चंबा, नवंबर 12-हिमालय की पर्वत शृंखलाओं के बीच बसे जनजातीय क्षेत्र भरमौर की पहचान यहां की समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़ी है।
यहां के प्राकृतिक संसाधन पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ स्थानीय जनजीवन, पारंपरिक संस्कृति और आजीविका के भी महत्वपूर्ण आधार हैं। इसी प्राकृतिक विरासत को संरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य तैयार करने के उद्देश्य से वन मंडल भरमौर ने एक विशेष पहल शुरू की है।
इसके तहत वन संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी से प्रकृति और मानव के बीच संतुलन स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन बताते हैं कि वन मंडल भरमौर द्वारा 'कैच द यंग’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जोड़ने की विशेष पहल की जा रही है। अभियान की थीम ‘लिव फॉर नेचर-नॉट फॉर ड्रग्स' युवाओं को प्रकृति से जुड़ने और नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है।
इसके तहत वन अग्नि की प्रभावी रोकथाम, पौधरोपण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सामुदायिक जन सहभागिता को केंद्र में रखते हुए विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है।
उनका कहना है कि अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है। विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने तथा उनमें संरक्षण की भावना विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। आज विद्यार्थियों के नन्हे हाथों से रोपे जाने वाले पौधे कल विशाल वृक्ष बनकर न केवल क्षेत्र की हरियाली बढ़ाएंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुमूल्य प्राकृतिक विरासत भी सुरक्षित रखेंगे।
रजनीश महाजन ने बताया कि भरमौर की प्राकृतिक विरासत में स्थानीय प्रजातियों का विशेष महत्व है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा इस वर्ष शीत ऋतु के दौरान क्षेत्र वासियों की
सहभागिता से श्रमदान स्वरूप अखरोट के लगभग 12 हजार बीज रोपित करने की योजना तैयार की गई है इससे क्षेत्र में अखरोट उत्पादन की संभावनाओं को विस्तार मिलने के साथ भविष्य में स्थानीय परिवारों के लिए आजीविका के नए अवसर भी सृजित हो सकेंगे। अखरोट के साथ नियोजा के संरक्षण और विस्तार के लिए भी विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई है। इस महत्वपूर्ण प्रजाति का संरक्षण क्षेत्र की जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने की दृष्टि से अहम है।
उच्च पर्वतीय क्षेत्रों की विशिष्ट जलवायु और प्राकृतिक परिस्थितियों में विकसित होने वाली इन प्रजातियों का संरक्षण हिमालयी पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। विभाग की यह पहल स्थानीय वन संपदा को संरक्षित करने के साथ क्षेत्र की प्राकृतिक पहचान को भी सुदृढ़ करने का प्रयास है।
उन्होंने यह भी बताया कि भरमौर जैसे वन बहुल क्षेत्र में मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शीत ऋतु में भालुओं की संभावित आवाजाही को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने और आमना-सामना होने पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकना और सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।