धर्मशाला, 6 सितंबर-हिमाचल प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान कर उनकी प्रतिभा को निखारना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता यह बात उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हारचक्कियां में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-19 छात्रा जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि कही।
उन्होंने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विद्यालयों से आईं खिलाड़ी छात्राओं से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में 17 विद्यालयों की लगभग 150 छात्राएं विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रही हैं।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के संघर्ष और उपलब्धियों को उचित मान-सम्मान दे रही है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक तथा पैरालंपिक प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 3 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं की 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं की 1 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।
उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों तथा पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं की 30 लाख से बढ़ाकर 2.50 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 20 लाख से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह प्रयास युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। आज प्रतियोगिता में भाग ले रहीं यही युवा खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, आयोजकों एवं सहयोगी स्टाफ को बधाई दी तथा सभी खिलाड़ी छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अध्यक्ष चंगर कांग्रेस कमेटी सुरजन सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीना ठाकुर, उपाध्यक्ष चंगर कांग्रेस कमेटी त्रिलोक गुलेरिया ,जोगिंदर पाल सिंह,जिला परिषद सदस्य मीना राणा , प्रधान हारचक्कियां शैलेन्द्र सिंह, उपप्रधान संजीव कुमार
, उपनिदेशक माध्यमिक विद्यालय शिक्षा अजय सम्भ्याल,
नाएव तहसीलदार संजय शर्मा, खंड विकास अधिकारी रैत योंगिन्द्र सिंह ,अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग नीरज जस्वाल, जल शक्ति अमित डोगरा, विधुत वोर्ड अमित शर्मा, पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरचक्कियां के प्रधानाचार्य अनुपमा अनदोत्रा, सहित विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, सेवादल अध्यक्ष चंगर कांग्रेस अमर सिंह
विभिन्न विद्यालयों से आए अध्यापक एवं शारीरिक शिक्षक, खिलाड़ी छात्राएं, विद्यार्थी व कांग्रेस कार्यकर्ता तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।