धर्मशाला, 24 नवंबर : उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के इतिहास में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में प्रदेश के विकास के लिए मील के पत्थर साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और वर्ग तक पहुंच रहा है।
श्री पठानिया ने कहा कि धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ (परमानेंट बेंच) स्थापित करने का प्रस्ताव विधानसभा में प्रस्तुत करना मुख्यमंत्री का एक ऐतिहासिक और दूरगामी सोच वाला निर्णय है। इससे कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर, ऊना, मंडी और कुल्लू सहित निचले हिमाचल के अन्य जिलों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए शिमला की लंबी यात्रा करने से राहत मिलेगी। इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी तथा न्याय तक उनकी पहुंच अधिक सुगम बनेगी।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला में उच्च न्यायालय की स्थायी पीठ स्थापित होने से प्रदेश के निचले क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र के समीप ही न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव के माध्यम से क्षेत्रीय संतुलन और जनसुविधाओं के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया।
*कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
श्री पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का जो संकल्प लिया है, उसे धरातल पर उतारने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे हैं। कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे के रनवे को मौजूदा 1,376 मीटर से बढ़ाकर 3,010 मीटर करने की योजना से एयरबस ए-320 जैसे बड़े विमानों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि बड़े विमानों की लैंडिंग की सुविधा मिलने से कांगड़ा घाटी, धर्मशाला और मैक्लोडगंज में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए हवाई संपर्क बेहतर होगा तथा होटल व्यवसाय, स्थानीय व्यापार, टैक्सी ऑपरेटरों, होम-स्टे संचालकों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। एयरपोर्ट का विस्तार कांगड़ा को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

*619 करोड़ से बनेगा दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान
उन्होंने कहा कि देहरा उपमंडल के बनखंडी में लगभग 619 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान भी कांगड़ा जिला के लिए एक बड़ी सौगात है। लगभग 180 से 190 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना पर्यटन के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को भी बढ़ावा देगी।
उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्राणी उद्यान के विकसित होने से कांगड़ा जिला में पर्यटन के नए केंद्र का निर्माण होगा। इससे देहरा और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह परियोजना कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के मुख्यमंत्री के विजन को नई मजबूती प्रदान करेगी।
*300 करोड़ का ढगवार मिल्क प्लांट किसानों-पशुपालकों के लिए वरदान
श्री पठानिया ने कहा कि कांगड़ा जिला के ढगवार में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किया जा रहा आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस संयंत्र की प्रारंभिक प्रसंस्करण क्षमता प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 3 लाख लीटर प्रतिदिन किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस संयंत्र से कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और चंबा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को लाभ मिलेगा। दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर व्यवस्था विकसित होने से किसानों को अपनी उपज का उचित लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और पशुपालन को एक लाभकारी आर्थिक गतिविधि के रूप में विकसित करने में सहायता मिलेगी।
*जनहित के फैसलों से मजबूत हो रहा हिमाचल का भविष्य
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार न्यायिक सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन विकास, किसानों-पशुपालकों की आर्थिक मजबूती और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर एक साथ काम कर रही है। धर्मशाला में हाईकोर्ट की स्थायी पीठ का प्रस्ताव, कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार, बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान और ढगवार में आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट जैसी परियोजनाएं कांगड़ा जिला के भविष्य को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का लाभ केवल कांगड़ा जिला तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, रोजगार और ग्रामीण विकास को मजबूती मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कांगड़ा जिला को विकास की इतनी महत्वपूर्ण सौगातें देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के ये निर्णय आने वाले वर्षों में हिमाचल की प्रगति और समृद्धि के नए आधार बनेंगे।