ऊना, 25 अक्तूबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार देर शाम हरोली विधानसभा क्षेत्र के भंडियारां और बालीवाल में आयोजित विशाल दंगल में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भंडियारां में दंगल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, अपनी दिवंगत धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में भंडियारां और बालीवाल दंगल कमेटियों को एक-एक लाख रुपये देने का ऐलान किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दंगल हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रेरित करने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
*नशे के खिलाफ अभियान में पंचायतों की भागीदारी जरूरी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऊना जिले में नशे से जुड़े मामलों में संपत्तियां जब्त करने और दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई जैसे कदम उठाए गए हैं। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, पंचायतों और आम लोगों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने नशे के खिलाफ पंचायतों की सक्रिय भागीदारी को सराहनीय बताया।
*बालीवाल क्षेत्र में सड़क और पेयजल योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बालीवाल क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। पंजूवाना से समनाल की ओर जाने वाली सड़क पर लगभग 14 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पंजूवाना में सात करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना तैयार की गई है, जबकि हरोली से पानी पहुंचाने के लिए करीब साढ़े दस करोड़ रुपये की योजना पर काम चल रहा है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में पेयजल टैंकों का निर्माण भी किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने दोनों दंगल कमेटियों और पंचायत प्रतिनिधियों को आयोजन के लिए बधाई दी तथा क्षेत्रवासियों का आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दंगल कमेटियों के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



--