मतदाता जागरूकता को लेकर जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

कार्यवाहक उपायुक्त अमित मेहरा ने विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित
चम्बा, 18 नवंबर-भारतीय निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार एवं जिला निर्वाचन कार्यालय चम्बा के सौजन्य से आयोजित ईएलसी प्रतियोगिताओं-2026 की श्रृंखला के तहत आज बचत भवन चम्बा में जिला स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जिला के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए कार्यवाहक उपायुक्त अमित मेहरा ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
निर्वाचन आयोग द्वारा इन प्रतियोगिताओं का आयोजन 2 से 20 नवंबर तक किया जा रहा है। इसके तहत विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर से लेकर विधानसभा तथा जिला स्तर तक निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 52 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 27 विद्यार्थी प्रश्नोत्तरी तथा 25 विद्यार्थी निबंध लेखन प्रतियोगिता में शामिल रहे। निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए 'निर्वाचन में शुद्ध मतदाता सूची का महत्व' तथा 'मतदान का महत्व' विषय निर्धारित किए गए थे, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान तथा मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
इस अवसर पर कार्यवाहक उपायुक्त ने प्रतियोगिता के परिणामों के आधार पर निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 10-10 विद्यार्थियों को विजेता घोषित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। चयनित विद्यार्थी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर जिला चम्बा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उपमंडल अधिकारी (नागरिक) चिराग शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों का मूल्यांकन चयन समिति द्वारा किया गया, जिसमें जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, जिला स्तरीय चुनाव साक्षरता नोडल अधिकारी प्रोफेसर अविनाश, प्रोफेसर सचिन ठाकुर तथा प्रोफेसर दिव्या शर्मा शामिल रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देना, निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करना, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत करवाना रहा।
इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन अनूप डोगरा सहित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
===============================

श्री देव कमरूनाग मंदिर के फाटक 21 नवंबर से होंगे बंद, भारी बर्फबारी संभावित ऊपरी क्षेत्रों में जाने से परहेज करें आमजन व सैलानीः एसडीएम

मंडी, 18 नवंबर। उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर, देवीराम ने आज यहां बताया कि आगामी शीतकालीन मौसम के दौरान उपमंडल गोहर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड एवं भारी बर्फबारी होने की संभावना है। विशेषकर श्री देव कमरूनाग मंदिर क्षेत्र तथा देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर बर्फबारी के कारण रास्ते अवरुद्ध होने, अत्यधिक फिसलन एवं दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि इन दुर्गम क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के दौरान आवागमन करना जान-माल की सुरक्षा के दृष्टिगत अत्यंत जोखिमपूर्ण है। इसके दृष्टिगत आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिया गया है कि 21 नवंबर, 2026 से श्री देव कमरूनाग मंदिर का फाटक आगामी आदेशों तक पूर्ण रूप से बंद रहेगा। साथ ही देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आम जनता, श्रद्धालुओं, पर्यटकों/ट्रैकर्स बाहरी क्षेत्रों से आने वाले एवं अन्य व्यक्तियों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। किसी भी व्यक्ति को उक्त प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

उन्होंने समस्त स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं ट्रैकर्स से अनुरोध किया है कि वे प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें तथा इन क्षेत्रों की यात्रा करने से यथासंभव बचें। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, होटल संचालकों एवं टैक्सी ऑपरेटरों से भी आग्रह किया है कि इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पर्यटक, ट्रैकर अथवा स्थानीय निवासी प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश कर आदेशों की अवहेलना करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।

उन्होंने बताया कि यह आदेश जनहित एवं आम जनता की सुरक्षा के दृष्टिगत जारी किया गया है तथा सभी संबंधित व्यक्तियों से इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का अनुरोध है। उन्होंने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस थाना गोहर के दूरभाष नंबर 01907-250228 अथवा उप-मण्डलाधिकारी (ना.), गोहर के दूरभाष नंबर 01907-250262 पर संपर्क करें।

==================================

जिला रेडक्रॉस सोसाइटी का ओएसए लक्की ड्रॉ स्थगित

धर्मशाला 18 नवम्बर: जिला रेडक्रॉस सोसाइटी कांगड़ा तथा ओल्ड स्टूडेंट एसोशिएशन द्वारा 15 नवम्बर को धर्मशाला कालेज के ऑडिटोरियम में निकाले जाने वाले ओल्ड स्टूडेंट एसोशिएशन लक्की बैग ड्रॉ को अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए सचिव रेड जिला क्रॉस सोसाइटी ने बताया कि ड्रॉ निकालने की अगली तिथि शीघ्र ही घोषित कर दी जाएगी।

=========================================

बरोहा में टीसीपी के नियमों के उल्लंघन पर 2 लोगों को नगर निगम का नोटिस

हमीरपुर 18 नवंबर। तहसील हमीरपुर के अंतर्गत राजस्व मुहाल बरोहा में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्माण करने पर 2 लोगों को नगर निगम हमीरपुर की ओर से दोबारा नोटिस जारी किए गए हैं।
इन लोगों को नगर निगम के आयुक्त की ओर से 3 सितंबर को हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-1 के तहत जारी नोटिस में अवैध निर्माण कार्यों को तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन, इन नोटिस की अनुपालना न होने के बाद अब आयुक्त ने हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-2 के तहत दोबारा नोटिस जारी करते हुए निर्माण कार्यों को तुरंत बंद करने और अवैध निर्माण को हटाने के निर्देश दिए हैं। नोटिस की अनुपालना न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

