ज़िला ऊना में किसान रजिस्ट्री को गति देने के लिए चलाया जा रहा व्यापक जागरूकता अभियान

सभी पात्र किसान जल्द कराएं पंजीकरण, 11 अंकों की डिजिटल आईडी से मिलेंगे सरकारी योजनाओं के सीधे लाभ - जतिन लाल

ऊना, 3 अक्तूबर। डिजिटल कृषि क्रांति को बढ़ावा देने और किसानों तक सरकारी योजनाओं की सीधी पहुँच सुनिश्चित करने के लिए जिला ऊना में 'एग्रीस्टैक मिशन' के तहत किसान रजिस्ट्री प्रक्रिया को युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिले के सभी किसानों से अपना पंजीकरण कराने की अपील की है, ताकि प्रत्येक किसान की एक सत्यापित डिजिटल पहचान तैयार की जा सके।

उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि किसान रजिस्ट्री के अंतर्गत किसानों को 11 अंकों की विशिष्ट 'किसान आईडी' प्रदान की जा रही है। यह डिजिटल आईडी किसानों के लिए विभिन्न कृषि-केंद्रित सेवाओं और सरकारी योजनाओं का सुगम, पारदर्शी और निर्बाध लाभ उठाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।इससे किसानों को पीएम-किसान सम्मान निधि का निर्बाध और पारदर्शी लाभ, उर्वरक (खाद) बिक्री व्यवस्था के तहत खाद की पारदर्शी एवं सुलभ उपलब्धता, खरीद पोर्टल के माध्यम से फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बिक्री सहित अन्य लाभ शामिल हैं।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिला ऊना में कृषि विभाग द्वारा सितंबर माह में 50 से अधिक विशेष शिविरों का आयोजन कर किसानों का ऑन-स्पॉट पंजीकरण किया गया है। वर्तमान में जिले ने निर्धारित लक्ष्य का लगभग 46% हासिल कर लिया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसान आईडी न होने के कारण ऊना जिला का कोई भी किसान किसी भी सरकारी योजना या सेवा के लाभ से वंचित न रहे।

सीएससी (CSC) और ग्राम पंचायतों को दिए शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश

उपायुक्त ने बताया कि किसान रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक और सभी ग्राम स्तरीय उद्यमियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

वहीं, उप निदेशक कृषि ऊना प्रेम सिंह ने बताया कि एग्रीस्टैक परियोजना के तहत जिला ऊना के 43,822 किसान डिजिटल फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ चुके हैं। डिजिटल रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को एकीकृत डिजिटल पहचान मिल रही है, जिससे सरकारी योजनाओं और कृषि सेवाओं का लाभ अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। किसान की पहचान, भूमि रिकॉर्ड, फसल विवरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। प्रत्येक पंजीकृत किसान को आधार आधारित 11 अंकों की विशिष्ट यूनीक फार्मर आईडी प्रदान की जाएगी, जो भविष्य में विभिन्न कृषि सेवाओं, दस्तावेजों के सत्यापन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में उपयोगी होगी।

उन्होंने जिले के सभी किसानों से आग्रह किया है कि वे अपने नजदीकी सीएससी सेंटर या आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में जाकर अपनी किसान आईडी अवश्य बनवाएं।
=====================================
नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाएं युवा - आवास पंडित

संतोषगढ़ में बच्चों ने नशा मुक्ति जागरूकता रैली के माध्यम से दिया स्वस्थ समाज का संदेश


ऊना, 3 अक्तूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संतोषगढ़ में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करते हुए नशा मुक्त, स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण का संदेश दिया। रैली में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में नशा मुक्ति से जुड़े जागरूकता संदेशों की पट्टिकाएं लेकर लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने कहा कि नशा आज समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभर रहा है। नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार की खुशहाली और सामाजिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता के साथ-साथ परिवार, शिक्षण संस्थानों और समाज की सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य केवल नशे के प्रति जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव रखना भी है।

इस मौक़े पर नगर परिषद संतोषगढ़ की अध्यक्ष अंजना चब्बा, तहसील कल्याण अधिकारी जतिन्द्र शर्मा, अधीक्षक ग्रेड-2 अनूप सिंह तथा विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
================================================
5 और 6 को सिद्धपुर विद्युत उपमंडल के तहत बिजली बंद रहेगी
धर्मशाला, 03 अक्टूबर: विद्युत उप-मण्डल सिद्धपुर के सहायक अभियंता संतोष कुमार ने जानकारी दी है कि 5 अक्टूबर को 11 केवी होडल फीडर के क्षेत्र सिद्धपुर, फतेहपुर, घुरलूनाला, उपाहू, अप्पर सुक्कड़, लोअर सुक्कड़, त्रिनेत्र महादेव, बाघणी तथा आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

इसके अतिरिक्त 06 अक्टूबर को 11 केवी खनियारा फीडर के अंतर्गत सिद्धपुर, एजुकेशन बोर्ड काॅलोनी के समीप, नोरबुलिंगा, फंकी टाउन, लोअर मोहली, मोहली, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय मोहली, खनियारा, पटोला, नाग मंदिर, टीटीएस फूड एंड क्राफ्ट, सांबर लाहड, थातरी, अगंझंर महादेव, खरोटा, नड्डी और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसके साथ ही 06 अक्टूबर को 11 केवी टग फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र टंग, तिरंगा, खैबर, ढब चैक, टिक्करी, सालिग, बगियारा, कंड करडियाना, जुहल, दिक्टू, नरवाणा, नरवाणा कस्बा, बलेहर, तंगरोटी तथा आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।