चम्बा में जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप समिति की बैठक आयोजित
युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण को दिया जाएगा बढ़ावा : अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा
चम्बा, 17 नवम्बर-अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चम्बा के प्रधानाचार्य इंजीनियर बिपन शर्मा ने किया।
बैठक में जिला में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण को बढ़ावा देने तथा युवाओं को अधिक से अधिक प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान उद्योगों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय सुदृढ़ बनाने तथा राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अप्रेंटिसशिप युवाओं को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित करवाने का प्रभावी माध्यम है। इससे युवाओं को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है तथा उनके लिए रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने सभी उद्योगों एवं संस्थानों से इस योजना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने श्रम एवं उद्योग विभाग को इस दिशा में कार्य में तेजी लाने तथा जिले के ऐसे सभी प्रतिष्ठानों की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, जहां कर्मचारियों की संख्या 30 से अधिक है।
उन्होंने समिति के सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि अप्रेंटिसशिप एक्ट 1961 के तहत जिले में सभी सरकारी विभाग , निजी उद्योगों, निगमों और बोर्ड जिनकी कर्मचरियों की संख्या 30 या 30 से अधिक है ,वो अनिवार्य रूप से अप्रेंटिसशिप पोर्टल www.apprenticeindia.gov.in पर रजिस्टर करे और अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्रदान करे l
साथ ही,उन्होंने आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं से भी पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि सभी पात्र प्रतिष्ठानों में कुल कर्मचारियों की संख्या के 2.5 से 15 प्रतिशत तक प्रशिक्षुओं को रखने का प्रावधान है। साथ ही, प्रदेश के विभिन्न आईटीआई से उत्तीर्ण युवाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिष्ठानों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आईटीआई प्रशिक्षुओं के लिए न्यूनतम मानदेय 9,600 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। निजी उद्योगों एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रशिक्षुओं के मानदेय का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 1,500 रुपये प्रतिमाह प्रति प्रशिक्षु की प्रतिपूर्ति सरकार द्वारा सीधे बैंक खाते के माध्यम से की जाएगी।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) के प्रभावी कार्यान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक, चम्बा के प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि योजना के तहत प्रशिक्षु निगम की कार्यशाला में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इससे जहां प्रशिक्षुओं को वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त हो रहा है, वहीं निगम को भी तकनीकी कार्यों के निष्पादन में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।
बैठक के अंत में जिला में अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण को अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों, उद्योगों एवं प्रशिक्षण संस्थानों को आपसी समन्वय से कार्य करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य आईटीआई कोटी राहुल राठौर, आईटीआई सलूणी के पान चंद वर्मा, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग गौरव ठाकुर, लोक निर्माण विभाग से दिनेश कुमार, डीईओ संतोष नाथ सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
====================================
सुजानपुर में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के साक्षात्कार 18 को
हमीरपुर 17 नवंबर। पर्यटन एवं होटल क्षेत्र की प्रसिद्ध कंपनी बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के 400 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए 18 नवंबर को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि किचन हैल्पर के लिए 10वीं या 12वीं पास 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को पीएफ और ईएसआई को मिलाकर कुल 16000 रुपये वेतन मिलेगा। स्टीवर्ड के पदों के लिए अभ्यर्थी के पास फूड एंड सर्विस का एक वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। इन पदों के लिए भी 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को खाने एवं रहने तथा अन्य सुविधाओं सहित कुल 20,000 रुपये वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
=========================================
छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन अब 30 तक
सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक ने सभी स्कूल प्रमुखों को दिए निर्देश
हमीरपुर 17 नवंबर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सभी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है।
सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा ने जिला के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं और उच्च पाठशालाओं के प्रधानाचार्यों तथा मुख्यध्यापकों को सभी पात्र विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर सभी आवेदनों की वेरिफिकेशन और त्रुटिपूर्ण आवेदनों की पुनः ऑनलाइन वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 8 दिसंबर तक पूरी की जानी है। सभी स्कूल प्रमुख इस प्रक्रिया को 8 दिसंबर तक पूर्ण कर लें।
उपनिदेशक ने कहा कि अगर स्कूल स्तर पर छात्रवृत्ति का कोई भी मामला लंबित रहता है। सत्यापित या पुनः सत्यापित नहीं होता है अथवा उसमें कोई त्रुटि पाई जाती है तो स्कूल प्रमुख और छात्रवृत्ति प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
