सीएमओ कार्यालय में रोड सेफ्टी पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
हमीरपुर, 3 सितंबर 2026-मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आज रोड सेफ्टी एवं आपदा प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार
ने की। कार्यशाला में चिकित्सा अधिकारियों, फार्मेसी अधिकारियों तथा
स्टाफ नर्सों ने भाग लिया। इस अवसर पर एमओएच डॉ. अजय अत्री, डीपीओ डॉ.
नेहा पाटियाल तथा एमईआईओ सुनील कुमार भी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल
प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ
आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों के बारे में विस्तार
से जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. आदित्य कांत शर्मा, एमओ सर्जरी, डॉ.
राकेश कुमार, एमओ ऑर्थोपेडिक्स तथा एनआईसी से विशेष रूप से प्रशिक्षण
देने पहुंचे डॉ. अरविंद ठाकुर ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण
प्रदान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार ने कहा कि किसी भी प्रकार
की आपदा या दुर्घटना से निपटने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को पहले से
पूरी तैयारी रखनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर एक
निर्धारित अलमारी में आपदा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक दवाइयां, उपकरण एवं
अन्य सामग्री तैयार रखी जाए, ताकि आपात स्थिति में बिना किसी देरी के
उनका उपयोग किया जा सके और बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल कोई भी पात्र
व्यक्ति अस्पताल में भर्ती होने पर दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात
दिनों की अवधि तक ₹1.50 लाख तक का कैशलेस (निःशुल्क) उपचार प्राप्त कर
सकता है।
एमओएच डॉ. अजय अत्री ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय स्तर
पर भी प्रभावी प्रबंधन एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए,
ताकि जरूरत के समय उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करते हुए लोगों को
तत्काल सहायता प्रदान की जा सके।
सीएमओ ने यह भी निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के उपरांत पीएचसी स्तर पर बैठक
आयोजित कर कर्मचारियों को आपदा एवं सड़क दुर्घटना की स्थिति में उनकी
जिम्मेदारियों के बारे में अवगत करवाया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति
में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
कार्यशाला में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के
महत्व पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने और उसे अस्पताल पहुंचाने
वाले नेक सामरीटन (Good Samaritan) को कानून के तहत संरक्षण प्राप्त है
तथा उसे अनावश्यक कानूनी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के उपचार
एवं उपलब्ध सरकारी सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई। दुर्घटना के
बाद घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना और उसे आवश्यक चिकित्सा
सुविधा उपलब्ध करवाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला के अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों से
आह्वान किया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को अपने-अपने
स्वास्थ्य संस्थानों के कर्मचारियों तक पहुंचाएं तथा सड़क दुर्घटना और
किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहें।
==============================
जेएनवी में 9वीं व 11वीं में लेटरल एंट्री चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

धर्मशाला, 3 सितंबर: नवोदय विद्यालय समिति, क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में लेटरल एंट्री सिलेक्शन टेस्ट-2027 के लिए प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक विद्यार्थी 30 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://navodaya.gov.in अथवा 9वीं कक्षा के लिए लिंक https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi 9 तथा 11वीं के लिए https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi 11 पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। चयन परीक्षा 10 अप्रैल, 2027 को आयोजित की जाएगी।
=============================================
आपसी समझौते के लिए 12 सितम्बर को लगेंगी लोक अदालतें

धर्मशाला, 3 सितंबर: हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण, आपसी समझौता करवाने के लिए 12 सितम्बर को ज़िला व उपमण्डल न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन करने जा रहा है। यह जानकारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आर. मिहुल शर्मा ने दी।

