चंबा, (चुवाडी) अक्तूबर 10-विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द विधानसभा क्षेत्र भटियात का प्रवास कर 600 करोड़ से अधिक धनराशि वाली विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष आज ककीरा कस्बे के अंतर्गत ग्राम पंचायत जरेइ में 89 लाख राशि से निर्मित होने वाले मगन्यूई-रुडबा संपर्क मार्ग के भूमि पूजन करने के पश्चात वैरियां गला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भटियात प्रवास के दौरान मिनी सचिवालय, सिविल कोर्ट, सर्किट हाउस एवं पेयजल- सिंचाई, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि से संबंधित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को तीव्रता प्रदान करेगा।
कुलदीप सिंह पठानिया ने ककीरा, घटासनी, तारागढ़, और आसपास की पंचायतों में सड़क निर्माण, सर्वे तथा पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित 11 सड़क परियोजनाओं के अंतर्गत 4 को एफआरए के अंतर्गत स्वीकृति उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने साथ में यह भी कहा कि भटियात क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और जलवायु के अनुरूप सभी संपर्क मार्गों का निर्माण लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है। इससे सड़कों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और टिकाऊपन को प्राथमिकता देते हुए ऑल वेदर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर उठाए जा रहे सभी आवश्यक कदमों की भी जानकारी उपस्थित लोगों के समक्ष रखी ।
कुलदीप सिंह पठानिया ने इसके बाद ग्राम पंचायत नैनीखड़ के तहत रैना- बलेरा संपर्क सड़क का भी शिलान्यास किया। रैना गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रैना- बलेरा संपर्क मार्ग के निर्माण कार्यों पर 69 लाख की धनराशि व्यय करने का प्रावधान रखा गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों की मांग पर घटासनी-लाहडू संपर्क मार्ग को नैनीखड्ड तक विस्तार देने की भी घोषणा की साथ ही ढुडियारा बंग्ला में खेल मैदान बनाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने महिला मंडल भड़ेला, मगन्यूई-रुडबा, रैना तथा केहलू को 25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की।
उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याओं का भी समाधान किया।
सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद्र, राज्य सहकारी बैंक राजकुमार चंबियाल, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजय कंवर, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी तरुण मल्होत्रा, उपाध्यक्ष नगर पंचायत सुरेंद्र चाढक, प्रधान ग्राम पंचायत जरेई संदीप थापा, नैनीखड्ड संजीव ठाकुर, उपमंडल दंडाधिकारी मनीष सोनी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, वन मंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप जमवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता पंकज राठौर नरेंद्र चौधरी, राकेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।