==========================================
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवंबर को
धर्मशाला, 17 नवंबर : शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर होगा। यह जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला के प्रिंसीपल राजेश कुमार ने देते हुए बताया कि यह परीक्षा जिला कांगड़ा के कुल 28 परीक्षा केंद्रों में संचालित होगी जो 28 नवम्बर को सुबह 11ः30 बजे से दोपहर 1ः30 बजे तक चलेगी। सभी आवेदक छात्र निर्धारित समय पर अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
==========================================
मंडी में 12 दिसम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत
मंडी, 17 नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी के तत्वावधान में 12 दिसम्बर, 2026 को जिले के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विवेक कायस्थ ने बताया कि लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
इस लोक अदालत में भूमि अधिग्रहण, श्रम विवाद, पेंशन, क्षतिपूर्ति, बैंक वसूली, बिजली और दूरसंचार बिल, आवास विवाद, उपभोक्ता शिकायत, मोटर वाहन चालान और मकान किराया विवादों से जुड़े मामले रखे जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाता है। इसमें न्यायालय शुल्क नहीं लगता और फैसले के खिलाफ अपील भी नहीं होती।
=============================================
वाहन पासिंग एवं ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट की तिथियों में बदलाव
मंडी, 17 नवंबर। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय की ओर से निर्धारित वाहन पासिंग/फिटनेस निरीक्षण एवं ड्राइविंग लाइसेंस की तिथियों में बदलाव किया गया है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नवीन कुमार ने आज यहां बताया कि आरटीओ मंडी के तहत पूर्व में 26 नवंबर, 2026 को निर्धारित वाहन पासिंग एवं फिटनेस निरीक्षण की तिथि में बदलाव कर अब इसे 30 नवंबर, 2026 कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त आरएलए बालीचौकी के तहत पूर्व में 30 नवंबर, 2026 को निर्धारित ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया गया है।
=============================================
अंतरराष्ट्रीय पाइल्स दिवस पर 20 नवंबर को लगेगा निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर
मंडी, 17 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय पाइल्स दिवस के अवसर पर 20 नवंबर, 2026 को क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, जरल पंडोह में एक दिवसीय पाइल्स (बबासीर/हैमोरोइडस) निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संस्थान की अनुसंधान अधिकारी डॉ. अनुभा चांदला ने लोगों से इस चिकित्सा शिविर में निःशुल्क परामर्श, जांच एवं चिकित्सा लाभ उठाने का आग्रह किया है।
============================================
27 नवंबर को भरेड़ी में होगा उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस मेला
निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा
भोरंज 17 नवंबर। रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई 27 नवंबर को भरेड़ी के खेल मैदान में उपमंडल स्तरीय रैडक्रॉस मेले का आयोजन करने जा रही है। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस मेले के लिए उपमंडल प्रशासन एवं सभी विभागों ने तैयारियां आरंभ कर दी हैं।
तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके रैडक्रॉस मेले की रूपरेखा तय की। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। सभी वृत्त पर्यवेक्षक आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से इस स्वास्थ्य जांच शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इसमें क्षेत्र के युवक मंडलों, महिला मंडलों तथा अन्य सामाजिक संगठनों की भी अधिक से अधिक भागीदारी होनी चाहिए। मेले में स्वयंसेवी संस्थाओं और वीनस फाउंडेशन का भी विशेष योगदान रहेगा।
तहसीलदार ने कहा कि मेले के दौरान अधिक से अधिक लोगों को रैडक्रॉस सोसाइटी से जोड़ने तथा उन्हें आजीवन सदस्य या संरक्षक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रैडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से गरीब एवं जरुरतमंद लोगों की मदद की जाती है। आम लोग रैडक्रॉस सोसाइटी से जुड़कर इसमें अंशदान कर सकते हैं। इस अंशदान की राशि किसी गरीब एवं जरुरतमंद के लिए बड़ा सहारा साबित हो सकती है।
बैठक में सीडीपीओ सुनील कुमार, नायब तहसीलदार रवि कुमार, कृषि विभाग की एसएमएस मोनिका शर्मा, आईसीडीएस के वृत्त पर्यवेक्षक और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
==============================================
सोलन दिनांक 17.11.2026
चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए 21 नवम्बर को विशेष लोक अदालत- प्रशांत सिंह नेगी
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए 21 नवम्बर, 2026 को विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लंबित चेक बाउंस के मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 21 नवंबर को जिला सोलन के पांचों न्यायिक परिसरों सोलन, नालागढ़, कसौली, अर्की और कंडाघाट में विशेष लोक अदालतें आयोजित की जाएंगी।
प्रशांत सिंह नेगी ने कहा कि इन लोक अदालतों में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत चेक बाउंस से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 12 दिसंबर को भी इन्हीं न्यायिक परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में ऐसे मामलों का निपटारा भी करवाया जा सकता है, जो अभी तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति अपने मामलों का निपटारा करवाने के जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कार्यालय सोलन या संबंधित न्यायालय में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं। लोक अदालत से पहले होने वाली प्री-लोक अदालत बैठक में भी सहमति से मामलों का निपटारा करवाया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01792-220713 पर संपर्क किया जा सकता है।