उन्होंने बताया कि इन लोक अदालतों में बैंक से संबंधित, श्रम विवाद, बिजली व पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, चैक बाऊसिंग, पूर्व मुकदमेबाजी व लंबित मामलों पर सुनवाई होगी। वे व्यक्ति जो मुकदमे से पहले संबंधित व्यक्ति अथवा विभाग से समझौता करने का इच्छुक है तो वह संबंधित कोर्ट में आवेदन कर सकता है।
इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01892-222370, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति धर्मशाला 01892-222018, कांगडा 01892-264808, देहरा 01970-233599, पालमपुर 01894-231614, नूरपुर 01893-220770, बैजनाथ 01894-262477, ज्वाली 01893-264307 और इंदौरा के दूरभाष नंबर 01893-241210 पर सम्पर्क कर किया जा सकता है।
आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति अपनी समस्या आॅनलाइन भेजना चाहता है तो वह राष्ट्रीय विधिक सेवाए प्राधिकरण न्यू दिल्ली की वेबसाइट पर जाकर आॅनलाइन आवेदन कर सकता है या हेल्पलाईन के टोल फ्री नंबर 15100 पर काॅल करके भी करवा सकता है।
उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि 12 सितंबर को इन लोक अदालत के जरिए अपने मामले सुलझाकर समय और धन की बचत करें।
=============================================
धर्मशाला में 5 सितंबर को 11 केवी धर्मशाला फीडर के तहत बिजली बंद
धर्मशाला, 3 सितंबर: विद्युत उप-मंडल-2 के सहायक अभियंता लोकेश चैधरी ने जानकारी देते हुए बताया है कि विद्युत लाईनों के सामान्य रख-रखाव कार्य के चलते 5 सितंबर को 11 केवी धर्मशाला फीडर के तहत आने वाले भटेड, शीला, पासू, अप्पर मनेड, कनेड, हरनेड, लोअर सुक्कड व् अन्य साथ लगते क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बाधित रहेगी। मौसम खराब होने पर उक्त कार्य अगले दिन किया जाएगा।
=========================================
आंगनबाड़ी व क्रैच पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर तक बढ़ी
भटियात में 7 और डलहौजी में 9 अक्तूबर को साक्षात्कार
चुवाड़ी, 3 सितम्बर -बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी, जिला चंबा की ओर से उपमंडल भटियात और डलहौजी में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, क्रैच कार्यकर्ता एवं क्रैच सहायिका के पदों को भरने के लिए आवेदन और साक्षात्कार की तिथियों में बदलाव किया गया है। लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं हो सके। ऐसे में अधिक से अधिक पात्र एवं इच्छुक अभ्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर देने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
अब इच्छुक एवं पात्र अभ्यार्थी 29 सितंबर 2026 तक अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी, चुवाड़ी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। विभाग की ओर से अभ्यार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उन्हें भर्ती में शामिल होने का अवसर मिल सके।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमंडल भटियात के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, क्रैच कार्यकर्ता एवं क्रैच सहायिका पदों के लिए साक्षात्कार 8 सितंबर 2026 को होने थे, जबकि उपमंडल डलहौजी के लिए साक्षात्कार 11 सितंबर 2026 को निर्धारित किए गए थे। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत भटियात उपमंडल के साक्षात्कार 7 अक्तूबर 2026 और डलहौजी उपमंडल के साक्षात्कार 9 अक्तूबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र पहले ही संबंधित कार्यालय में जमा हो चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। उनके पूर्व में प्राप्त आवेदन ही भर्ती प्रक्रिया के लिए मान्य माने जाएंगे। विभाग ने पात्र अभ्यार्थियों से संशोधित तिथियों का ध्यान रखते हुए समय पर आवेदन जमा करने और साक्षात्कार में निर्धारित तिथि को उपस्थित होने का आग्रह किया है।
===========================================

