धर्मशाला, 7 नवम्बर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा द्वारा विधिक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में 9 नवंबर से जिला भर में सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता तथा राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित एवं हाशिए पर रह रहे वर्गों तक न्यायिक एवं विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अथवा अन्य किसी कारण से न्याय पाने के अधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता शिविरों, जनसंवाद एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा विधिक सेवा प्राधिकरणों की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की जाएगी।

आर. मिहुल शर्मा ने आमजन से इन जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि विधिक जागरूकता न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पात्र लोगों से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।