नादौन में हैल्परों के 100 पदों के लिए साक्षात्कार 5 दिसंबर को
हमीरपुर 21 नवंबर। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ की प्रसिद्ध कंपनी ऐक्मे जेनेरिक्स प्राइवेट लिमिटेड में नियमित एवं कंपनी रोल के आधार पर हैल्परों के 100 पदों को भरने के लिए 5 दिसंबर को उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए दसवीं पास, बारहवीं पास और किसी भी ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमाधारक 18 से 25 वर्ष तक के युवा पात्र होंगे। चयनित युवाओं को 12,900 रुपये मासिक वेतन के अलावा 750 रुपये का भत्ता और डबल ओवरटाइम भत्ता भी मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===================================
खेलो इंडिया यूथ गेम्ज के लिए कबड्डी टीम का चयन 24 को
हमीरपुर 21 नवंबर। खेलो इंडिया यूथ गेम्ज-2026 के लिए हिमाचल प्रदेश के लड़कों की अंडर-18 कबड्डी टीम के चयन के लिए 24 नवंबर को बिलासपुर के खेल छात्रावास में ट्रायल लिए जाएंगे।
युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक गौरव महाजन ने बताया कि 24 नवंबर को सुबह 10 बजे शुरू होने वाले इस ट्रायल में एक जनवरी 2009 को या इसके बाद जन्में कबड्डी खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। इच्छुक खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड की सत्यापित फोटोकॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मैट्रिक प्रमाण पत्र और कम से कम पांच वर्ष पूर्व अर्थात एक जनवरी 2021 को या उससे पहले नगर निकाय या ग्राम पंचायत द्वारा जारी आयु प्रमाण पत्र लाना होगा।