वाहन फिटनेस और ड्राइविंग टेस्ट का सितम्बर माह का शेड्यूल जारी

चम्बा, 3 सितम्बर-क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यवाहक संजीव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चम्बा के विभिन्न उपमंडलों में सितम्बर माह के दौरान आयोजित होने वाले वाहन फिटनेस एवं ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय चम्बा के अंतर्गत 8 और 18 सितम्बर को वाहन फिटनेस टेस्ट तथा 17 सितम्बर को ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा। पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण डलहौजी में 9 सितम्बर को वाहन फिटनेस एवं ड्राइविंग टेस्ट, भरमौर में 19 सितम्बर को दोनों टेस्ट, चुवाड़ी में 22 सितम्बर को वाहन फिटनेस टेस्ट तथा 26 सितम्बर को ड्राइविंग टेस्ट, चम्बा में 23 सितम्बर को ड्राइविंग टेस्ट, तीसा में 24 सितम्बर, सलूणी में 25 सितम्बर तथा पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण पांगी में 30 सितम्बर को वाहन फिटनेस एवं ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि वाहनों के पासिंग टेस्ट निर्धारित तिथि को शाम 4 बजे तक ही किए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से आग्रह किया कि वे अपने वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करें। वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप तथा पीले और लाल रंग की आई-कैट्स का लगा होना अनिवार्य है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उपरोक्त कार्यक्रम प्रशासनिक अथवा अन्य विशिष्ट कारणों से परिवर्तित, स्थगित या रद्द किए जा सकते हैं, जिसकी सूचना समय-समय पर दे दी जाएगी।

===============================================
सुजानपुर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 7 को

हमीरपुर 03 सितंबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
====================================================
8 तक बिजली बिल जमा करवाएं हमीरपुर-1 के उपभोक्ता

हमीरपुर 03 सितंबर। विद्युत उपमंडल-1 हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले गांव खग्गल, दड़ूही, सलासी, झनियारी, कुठेड़ा, नालटी, बाड़ी, फरनोल, मसियाणा, डुढाणा, ब्राहलड़ी, धनेड़ और अन्य गांवों के उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए 8 सितंबर तक का समय दिया गया है। सहायक अभियंता कर्ण सिंह ने कहा कि इन क्षेत्रों के जिन विद्युत उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे इनका भुगतान 8 सितंबर तक उपमंडल कार्यालय के काउंटर पर या ऑनलाइन माध्यम से कर दें।
उन्होंने बताया कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
================================================
आंगनबाड़ी व क्रैच पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 29 सितंबर तक बढ़ी
भटियात में 7 और डलहौजी में 9 अक्तूबर को साक्षात्कार
चुवाड़ी-03.09.26-बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी, जिला चंबा की ओर से उपमंडल भटियात और डलहौजी में रिक्त आगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, क्रैच कार्यकर्ता एवं क्रैच सहायिका के पदों को भरने के लिए आवेदन और साक्षात्कार की तिथियों में बदलाव किया गया है। लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं हो सके। ऐसे में अधिक से अधिक पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर देने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
अब इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 29 सितंबर 2026 तक अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी, चुवाड़ी के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। विभाग की ओर से अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उन्हें भर्ती में शामिल होने का अवसर मिल सके।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमंडल भटियात के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, क्रैच कार्यकर्ता एवं क्रैच सहायिका पदों के लिए साक्षात्कार 8 सितंबर 2026 को होने थे, जबकि उपमंडल डलहौजी के लिए साक्षात्कार 11 सितंबर 2026 को निर्धारित किए गए थे। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत भटियात उपमंडल के साक्षात्कार 7 अक्तूबर 2026 और डलहौजी उपमंडल के साक्षात्कार 9 अक्तूबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र पहले ही संबंधित कार्यालय में जमा हो चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। उनके पूर्व में प्राप्त आवेदन ही भर्ती प्रक्रिया के लिए मान्य माने जाएंगे। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से संशोधित तिथियों का ध्यान रखते हुए समय पर आवेदन जमा करने और साक्षात्कार में निर्धारित तिथि को उपस्थित होने का आग्रह किया है।
=========================================================
इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन-2026 के तहत ‘ब्रेकफ्री’ अभियान में बिलासपुर प्रदेश में अव्वल
एचआईवी जोखिम की जानकारी के लिए 3,550 सेल्फ रिस्क असेसमेंट के साथ बिलासपुर प्रथम
बिलासपुर, 03 सितंबर: राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन-2026 के तहत युवाओं को एचआईवी संक्रमण के जोखिम के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा ‘ब्रेकफ्री’ अभियान बिलासपुर जिले में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। जिले में 34 रेड रिबन क्लबों के माध्यम से अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी शशि दत्त शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 12 अगस्त 2026 को हुई थी और यह 12 अक्टूबर 2026 तक दो माह तक जारी रहेगा। ‘ब्रेकफ्री’ अभियान के तहत युवाओं को क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन प्रश्नावली में पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देने होते हैं। इन उत्तरों के आधार पर उनका सेल्फ रिस्क असेसमेंट किया जाता है, जिसके माध्यम से उन्हें अपने एचआईवी जोखिम स्तर की जानकारी मिलती है। आवश्यकता होने पर उन्हें आगे की जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एचआईवी संक्रमण के जोखिम को समझने, स्वयं अपने जोखिम का आकलन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर एचआईवी जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना है। 30 अगस्त 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर जिले में 3,550 सेल्फ रिस्क असेसमेंट किए जा चुके हैं, जो प्रदेश के सभी जिलों में सर्वाधिक हैं। इस उपलब्धि के साथ बिलासपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। मंडी जिला 2,057 सेल्फ रिस्क असेसमेंट के साथ दूसरे स्थान पर है। सोलन में 1,147, हमीरपुर में 973, शिमला में 802, ऊना में 598, कांगड़ा में 520, कुल्लू में 485, चंबा में 342, सिरमौर में 255 तथा किन्नौर में 188 सेल्फ रिस्क असेसमेंट दर्ज किए गए हैं, जबकि लाहौल एवं स्पीति में यह संख्या शून्य है। प्रदेश में अब तक कुल 10,917 सेल्फ रिस्क असेसमेंट दर्ज किए गए हैं।
प्रतिदिन के प्रदर्शन के आधार पर भी बिलासपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जिले में प्रतिदिन औसतन 187 सेल्फ रिस्क असेसमेंट दर्ज किए गए हैं, जबकि मंडी में 108 और सोलन में 60 सेल्फ रिस्क असेसमेंट प्रतिदिन दर्ज किए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में वाद-विवाद, नारा लेखन, रैलियों सहित अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, जोखिम की पहचान, जांच तथा समय पर उपचार के संबंध में आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।
जिला स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने के लिए रेड रिबन क्लबों के माध्यम से युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। ‘ब्रेकफ्री’ सेल्फ रिस्क असेसमेंट के माध्यम से युवा अपने एचआईवी जोखिम की स्थिति को समझ सकते हैं तथा आवश्यकता के अनुसार आगे की जांच और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं से इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन-2026 के तहत चलाए जा रहे ‘ब्रेकफ्री’ अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा एचआईवी संक्रमण से बचाव एवं जागरूकता के प्रति सजग रहने की अपील की है।

