स्व. मेजर विजय सिंह मनकोटिया के घर पहुंचे केवल सिंह पठानिया, शोक संतप्त परिवार से मिलकर जताई गहरी संवेदना
शाहपुर, 7 अक्तूबर:शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया आज त्यारा स्थित स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ दुःख की इस अत्यंत पीड़ादायक घड़ी में अपनी संवेदना साझा करते हुए कहा कि अपने किसी प्रियजन को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मेजर विजय सिंह मनकोटिया का निधन शाहपुर क्षेत्र के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।
श्री पठानिया ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने पूर्व कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए, जिन्हें सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि शाहपुर के विकास को लेकर मनकोटिया जी के जो सपने अधूरे रह गए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करने की कामना की।
लांझणी में केवल सिंह पठानिया एवं उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय मेजर विजय सिंह मनकोटिया की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, पूर्व सचिव विधानसभा गोबर्धन सिंह, ओएसडी आयुष डॉ. सुनीत पठानिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र वालिया तथा उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय उपस्थित रहे।
============================================
लांझणी के लिए शीघ्र शुरू होगी बस सेवारू केवल सिंह पठानिया
लांझणी में लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

शाहपुर, 7 अक्तूबररू शाहपुर के विधायक एवं उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लांझणी में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत घर की भूमि विभाग के नाम करने संबंधी सभी औपचारिकताएं एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त फुटब्रिज को शीघ्र ठीक करने के आदेश दिए ।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
श्री पठानिया ने कहा कि लांझणी क्षेत्र के लोगों की आवागमन संबंधी समस्या को देखते हुए शीघ्र ही सुबह और शाम बस सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान के लिए जल शक्ति विभाग को आवश्यक निर्देश देते हुए लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाने को कहा।
ग्राम पंचायत प्रधान वनीता देवी ने लांझणी पहुंचने पर विधायक का स्वागत किया और क्षेत्र की सड़क, रास्तों तथा बस सेवा से संबंधित विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू तथा पूर्व प्रधान बलवीर चौधरी ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, बीडीओ रैत योगेंद्र, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, बीडीसी रक्षा देवी, उपप्रधान नानक, वार्ड सदस्य विमला, शशि, सीमा देवी, सरला देवी, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।