बिलासपुर, 10 नवंबर: हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अरुण डोगरा का पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबा अनुभव और योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनके निधन से बिलासपुर जिला सहित प्रदेश के पत्रकारिता जगत को बड़ी क्षति हुई है।
मंत्री ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अरुण डोगरा ने अपने पत्रकारिता जीवन में इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया। उन्होंने करीब तीन दशक तक विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से अपनी सेवाएं देते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मंत्री राजेश धर्माणी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।