==================================================
बिलासपुर की वॉलीबॉल प्रतिभाओं के लिए बड़ा अवसर, धर्मशाला में लड़कियों के चयन परीक्षण 7 से 9 सितंबर तक
बिलासपुर, 03 सितंबर: बिलासपुर जिले की वॉलीबॉल प्रतिभाओं के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, धर्मशाला में लड़कियों के लिए आवासीय आधार पर आयोजित होने वाले चयन परीक्षण में भाग लेने का अवसर है। चयन परीक्षण 7 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
इच्छुक एवं पात्र लड़कियां 7 सितंबर को प्रातः 9रू00 बजे राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, खेल परिसर, निकट क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला, जिला काँगड़ा में पंजीकरण एवं रिपोर्टिंग कर सकती हैं। बिलासपुर जिले की वॉलीबॉल में रुचि रखने वाली एवं निर्धारित शारीरिक मानदंड पूरा करने वाली लड़कियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
चयन परीक्षण के लिए जन्मतिथि एवं न्यूनतम ऊंचाई के मानदंड निर्धारित किए गए हैं। 1 जनवरी 2011 या इसके बाद जन्मी लड़कियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 172 सेंटीमीटर, 1 जनवरी 2010 या इसके बाद जन्मी लड़कियों के लिए 174 सेंटीमीटर, 1 जनवरी 2009 या इसके बाद जन्मी लड़कियों के लिए 176 सेंटीमीटर तथा 31 दिसंबर 2008 एवं उससे पहले जन्मी लड़कियों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 180 सेंटीमीटर निर्धारित है।
राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सेवाएं, उत्कृष्ट खेल अवसंरचना एवं उपकरण, खेल किट, खेल विज्ञान विशेषज्ञों के माध्यम से वैज्ञानिक प्रशिक्षण सहायता, प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर, शैक्षणिक सहायता, निःशुल्क आवास एवं भोजन, चिकित्सा सुविधाएं तथा चिकित्सा बीमा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
रिपोर्टिंग के समय प्रतिभागियों को मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्वप्रमाणित फोटो प्रतियां, प्रत्येक की दो प्रतियां, साथ लानी होंगी। इनमें जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, निर्धारित प्रदर्शन मानदंड के अनुसार खेल उपलब्धि प्रमाणपत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र तथा चार पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो शामिल हैं।
महत्वपूर्ण है कि चयन परीक्षण में भाग लेने वाली लड़कियों के लिए परीक्षण अवधि के दौरान खान-पान एवं ठहरने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए 9816107438, 8708553893 अथवा 01892-224807 पर संपर्क किया जा सकता है। अंतिम चयन भारतीय खेल प्राधिकरण के निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार समग्र योग्यता, उपलब्ध सीटों, आयु सत्यापन तथा अन्य निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा
================================================
आरसेटी में 33 महिलाओं ने सीखा अचार, पापड़ और मसाला बनाना

