रेडक्रॉस के लकी ड्रॉ विजेताओं को उपायुक्त ने बांटे पुरस्कार
जरूरतमंदों की मदद, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रही सोसायटी
ऊना, 16 अक्टूबर. जिला रेडक्रॉस सोसायटी ऊना के लकी ड्रॉ विजेताओं को शुक्रवार को बचत भवन के सभागार में उपायुक्त जतिन लाल ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. रेणु सहरावत भी उपस्थित रहीं। लकी ड्रॉ में कुल 20 विजेता रहे, जिनमें से 16 ने अपने पुरस्कार प्राप्त किए, जबकि चार विजेता अनुपस्थित रहे। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री ने पहले पांच ड्रॉ निकाले थे। शेष ड्रॉ उपायुक्त जतिन लाल ने निकाले थे।
लकी ड्रॉ में प्रथम पुरस्कार के रूप में एप्पल आईफोन अथवा एक लाख रुपये का विकल्प था। दूसरे पुरस्कार के तहत इलेक्ट्रिक स्कूटर अथवा 70 हजार रुपये का विकल्प दिया गया था। अंब तहसील के पोलियां ज्वाला निवासी सुरजीत सिंह ने 70 हजार रुपये की राशि प्राप्त की।
पांचवें पुरस्कार के तहत टैबलेट अथवा 20 हजार रुपये का विकल्प था। ऊना तहसील के पुल वाला बाजार निवासी अमित और नया नंगल निवासी प्रदीप कुमार ने 20-20 हजार रुपये की राशि प्राप्त की। छठे पुरस्कार के तहत मिक्सर ग्राइंडर अथवा 2,500 रुपये का विकल्प था। ऊना तहसील के अरनियाला निवासी रवि कुमार और अपर बसाल निवासी बंदना कुमारी ने 2,500-2,500 रुपये प्राप्त किए, जबकि अंब तहसील के ठठल निवासी सहदेव ने मिक्सर ग्राइंडर लिया।
सातवें पुरस्कार के तहत प्रेशर कुकर अथवा 2,000 रुपये का विकल्प था। ऊना तहसील के बहडाला निवासी अक्षय कुमार और अंब तहसील के धर्मशाला महंता निवासी सुरेश कुमार के नाम इस पुरस्कार के विजेताओं में शामिल रहे। अक्षय कुमार ने 2,000 रुपये की राशि प्राप्त की, जबकि सुरेश कुमार पुरस्कार लेने के लिए उपस्थित नहीं हुए।
आठवें पुरस्कार के तहत सीलिंग फैन अथवा 2,000 रुपये का विकल्प था। बंगाणा तहसील के करवालियां सन्हाल निवासी पवन कुमार और ऊना तहसील के झूड़ोवाल निवासी पवन कुमार ने सीलिंग फैन प्राप्त किए। वहीं, ऊना तहसील के लोअर देहलां निवासी नमिता कौशल और हरोली तहसील के समनाल निवासी तमन्ना ने 2,000-2,000 रुपये की राशि ली।
नौवें पुरस्कार के तहत प्रेस अथवा 800 रुपये का विकल्प था। ऊना तहसील के लोअर अरनियाला निवासी रवि कुमार ने 800 रुपये की राशि प्राप्त की।
दसवें पुरस्कार के तहत दीवार घड़ी अथवा 500 रुपये का विकल्प था। ऊना तहसील के लोअर अरनियाला निवासी रवि कुमार, सलोह निवासी रमेश चंद, बंगाणा तहसील के चतेहड़ निवासी मनोहर लाल और अंब तहसील के अंदौरा निवासी प्रदीप कुमार ने 500-500 रुपये की राशि प्राप्त की। वहीं, अंब तहसील के तियाई निवासी अमित कुमार, बंगाणा तहसील के समलारा निवासी बिंता देवी और थानाखास निवासी पुरुषोत्तम चंद ने दीवार घड़ी प्राप्त की।
जरूरतमंदों की सहायता सर्वोपरि : जतिन लाल
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि सीमित आय के बावजूद जिला रेडक्रॉस सोसायटी जनहित और जरूरतमंदों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है। लकी ड्रॉ के कूपनों की बिक्री से जुटाई गई राशि से सोसायटी ने लगभग तीन करोड़ रुपये का आधारभूत ढांचा विकसित किया है। इसके अतिरिक्त, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 50 बेटियों की उच्च शिक्षा में सहयोग दिया जा रहा है। इनमें अति पिछड़े वर्ग की बेटियां, जिनके पिता का निधन हो चुका है अथवा जिनके परिवार की सालाना आय एक लाख रुपये से कम है, शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘सामर्थ्य’ पहल में भी जिला रेडक्रॉस सोसायटी सहयोग कर रही है। इस पहल के तहत जिम और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इन पुस्तकालयों से संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इसके साथ ही रेडक्रॉस की ओर से कम आय वाले जरूरतमंद लोगों के चिकित्सा बिलों के भुगतान में भी सहायता दी जा रही है।
