रैल-बड़ा क्षेत्र को बड़ी सौगातें देंगे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू
आईटीआई, पीएचसी और स्कूल भवन तथा सधोड़ापत्तन पुल जैसे बड़े प्रोजेक्टों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे
हमीरपुर 16 सितंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 17 और 18 सितंबर को नादौन विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के दौरान जन स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ के साथ-साथ कई बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करके रैल-बड़ा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात देंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री वीरवार 17 सितंबर को सुबह 11 बजे आईटीआई रैल के परिसर में नए भवन की आधारशिला रखेंगे और पौधारोपण भी करेंगे। इसके तुरंत बाद वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल के नवनिर्मित भवन का उदघाटन और जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करेंगे। दोपहर बाद वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के भवन का शिलान्यास भी करेंगे। शाम को वह सेरा के विश्राम गृह में ही रुकेंगे।
शुक्रवार 18 सितंबर को सुबह करीब साढे ग्यारह बजे मुख्यमंत्री सधोड़ापत्तन के पास ब्यास नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास करेंगे और इसके बाद आईटीआई रैल के हैलीपैड से शिमला रवाना हो जाएंगे।
सधोड़ापत्तन पर करोड़ों की लागत से बनने वाला पुल नादौन उपमंडल के रैल-बड़ा क्षेत्र की कई पंचायतों को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी उपमंडल के सिल्ह व अन्य इलाकों को आपस में जोड़ेगा। इससे नादौन और ज्वालामुखी उपमंडल के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्हें ब्यास के आर-पार जाने के लिए कई किलोमीटर के चक्कर से निजात मिलेगी। सधोड़ापत्तन का यह पुल दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए मुख्यमंत्री की बहुत बड़ी सौगात होगी।
मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे के मद्देनजर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने रैल में जन स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों की समीक्षा भी की।
==============================
रैल में 17 को कई रोगों के स्पेशलिस्ट डॉक्टर करेंगे चैकअप
आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के विशेषज्ञ भी देंगे सेवाएं, मौके पर ही किए जाएंगे टैस्ट
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ
हमीरपुर 16 सितंबर। नादौन उपमंडल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल में वीरवार 17 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग और आयुष विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे जन स्वास्थ्य शिविर में कई स्पेशलिस्ट डॉक्टर आम लोगों का चैकअप करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने बताया कि सुबह साढे नौ बजे से आरंभ होने वाले इस शिविर का विधिवत उदघाटन मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस शिविर में जनरल मेडिसिन, इंटरनल मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, हड्डी रोग, नेत्र रोग, बाल रोग, स्त्री रोग, हृदय रोग, त्वचा रोग, मानसिक रोग, दंत रोग, न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरो सर्जरी, कैंसर, गैस्ट्रोएंटोलॉजी और रुमेटोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ आयुर्वेद विभाग और होम्योपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सक भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस दौरान अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, ईसीजी, ब्लड टैस्ट और कई अन्य महत्वपूर्ण टैस्ट भी मौके पर ही किए जाएंगे तथा निशुल्क दवाइयां दी जाएंगी। 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लड़कियों को सर्विकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी के टीके भी लगाए जाएंगे। आयुर्वेद विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक अग्निकर्म, विद्वकर्म, जलोका कर्म, शिरोधारा, नाड़ी स्वेद, ग्रीवा वस्ती, जानु वस्ती, कपिंग और अन्य क्रियाओं से भी इलाज करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्षेत्रवासियों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
===================================
हिंदी शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 151 उम्मीदवारों का चयन
हमीरपुर 16 सितंबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में हिंदी के शिक्षकों के 151 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26026 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 6354 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5316 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 375 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। एक से पांच सितंबर तक दस्तावेजों की जांच के बाद 151 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
============================================
टौणी देवी में 19 को दी जाएगी रूफ टॉप सोलर प्लांट और स्मार्ट मीटर की जानकारी
हमीरपुर 16 सितंबर। आम लोगों को सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग के लिए प्रेरित करने, बिजली की किफायती खपत और बचत के प्रति जागरुक करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड द्वारा कई जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 19 सितंबर को सुबह 11 बजे विद्युत उपमंडल कार्यालय टौणी देवी में भी एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
विद्युत उपमंडल टौणी देवी के सहायक अभियंता दीपक चौहान ने बताया कि सुबह 11 बजे आरंभ होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यतः रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी और स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में फैल रही भ्रांतियों एवं शंकाओं का समाधान किया जाएगा। उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का निवारण भी किया जाएगा।
सहायक अभियंता ने बताया कि लोग अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाकर न केवल बिजली के खर्च को लगभग शून्य तक ला सकते हैं, बल्कि इन संयंत्रों की सरप्लस बिजली को बिजली बोर्ड को बेचकर अच्छी आय भी अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से इस जागरुकता कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।
=================================================
मशीन आॅप्रेटर, अप्रेंटिस तथा हेल्पर के 100 पदों के लिए साक्षात्कार 21 सितंबर से शुरू
धर्मशाला, 16 सितंबर: औरो टेक्सटाइल बद्दी में पुरूषों व महिलाओं के मशीन आॅप्रेटर, अप्रेंटिस तथा हेल्पर के 100 पद भरे जाने हैं, जिसके लिए साक्षात्कार 21 सितंबर को उप रोजगार कार्यालय, लम्बागाँव तथा 22 सितंबर को बैजनाथ में प्रातः 11 बजे से लिए जाएंगे।
यह जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी, कांगड़ा अक्षय कुमार ने बताया कि 18 से 26 वर्ष की आयु के बीच दसवीं, बारहवीं तथा आईटीआई फिटर उतीर्ण इन पदो के लिए पात्र होंगे, जिन्हें 13500 रूपये प्रति माह वेतन व अन्य सुविधाए कंपनी के नियमानुसार दी जाएँगीं।
इच्छुक अभ्यर्थी को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र व बायोडाटा की काॅपी व यदि अनुभव प्रमाणपत्र भी हो साथ लेकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नं-01892-224892 पर संपर्क कर सकते हैं।