हैं।
डॉ. अवनीत ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने
वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खुली सिगरेट बेचते हुए
पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत जुर्माना लगाया जा सकता है तथा
बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर अतिरिक्त दंडात्मक कार्रवाई का भी
प्रावधान है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन दुकानदारों ने शैक्षणिक संस्थानों के
100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने का लाइसेंस ले रखा है, वे अपना
लाइसेंस अतिशीघ्र संबंधित विभाग में जमा करवाएं।
अंत में उन्होंने सभी दुकानदारों एवं आम जनता से तंबाकू नियंत्रण कानूनों
का पालन करने, युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने तथा स्वस्थ एवं
तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग देने की अपील की।
===============================================
निजी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य, तीन माह के भीतर करें आवेदन

मंडी, 26 नवंबर। उपायुक्त मंडी के निर्देशों तथा प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचित हिमाचल प्रदेश निजी कोचिंग केंद्र (पंजीकरण एवं विनियमन) नियम, 2026 के तहत जिले में संचालित सभी निजी कोचिंग केंद्रों को निर्धारित अवधि के भीतर अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा।

उप निदेशक उच्च शिक्षा (माध्यमिक), मंडी यशवीर कुमार ने आज यहां बताया कि शिक्षा सचिव की ओर से हिमाचल प्रदेश कोचिंग सेंटर (पंजीकरण एवं विनियमन) प्राधिकरण तथा जिला स्तर पर गठित समिति को नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला समिति निजी कोचिंग केंद्रों के पंजीकरण, पंजीकरण प्रमाण पत्र के नवीनीकरण एवं नवीनीकरण से संबंधित अन्य मामलों का निपटारा करेगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित सभी निजी कोचिंग केंद्रों को इस बारे में पत्र के जारी होने की तिथि से तीन माह के भीतर नियम 7 एवं 8 के अनुसार प्रपत्र-ए पर पंजीकरण के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ निर्धारित पंजीकरण शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण की वैधता अवधि तीन वर्ष होगी, जो नियमों के अनुसार निरस्त अथवा रद्द किए जाने तक प्रभावी रहेगी। यदि किसी कोचिंग संस्थान की एक से अधिक शाखाएं हैं, तो प्रत्येक शाखा को पृथक कोचिंग केंद्र माना जाएगा तथा प्रत्येक शाखा के लिए अलग पंजीकरण आवश्यक होगा। पंजीकृत कोचिंग केंद्रों को पंजीकरण अवधि समाप्त होने से पूर्व प्रपत्र-सी में नवीनीकरण के लिए आवेदन करना होगा तथा निर्धारित नवीनीकरण शुल्क जमा करना होगा।

उप निदेशक ने सभी निजी कोचिंग संस्थानों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि इसके उल्लंघन अथवा निर्धारित अवधि में पंजीकरण न करवाने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

================================================

उचित मूल्यों की दुकानों के लिए 19 दिसंबर तक करें आवेदन

मंडी, 26 नवंबर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत जिला मण्डी के तीन स्थानों पर उचित मूल्य की दुकानें आवंटित की जानी हैं। इसके तहत गांव द्रुमण (वार्ड न0-02) ग्राम पंचायत लंगेहड़, विकास खण्ड धर्मपुर, गांव जोल मरही (वार्ड न0-07) ग्राम पंचायत कोट, विकास खण्ड गोपालपुर तथा गांव सैहल धरवाहण (वार्ड न0-04) ग्राम पंचायत बैहल, विकास खण्ड बल्ह में उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन आमन्त्रित किए गए हैं।

जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ब्रिजेंद्र सिंह पठानिया ने आज यहां बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 19 दिसंबर, 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन https://emerginghimachal.hp.gov.in/back office/site/login पर पोर्टल के अनुसार समस्त आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियों सहित अपलोड कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंडी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

=========================================

चंगर अनुभाग के अंतर्गत कल कुछ स्थानों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 26 नवम्बर:
सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-।। ई. रविन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कल यानि 27 नवम्बर को चंगर अनुभाग के अंतर्गत बिजली की लाईनों की आवश्यक मरम्मत के चलते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि चंगर अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र हाउसिंग बोर्ड फेस-2 तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।

===============================================

बाल विवाह उन्मूलन और बालिका सशक्तिकरण को लेकर बिलासपुर में होगा जिला बाल संरक्षण संवाद
27 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर में आयोजित होगा कार्यक्रम

बिलासपुर, 26 नवंबर: बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, मातृ सुधा और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के संयुक्त तत्वावधान में 27 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय , बिलासपुर में जिला बाल संरक्षण संवाद का आयोजन किया जाएगा। बालिका सशक्तीकरण की दिशा में एक कदम दृ बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह तथा मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम के प्रयासों को और प्रभावी बनाना तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही किशोरियों में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध करवाने पर भी विशेष बल दिया जाएगा।
संवाद के दौरान विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं और प्रमुख हितधारकों के प्रतिनिधि भाग लेकर बाल विवाह उन्मूलन के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने तथा किशोरियों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के सभी वर्गों से बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया जाएगा, ताकि बिलासपुर को सुरक्षित एवं बाल-अनुकूल जिला बनाया जा सके।
इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को बिना किसी भेदभाव और बाल विवाह के भय के शिक्षा प्राप्त करने, अपनी प्रतिभा निखारने तथा अपने भविष्य से जुड़े निर्णय स्वयं लेने के लिए सक्षम बनाने का संदेश दिया जाएगा।

==============================================

हमीरपुर में आंगनवाड़ी के 6 पदों के लिए आवेदन 17 दिसंबर तक

हमीरपुर 26 नवंबर। बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 6 पदों के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 17 दिसंबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय हमीरपुर मंे आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मुहान और वार्ड नंबर-7 के आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाना है। जबकि, आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए, आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-11सी, ग्राम पंचायत नालटी के आंगनवाड़ी केंद्र डकोहल और ग्राम पंचायत जंगलरोपा के आंगनवाड़ी केंद्र हार-2 में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।
सीडीपीओ ने बताया कि आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए। सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय 75 हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु यदि कोई कार्यरत आंगनवाड़ी सहायिका आवेदन करती है तो ऐसी स्थिति में आवेदक को आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना परिवार की वार्षिक आय में नहीं की जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास रखी गई है।
इन पदों के लिए साक्षात्कार 22 दिसंबर को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय हमीरपुर में संपर्क किया जा सकता है।