बिलासपुर, 22 नवम्बर: यूको बैंक द्वारा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत जुखाला में वित्तीय समावेशन संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रसन्नजित राय, डीजीएम (एआरबीडी), यूको बैंक प्रधान कार्यालय कोलकाता, राकेश प्रसाद, जोनल हेड, यूको बैंक अंचल कार्यालय धर्मशाला, चन्द्र शेखर यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक तथा विजय कुमार धीमान, वित्तीय साक्षरता सलाहकार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना सहित सरकार की विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उपस्थित लोगों को बैंक खातों को सक्रिय रखने, बीमा योजनाओं में पंजीकरण करवाने तथा डिजिटल बैंकिंग का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत पंजीकरण एवं आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बैंकिंग सुविधाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना तथा वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर यूको बैंक की ओर से ग्रामीणों से केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न वित्तीय समावेशन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने परिवार को आर्थिक रूप से सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने की अपील की गई।