धर्मशाला:15.11.26-आज अपराह्न 1:00 बजे हिमाचल प्रदेश विधान सभा में आयोजित एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधान सभा का तेरहवां सत्र जोकि शीतकालीन सत्र होगा, 16 नवम्बर, 2026 को अपराह्न 2:00 बजे से आरम्भ होगा तथा 21 नवम्बर, 2026 तक चलेगा। इस सत्र में कुल 6 बैठकें होंगी तथा 21 नवम्बर को शनिवार के दिन भी बैठक आयोजित की जाएगी। 19 नवम्बर, 2026 का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है।
पठानियां ने कहा कि सत्र के प्रथम दिन शोकोदगार प्रस्तुत किए जाएंगे तथा पिछले सत्र तथा इस सत्र के बीच पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया तथा 14वीं विधान सभा के सदस्य नन्द लाल का निधन हो गया था। उन पर सभी सदस्यगण सदन के अन्दर अपने शोकोदगार व्यक्त करेंगे। उन्होने कहा कि इस सत्र के लिए माननीय सदस्यों से प्रश्नों के माध्यम से कुल 414 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिसमें 219 तारांकित तथा 123 अतारांकित प्रश्नों की सूचनाएं हैं जिन्हें नियमानुसार आगामी कार्रवाई हेतु सरकार को प्रेषित किया गया है।
वार्ता के दौरान पठानियां ने कहा कि इसके अतिरिक्त नियम 62 के तहत 13 सूचनाएं, नियम 63 के तहत 3, नियम 101 के तहत 3 तथा नियम 130 के अन्तर्गत 9 सूचनाएं प्राप्त हुई जिन्हें भी आगामी कार्रवाई हेतु सरकार को प्रेषित किया गया है।
माननीय सदस्यों से जो सूचनाएं प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं वह मुख्यत: सड़कों, पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की DPR’s प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों इत्यादि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों तथा परिवहन व्यवस्था पर आधारित है। इसके अतिरिक्त माननीय सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित मुख्य मुद्दों को भी उजागर किया है।
सत्र अविलम्ब चले इसके लिए उन्होने कल सत्र आरम्भ होने से पूर्व 11:00 बजे दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई है जिसमें संसदीय कार्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उप मुख्य सचेतक हि0 प्र0 सरकार तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक भी शामिल होंगे।
उनका सत्ता पक्ष तथा प्रतिपक्ष से अनुरोध रहेगा कि वह उन्हे सत्र संचालन में रचनात्मक सहयोग दें ताकि सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुडे मुद्दों व सार्थक चर्चा के लिए किया जा सके।
प्रेस वार्ता से पूर्व विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने आगामी शीतकालीन सत्र के दृष्टिगत आयोजित सुरक्ष प्रबन्धों से सम्बन्धित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की जिसमें जिला काँगड़ा के समस्त अधिकारी क्रमश: जिलाधीश काँगड़ा, पुलिस अधीक्षक कॉगड़ा, उप-निदेशक पर्यटन, महाप्रवन्धक दूर संचार धर्मशाला, मुख्य चिकित्सक अधिकारी धर्मशाला, आयुक्त नगर निगम धर्मशाला, मुख्य अभियन्ता लोक निर्माण विभाग काँगड़ा, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण (विद्युत), जिला लोक सम्पर्क अधिकारी, जिला काँगड़ा शामिल हुए। इस अवसर पर विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा, संयुक्त सचिव विधान सभा, संयुक्त निदेशक विधान सभा तथा निदेशक सूचना एवं प्रोद्योगिकी विधान सभा भी मौजूद थे।
