शाहपुर, 9 सितम्बर-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मंगलवार को नव निर्मित चंबी पुल का पैदल चलकर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर उमाकांत मीणा तथा रैत व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
केवल सिंह पठानिया अधिकारियों के साथ रैत से होते हुए चंबी पुल के दूसरे छोर तक पैदल गए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपने-अपने संपर्क मार्गों से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जमीन से संबंधित मुद्दे के कारण पहले इन संपर्क मार्गों का कार्य नहीं हो पाया था, लेकिन अब जमीन मालिकों की सहमति मिल गई है और शीघ्र ही समस्या का समाधान कर संपर्क मार्गों को बेहतर बनाया जाएगा।
इससे पूर्व उन्होंने रैत बाजार का भी निरीक्षण किया तथा व्यापार मंडल के सहयोग से सड़क के दोनों ओर पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान स्थानीय दुकानदारों और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर रैत व्यापार मंडल प्रधान अजीत शर्मा, तिलक चौधरी, नरेंद्र बलोरिया, मनीष शर्मा, सुशील, कमल कौशिक, अक्षय महाजन, रमन महाजन, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल पुंज, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, सहायक अभियंता जल शक्ति रज्जाक मोहम्मद, एसएचओ शाहपुर राजेंद्र सिंह, एनएचएआई अधिकारी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।