=========================================
गलोड़ में मुख्यमंत्री के दौरे एवं स्वास्थ्य जांच शिविर की तैयारियां जोरों परनादौन 17 नवंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गलोड़ के प्रस्तावित दौरे और वहां स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन के मद्देनजर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभागों की ओर से सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार, नादौन के एसडीएम निशांत शर्मा, गलोड़ के तहसीलदार केशव सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे एवं स्वास्थ्य जांच शिविर की तैयारियों में लगे हुए हैं। मंगलवार को भी इन अधिकारियों ने स्वयं आयोजन स्थल पर जाकर विभिन्न प्रबंधों का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि नादौन उपमंडल में पहले भी कांगू और रैल में इसी तरह के कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन्हीं की तर्ज पर गलोड़ में भी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य जांच शिविर के शुभारंभ के साथ-साथ विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उदघाटन और शिलान्यास भी करेंगे। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि स्वास्थ्य जांच शिविर में जनरल मेडिसिन, ईएनटी, हड्डी रोग, नेत्र रोग, शल्य चिकित्सा, महिला रोग, बाल रोग, मानसिक रोग, दंत रोग, न्यूरो सर्जरी, हृदय रोग और कई अन्य रोगों के स्पेशलिस्ट एवं सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर लोगों का चेकअप करेंगे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज टांडा और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के स्पेशलिस्ट एवं सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इनके अलावा आयुर्वेद और होम्योपैथी के विशेषज्ञ भी अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और कई अन्य टैस्टों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों को तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत शपथ भी दिलाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्षेत्रवासियों से इस स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
====================================================
पंजगाई अनुभाग के अंतर्गत जिला के कुछ क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्तिबिलासपुर 17 नवम्बर: सहायक अधिशाषी अभियंता विद्युत उप मण्डल-। ई. सन्नी जगोता ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजगाई अनुभाग में विद्युत लाईन के साथ लगते पेड़ों की टहनियों की कांट-छांट का कार्य करने के चलते पंजगाई, धारटटोह, द्रोबड, सोलग, जुरासी, हुडू, धौणकोठी, गाहर, टिकरी व आपसपास के क्षेत्रों में आगामी 19 नवम्बर को प्रातः 9 बजे से सांय 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि शटडाउन मौसम पर निर्भर रहेगा तथा लोगों से सहयोग की अपील की है।
==========================================
सोलन दिनांक 17.11.2026
42 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 21 नवम्बर को
मैसर्ज़ तपन इंडस्ट्रीज, सोलन द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव के 06 पदों, टीम लीडर के 03 पदों, सर्विस मैनेजर के 01 पद, ड्राइवर के 02 पदों तथा इलेक्ट्रीशियन के 02 पदों सहित कुल 14 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसी प्रकार, इंटीग्रेटेड मस्कुलर डिस्ट्रॉफी रिहैबिलिटेशन सेंटर, जटोली में हेल्पर एवं फिजियोथेरेपिस्ट के 03 पदों तथा वैद्यरत्नम वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालय, बद्दी में पंचकर्म थेरेपिस्ट के 25 पदों को भरने के लिए 21 नवम्बर, 2026 को मॉडल कैरियर सेंटर सोलन, नजदीक डिस्ट्रॉफी हॉस्पिटल जटोली (जिला रोजगार कार्यालय), सोलन में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएगें।
यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन ने दी।
उन्होंने कहा कि मैसर्ज़ तपन इंडस्ट्रीज, सोलन में सेल्स एग्जीक्यूटिव, टीम लीडर, सर्विस मैनेजर, ड्राइवर एवं इलेक्ट्रीशियन के पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, आई.टी.आई. इलेक्ट्रीशियन तथा बी.टेक मैकेनिकल निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए 01 से 02 वर्ष का अनुभव व आयु सीमा 18 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड मस्कुलर डिस्ट्रॉफी रिहैबिलिटेशन सेंटर, जटोली में हेल्पर एवं फिजियोथेरेपिस्ट के पदों हेतु हेल्पर के लिए पांचवीं पास तथा फिजियोथेरेपिस्ट के लिए फिजियोथेरेपी में स्नातक की योग्यता निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए आयु सीमा 20 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि वैद्यरत्नम वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालय, बद्दी द्वारा पंचकर्म थेरेपिस्ट के 25 पदों को भरने हेतु 12वीं पास युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पहले 06 माह का पंचकर्म थेरेपिस्ट प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों के रहने, खाने एवं प्रशिक्षण की व्यवस्था वैद्यरत्नम वृंदावन आयुर्वेद चिकित्सालय, बद्दी द्वारा की जाएगी। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव से संबंधित सभी अनिवार्य प्रमाण-पत्रों व दस्तावेजों सहित मॉडल कैरियर सेंटर सोलन, नजदीक डिस्ट्रॉफी हॉस्पिटल जटोली (जिला रोजगार कार्यालय), सोलन में 21 नवम्बर, 2026 को प्रातः 10ः30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने हेतु किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय सोलन के दूरभाष नंबर 01792-227242 पर संपर्क किया जा सकता है।