हमीरपुर 03 सितंबर। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 20 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शिविर वीरवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 33 महिलाओं को अचार, पापड़ और मसाला पाउडर इत्यादि बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक अजय कतना ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा कि आरसेटी में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपना उद्यम या कारोबार आरंभ कर सकती हैं। इसके लिए वे बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठा सकती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीपीएफ अकाउंट, किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
इस अवसर पर शिविर के मूल्यांकनकर्ता हरमेश राजपूत, सुरभि देवी, फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
===========================================
सोलन दिनांक 03.09.2026

अंतर्राष्ट्रीय बधिर जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता शिविर आयोजित

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सोलन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बधिर जागरूकता सप्ताह के तहत आज दुर्गा पब्लिक स्कूल, सोलन में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित श्रोताओं को बधिरता एवं श्रवण संबंधी समस्याओं के कारणों, बचाव, समय पर पहचान एवं उपचार के साथ-साथ बधिर व्यक्तियों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सुप्रिया अटवाल ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं श्रोताओं को अंतर्राष्ट्रीय बधिर जागरूकता सप्ताह के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुनने की क्षमता में कमी किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है। बच्चों में जन्मजात कारणों के अलावा कान में संक्रमण, तेज आवाज के लगातार संपर्क, कान में चोट, कुछ दवाओं के दुष्प्रभाव तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी कारणों से भी श्रवण क्षमता प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि बच्चों में सुनने की क्षमता की समय पर जांच और श्रवण संबंधी समस्या की शीघ्र पहचान अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि बच्चे में सुनने में कमी की समस्या का समय रहते पता चल जाए तो उचित चिकित्सकीय सलाह, उपचार, श्रवण यंत्र एवं आवश्यक पुनर्वास सेवाओं के माध्यम से उसके विकास एवं शिक्षा में होने वाली कठिनाइयों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने कान में अनावश्यक वस्तुएं न डालने, कान के संक्रमण का समय पर उपचार करवाने तथा अत्यधिक तेज आवाज से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लगातार तेज आवाज में संगीत सुनना तथा ईयरफोन या हेडफोन का अत्यधिक एवं अनुचित उपयोग भी सुनने की क्षमता को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए ध्वनि के स्तर एवं उसके संपर्क की अवधि पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
डॉ.अटवाल ने बधिर एवं श्रवण बाधित व्यक्तियों के अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि बधिर व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाए तथा उनके साथ सम्मान, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर उनसे संवाद करने के लिए सांकेतिक भाषा, लिखित माध्यम अथवा अन्य उपयुक्त संचार माध्यमों का प्रयोग किया जाना चाहिए।
दुर्गा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस जागरूकता शिविर की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से आग्रह किया कि भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार की स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
विभाग ने आमजन से अपील की कि यदि किसी बच्चे अथवा वयस्क में सुनने की क्षमता में कमी के लक्षण दिखाई दें तो उसे नजरअंदाज न करें और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच एवं आवश्यक परामर्श प्राप्त करें।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिक्षिका पदमवती नेगी एवं बीसीसी कोऑर्डिनेटर राधा चौहान उपस्थित रहीं। वहीं दुर्गा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
===============================================
सोलन दिनांक 03.09.2026

हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग 07 सितंबर को सोलन में करेगा सुनवाई

हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग (एच.पी.एस.सी.डब्ल्यू) 07 सितंबर, 2026 को सोलन स्थित उपायुक्त कोर्ट में सुनवाई का आयोजन कर रहा है। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग के सदस्य सचिव ने दी।
सदस्य सचिव ने कहा कि मामलों की सुनवाई के दौरान हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि 7 सितंबर को कोई भी इच्छुक शिकायत कर्ता सुनवाई में उपस्थित हो सकता है।
========================================================
सोलन-दिनांक 03.09.2026

सोलन में 8 सितंबर को वन स्टॉप सेंटर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा आयोजित

हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग (एचपीएससीडब्ल्यू) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के सहयोग से 8 सितंबर, 2026 को सोलन में वन स्टॉप सेंटर (ओएससी) पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग के सदस्य सचिव ने दी।
सदस्य सचिव ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सोलन स्थित कल्याण भवन में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिमला, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, सिरमौर और ऊना जिलों के वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी भाग लेंगे।
=====================================================
केसों के त्वरित निपटारे के लिए 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
हमीरपुर, बड़सर और नादौन के न्यायिक परिसरों में निपटारे के लिए करें आवेदन

हमीरपुर 03 सितंबर। अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 12 सितंबर को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर हमीरपुर और उपमंडल स्तर के न्यायिक परिसरों नादौन तथा बड़सर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निपटारा समझौते के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान आपराधिक कंपाउंडेबल अपराध, एन. आई. एक्ट के मामले, धन वसूली के मामले और भूमि विवाद आदि पर सुनवाई करके निपटारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटना क्लेम के मामले, मोटर व्हीकल अधिनियम, श्रम विवाद के मामले, बिजली, पानी और टेलीफोन के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण के मामले, वेतन और भत्तों और सेवानिवृत्ति से संबधित मामलों का भी निपटारा होगा।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि लोक अदालत में उन मामलों का निपटारा भी करवाया जा सकता है जो अभी तक न्यायालय में दायर नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि अपने मामलों का निपटारा करवाने के इच्छुक लोग जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण कार्यालय हमीरपुर या संबंधित न्यायालय में सादे कागज पर आवेदन कर सकते हैं। लोक अदालत से पहले प्री-लोक अदालत सीटिंग में भी इन मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर करवाया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।
==============================================
जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा में कक्षा 9वीं व 11वीं में पार्श्व प्रवेश के लिए आवेदन 30 सितंबर तक
बिलासपुर, 03 सितंबर: पी.एम. श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा, जिला बिलासपुर में रिक्त सीटों के सापेक्ष कक्षा 9वीं एवं 11वीं में पार्श्व प्रवेश परीक्षा-2027 (शैक्षणिक सत्र 2027-28) का आयोजन 10 अप्रैल, 2027 को किया जाएगा। यह जानकारी प्रभारी प्राचार्य पी.एम. श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा राकेश कटोच ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक पात्र अभ्यर्थी 30 सितंबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा 9वीं के लिए ऑनलाइन वेबसाइट hitps://cbseitms.nic.in/2025/nvsix_9 तथा कक्षा 11वीं के लिए https://cbseitms.nic.in/2025/nvsXi_11 पर आवेदन कर सकते है। विद्यालय प्रबंधन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया है। किसी असामान्य परिस्थिति अथवा आवेदन संबंधी कठिनाई की स्थिति में अभ्यर्थी विद्यालय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए 9418114501, 9872311414 तथा 8219844779 मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।