=================================================

भोरंज में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 25 को

हमीरपुर 18 नवंबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 50 पदों पर भर्ती के लिए 25 नवंबर को उप रोजगार कार्यालय भोरंज में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 19 हजार रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
====================================================
मतदाता साक्षरता क्लब के तहत विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित
बिलासपुर, 18 नवंबर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला बिलासपुर में विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बिलासपुर में निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला के चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से चयनित 20-20 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने मतदाता साक्षरता क्लब के अंतर्गत आयोजित दोनों प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित ज्ञान का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार के महत्व को समझे और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने मताधिकार तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहें और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना, मतदाता शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की बेहतर समझ विकसित करने का अवसर मिलता
=====================================
वर्ष 2026-28 के लिए डोर स्टेप डिलीवरी एवं मजदूरी कार्य हेतु ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित
बिलासपुर 18 नवम्बर:
हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के विभिन्न थोक भंडारों सदर बिलासपुर, घुमारवीं, झंडूता एवं श्री नैना देवी जी से उचित मूल्य की दुकानों तक आवश्यक वस्तुओं की डोर स्टेप डिलीवरी के तहत परिवहन कार्य तथा उचित मूल्य की दुकानों पर वस्तुओं की उतराई से संबंधित मजदूरी कार्य के लिए वर्ष 2026-28 हेतु ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
निविदाएं ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से निगम की निर्धारित वेबसाइट https://hptenders.gov.in पर आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक निविदादाता अपनी निविदाएं 9 दिसंबर 2026 को सायं 4:55 बजे तक उक्त पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के उपरांत प्राप्त होने वाली तथा ऑफलाइन माध्यम से प्रस्तुत की गई किसी भी निविदा को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्राप्त निविदाएं 10 दिसंबर 2026 को प्रातः 11 बजे निविदादाताओं अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला दंडाधिकारी बिलासपुर अथवा उनके प्रतिनिधि के समक्ष उनके कार्यालय या उनके द्वारा निर्धारित कार्यालय/स्थान पर खोली जाएंगी।
इच्छुक निविदादाता निविदा प्रक्रिया एवं आवश्यक शर्तों से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक ई-निविदा पोर्टल https://hptenders.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
==========================================
मुबारिकपुर में 6 दिसंबर को होगी 697 गृहरक्षक जवानों की दीक्षांत परेड

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू होंगे मुख्य अतिथि, 22 नवंबर से शुरू होगा पूर्वाभ्यास
ऊना, 18 नवंबर. गृह रक्षा 12वीं वाहिनी ऊना के 697 गृहरक्षक जवानों की दीक्षांत परेड 6 दिसंबर को वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र मुबारिकपुर में आयोजित की जाएगी। समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
वाहिनी के आदेशक हितेश लखनपाल ने बताया कि दीक्षांत परेड की तैयारियों के लिए 22 नवंबर से प्रशिक्षण केंद्र मुबारिकपुर में पूर्वाभ्यास शुरू किया जाएगा।
====================================
सोलन दिनांक 18.11.2026
राष्ट्रीय नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता शिविर आयोजित

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा आज दमखड़ी गांव में राष्ट्रीय नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की बीसीसी समन्वयक राधा चौहान एवं स्वास्थ्य शिक्षिका पदमिनी नेगी ने लोगों को नवजात शिशुओं की उचित देखभाल, पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण तथा बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर 28 दिन तक की अवधि नवजात शिशु के जीवन की सबसे संवेदनशील अवधि होती है। इस दौरान शिशुओं की देखभाल करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि शुरुआती दिनों में उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। उन्होंने कहा कि नवजात शिशु की उचित देखभाल, पोषण, स्वच्छता एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें कई बीमारियों से बचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जन्म के तुरंत बाद, पहले एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान करवाना चाहिए। मां का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए अमृत के समान होता है। नवजात शिशुओं को 6 माह तक केवल मां का दूध ही देना चाहिए। इस अवधि में पानी, शहद, घुट्टी या अन्य खाद्य पदार्थ देने की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि 06 माह पूर्ण होने के बाद स्तनपान जारी रखते हुए बच्चे को पूरक आहार देना शुरू करना चाहिए। दूध पिलाने के बाद बच्चे को कंधे से लगाकर उसकी पीठ पर हल्के हाथ से थपथपाना चाहिए, ताकि वह डकार ले सके।
उन्होंने कहा कि नवजात शिशु को उठाते समय हमेशा उसके सिर और गर्दन को उचित सहारा देना चाहिए, क्योंकि इस अवस्था में उसकी गर्दन की मांसपेशियां पूरी तरह विकसित नहीं होती हैं। शिशु को हमेशा पीठ के बल सुलाना चाहिए तथा उसके सोने का स्थान साफ, सुरक्षित और समतल होना चाहिए। शिशु को अत्यधिक गर्म कपड़ों या भारी बिस्तर से ढकने से बचना चाहिए।