विधान सभा अध्यक्ष ने बैठक में सत्र के दौरान तपोवन विधान सभा भवन तथा परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। सुरक्षा पूर्व की भांति चाक चौबंद रहेगी। तपोवन भवन में मुरम्मत तथा साफ- सफाई का कार्य समय रहते पूर्ण किया जाएगा। सत्र में भाग लेने आ रहे पक्ष तथा प्रतिपक्ष के माननीय सदस्यों को ठहरने की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। इसके अतिरिक्त उनके स्टॉफ व पी0 एस0 ओ0 के ठहरने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सत्र के आयोजन के लिए विधान सभा सचिवालय के 70 अधिकारी व कर्मचारी भी तैनात रहेंगे तथा उनके ठहरने की भी जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों तथा सत्र के आयोजन से सम्बन्घित हिमाचल प्रदेश सरकार के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सदन की कार्यवाही की कवरेज करने के लिए शिमला से आ रहे पत्रकार साथियों के ठहरने की भी उचित व्यवस्था की जाएगी जिसका जिम्मा जिलाधीश काँगड़ा पर रहेगा। कानून तथा यातायात व्यवस्था व सभी को सुरक्षा मुहैया करवाने का जिम्मा पुलिस अधीक्षक काँगड़ा का रहेगा।
तपोवन विधान सभा परिसर के अन्दर गाड़ियाँ पार्क करने के लिए केवल मंत्री परिषद के सदस्यों, मुख्य संसदीय सचिवों, माननीय विधायकों, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा प्रशासनिक सचिवों को विधान सभा का पार्किंग स्टीकर जारी किया जाएगा। जबकि विभागाध्यक्षों तथा विभागीय वाहनों को ड्रॉपिंग पास जारी किए जाएँगे तथा वे ड्रापिंग के बाद परिसर के बाहर चिन्हित स्थान पर अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।
तपोवन विधान सभा परिसर में दो मुख्य प्रवेश द्वार हैं। द्वार नं0 1 से अध्यक्ष हि0प्र0 विधान सभा, मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, मंत्री परिषद के सदस्य, नेता प्रतिपक्ष, मुख्य संसदीय सचिव, माननीय विधायकगण, मुख्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक की गाड़ियों को ही प्रवेश रहेगा जबकि बाकि गाड़ियाँ जिन्हें पास जारी किए जाएँगे मुख्य प्रवेश द्वार नं0 2 से ही प्रवेश करेंगे।
सदन की कार्यवाही देखने आने वाले आगन्तुकों को दर्शक दीर्घा के पास स्थान की उपलब्धता के अनुसार जारी किए जाएँगे तथा उनका प्रवेश गेट नं0 7 से रहेगा। जबकि मिडिया कर्मियों का प्रवेश गेट नं0 1 तथा 5 से रहेगा। माननीय मुख्यमंत्री से मिलने वाले आगन्तुकों/ शिष्टमण्डल को मानक संचालन प्रक्रिया अनुसार छोटे-छोटे समूह में आगंतुक कक्ष में मिलवाने का कार्य पुलिस एवं गुप्तचर विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से करेंगे जबकि उप-मुख्यमंत्री तथा मंत्रीपरिषद से मिलने वाले आगन्तुकों को पूर्व की भांति उनके निजि स्टॉफ की अनुमति पर पास जारी किए जाएँगे।
सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी तथा सी0सी0टी0वी0 तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। हिमाचल प्रदेश सरकार तथा विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों / कर्मचारियों को जारी किए गए शासकीय पास प्रमुखता से प्रदर्शित करने होंगे ताकि सुरक्षा कर्मियों को फ्रिस्किंग की कम से कम आवश्यकता रहे। कोई भी सरकारी अधिकारी/ कर्मचारी व अन्य पास धारक अपना शासकीय पास किसी अन्य को स्थानान्तरित नहीं करेगा अन्यथा कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। किसी भी आपात स्थिती से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलैंस तथा एक डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टॉफ के कर्मचारी भी तपोवन परिसर में डयूटी पर तैनात रहेंगे।
विधान सभा भवन के अन्दर मोबाईल, लैपटॉप तथा अन्य इलैक्ट्रॉनिक वस्तु के ले जाने पर पूर्णत: प्रतिबन्ध रहेगा। तपोवन विधान सभा भवन तथा परिसर को कृत्रिम दुधिया रोशनी से सुसज्जित किया जाएगा। बैठक व प्रेस वार्ता उपरान्त विधान सभा अध्यक्ष ने विधान सभा परिसर का भी निरीक्षण किया।