धर्मशाला:21.11.26-आज दिनाँक 21 नवम्बर, 2026 को शीतकालीन सत्र की समाप्ति के पश्चात मिडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा ‍कि चौदहवीं विधान सभा का 13वां सत्र अपेक्षा अनुरूप पूर्ण सफलता के साथ सम्पन्न हुआ है। यह सत्र 16 नवम्बर से आरम्भ हुआ था 21 नवम्बर, 2026 तक चला। इस सत्र में कुल 06 बैठकों का आयोजन किया गया जिसकी कार्यवाही लगभग 24 घण्टे तक चली। इस तरह सत्र की उत्पादकता 80 प्रतिशत रही।

पठानियां ने कहा कि सत्र के पहले दिन विधायक स्वर्गीय नन्द लाल तथा पूर्व विधायक एव मंत्री स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के प्रति शोकोदगार प्रकट कर समूचे सदन द्वारा श्रद्वांजली अर्पित की गई। इस सत्र के दौरान कुल 366 (242 तारांकित तथा 124 अतारांकित) प्रश्नों की सूचनाओं पर सरकार द्वारा उत्तर उपलब्ध करवाए गए।

उन्होने कहा कि इस सत्र में दिनाँक 19 नवम्बर, 2026 का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित था जिस पर माननीय सदस्यों ने नियम 101 के अन्तर्गत 3 गैर –सरकारी संकल्प प्रस्तुत किए इन संकल्पों पर समय के अभाव के कारण चर्चा नहीं हो सकी। सत्र के दौरान में विपक्ष की ओर से नियम- 67 के अन्तर्गत स्थगन प्रस्ताव लाया गया जिस पर सरकार द्वारा सदन का काम रोक कर चार दिन चर्चा की गई जिसमें 30 सदस्यों ने 12 घण्टे 11 मिनट ( सत्ता पक्ष = 15 तथा प्रतिपक्ष के =15 सदस्यों ने) चर्चा में भाग लिया चर्चा उपरान्त मुख्य मंत्री महोदय ने 01 घण्टे 20 मिनट चर्चा का उत्तर दिया। इसके अतिरिक्त 13 सरकारी विधेयकों को सभा में पुर: स्थापित एवं चर्चा उपरान्त पारित किए गए। 4 विधेयकों पर सदस्यों से संशोधन भी प्राप्त हुए। सदन में मतदान उपरान्त संशोधन अस्वीकार किए गए। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय विधेयक पर सरकार की ओर से संशोधन पेश किया गया जिसे मतदान उपरान्त स्वीकार किया तथा विधेयक संशोधित रूप में पारित हुआ।

पठानियां ने कहा कि सभा की समितियों ने 10 प्रतिवेदन सभा में उपस्थापित किए गए। इसके अतिरिक्त माननीय मंत्रियों द्वारा अपने – अपने विभागों से सम्बन्घित दस्तावेज भी सभा पटल पर रखे गए तथा महत्वपूर्ण वक्तव्य भी दिए गए। राज्यपाल महोदय की स्वीकृति उपरान्त 4 विधेयक सचिव विधान सभा द्वारा सदन के पटल पर रखे गए। वर्ष में सभा के सत्र की तीन सत्रों को मिलाकर 35 बैठकों का जो नियम है उसमें सभा की अनुमति से छूट प्रदान करने उपरान्त 32 बैठकें ही आयोजित हो पाई। इस सत्र के दौरान प्रदेश से जिला चम्बा तथा जिला काँगड़ा के 29 विभिन्न विद्यालयों तथा 4 महाविद्यालयों के लगभग 2200 बच्चों ने सदन की कार्यवाही को देखा है जो कि अपने आप में एक कीर्तिमान है।

पठानियां ने कहा कि पिछले सत्र में 10 बैठकों का आयोजन किया गया था जिसकी कार्यवाही 45 घण्टे 30 मिनट तक चली थी व उसकी उत्पादकता 91 प्रतिशत रही थी तथा उस सत्र में 786 सूचनाएं माननीय सदस्यों से प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई थी।

उन्होने सहयोग के लिए पक्ष तथा विपक्ष के सदस्यों का धन्यवाद किया जिस वजह से वह सत्र का सुचारू रूप से संचालन कर सके इस अवसर पर उन्होने सदन के नेता ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू , नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर तथा संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा सभापति तालिका के सभी सदस्यों का भी धन्यवाद किया।

पठानियां ने विधान सभा सचिव, जिला प्रशासन के अधिकारियों / कर्मचारियों, राज्य सरकार के अधिकारियों/कर्मचारियों तथा विधान सभा सचिवालय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया जिन्होने इस सत्र के लिए दिन-रात कार्य कर इस सत्र से सम्बन्धित कार्य को समयवद्व तरीके से निपटाने में पूर्ण सहयोग दिया। उन्होने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया जिन्होनें आतिथ्य सत्कार में कोई कमी नहीं रखी। उन्होने प्रिंट एवं इलैक्ट्रोनिक मीडिया के सभी पत्रकार मित्रों का भी धन्यवाद किया जिन्होने विधान सभा की कार्यवाही को प्रदेश के जन-जन तक पहुँचाने में अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पठानियां ने इस अवसर पर सभी को आगामी क्रिसमस एवं नव वर्ष की अग्रिम बधाई व शुभकामनाएं भी दी।