सड़क सुरक्षा समिति में होगी ई-डार सेवा पोर्टल के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा: हेमराज बैरवा
जिला कांगड़ा में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश
धर्मशाला, 24 सितम्बर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में आज यहां जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कांगड़ा से गुजरने वाले तीनों राष्ट्रीय उच्च मार्गों सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की सुरक्षा व्यवस्था तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला कांगड़ा में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष रूप से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इन स्थानों पर दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यकता के अनुसार चेतावनी एवं सूचना बोर्ड, सुरक्षा चिन्ह, गति सीमा संबंधी संकेतक तथा बैरिकेडिंग स्थापित की जाए।
उन्होंने स्कूलों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास जेबरा क्रॉसिंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर तथा सोलर ब्लिंकर लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए जाने वाले सुरक्षा कार्यों को एक माह के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा मानकों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा प्रबंधों की नियमित जांच के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थापित कैमरों के संचालन की भी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
*सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में होगी ई-डार की समीक्षा
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी को डिजिटल रूप में दर्ज करने, साझा करने एवं उसका विश्लेषण करने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा ई-डार (म-क्।त्) ऑनलाइन सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि ई-डार के माध्यम से उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर सड़क दुर्घटनाओं के कारणों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का विश्लेषण कर सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ई-डार सेवा के तहत दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की प्रविष्टि तथा विभागों द्वारा की गई सुधारात्मक कार्रवाई की समीक्षा को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों के एजेंडे में नियमित रूप से शामिल किया जाए।
*दुर्घटना पीड़ितों को राहत प्राप्त करने में न हो परेशानी
उपायुक्त ने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोग सुरक्षा बीमा तथा जीवन ज्योति जैसी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में मृत्यु अथवा गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में पीड़ितों अथवा उनके परिजनों को सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली राहत एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाया जाए। इसके लिए ई-डार पोर्टल के माध्यम से संबंधित मामलों को चिकित्सा विभाग, संबंधित एसडीएम, कल्याण विभाग तथा डीआरडीए सहित संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकारी राहत राशि एवं अन्य देय लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार का विलंब अथवा परेशानी न हो।
*कच्छियारी टी-जंक्शन पर अस्थाई बूथ स्थापित करने के निर्देश
उपायुक्त ने कच्छियारी फोरलेन टी-जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए फोरलेन का कार्य पूर्ण होने तक वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप सुरक्षा कर्मी के लिए अस्थाई बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए।
*सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने के निर्देश
बैठक में दाड़ी क्षेत्र में मंगलवार प्रातः विद्युत पोल के कारण बाईपास मार्ग बंद होने से उत्पन्न यातायात जाम का मामला भी उठाया गया। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना, पेड़ गिरने अथवा अन्य किसी कारण से सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा सके और यातायात व्यवस्था को शीघ्र बहाल किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा, एसडीएम नूरपुर इलिमा अफरोज, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विकास जम्बाल, एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, एसडीएम कांगड़ा मोहित रतन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।