लकी ड्रॉ के कूपनों की बिक्री में जिला ऊना कार्यालय, तहसीलदार अंब कार्यालय, खनन विभाग, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय, खंड विकास कार्यालय गगरेट, नायब तहसीलदार दुलैहड़ कार्यालय और नायब तहसीलदार गगरेट कार्यालय का उल्लेखनीय योगदान रहा। उपायुक्त कार्यालय के बलबीर कुमार, तृप्ता देवी, अनुराधा, मंदीप जोशी, संजीव कुमार और शांति देवी ने भी इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रेडक्रॉस सेवा और मानवता का प्रतीक : डॉ. रेणु सहरावत
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. रेणु सहरावत ने कहा कि रेडक्रॉस सेवा और मानवता का प्रतीक है। सोसायटी गंभीर बीमारियों से पीड़ित असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस सोसायटी के कूपन अधिक से अधिक खरीदने की अपील की, ताकि जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव एवं सहायक आयुक्त विनय मोदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
==============================================
*ऊना के उद्यमियों को बड़े उद्योगों से जुड़ने का मौका, 140 ने लिया भाग*
वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम में कंपनियों ने खरीद प्रक्रिया और पंजीकरण की जानकारी दी
ऊना, 16 अक्टूबर.बड़े उद्योगों के साथ कारोबार के अवसर तलाश रहे ऊना के उद्यमियों को शुक्रवार को वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम में सीधे कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करने का अवसर मिला। गुलमोहर ग्रैंड होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों तथा स्वयं सहायता समूहों के 140 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल सरकार के उद्योग विभाग और हिमाचल प्रदेश सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (एचपीसीईडी) के सहयोग से रैम्प योजना के तहत किया गया।
वंडर वर्क्स, टिंज कंसल्टेंसी एंड स्किल लैब्स की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उद्योग विभाग, ऊना के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान ने प्रतिभागियों को संबोधित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमों को बड़े उद्योगों, संभावित खरीदारों और वित्तीय संस्थानों से जोड़ना तथा उनके लिए कारोबार और आपूर्ति के नए अवसर उपलब्ध करवाना था।
कार्यक्रम में सिडबी, नेस्ले इंडिया लिमिटेड, स्विस गार्नियर लाइफ साइंस, स्टैनफोर्ड लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड, मानिका प्लास्टेक लिमिटेड, क्रेमिका फूड पार्क प्राइवेट लिमिटेड, लिवगार्ड, स्पेन फॉर्मुलेशंस प्राइवेट लिमिटेड और ल्यूमिनस के प्रतिनिधियों ने प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने कंपनियों की खरीद संबंधी जरूरतों, आवश्यक उत्पादों एवं सेवाओं, विक्रेता बनने की पात्रता और पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में जानकारी साझा की। उद्यमियों को उपलब्ध वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
इसके बाद हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग की संयुक्त निदेशक दीपिका खत्री ने उद्योग प्रतिनिधियों और सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के सदस्यों को संबोधित किया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से खरीद प्रक्रिया और विक्रेता पंजीकरण से जुड़े सवाल पूछे। साथ ही, कंपनियों की जरूरतों के अनुरूप उत्पादों एवं सेवाओं की आपूर्ति करने और उनके साथ कारोबार शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।