उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कोलका क्षेत्र में किया विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण
विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर जानी शैक्षणिक प्रगति, शिक्षकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चंबा, 1 सितम्बर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज राजकीय माध्यमिक पाठशाला पुंदला तथा राजकीय केंद्रीय एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा उनकी रुचियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं समय के सदुपयोग के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाओं एवं कक्षा कार्य की जांच कर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से अभ्यास करवाने के साथ-साथ कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता, अनुशासन तथा सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।
उपायुक्त ने इस दौरान अभिभावकों के साथ भी संवाद किया तथा विद्यार्थियों की शिक्षा एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित रुचि लेने तथा विद्यालय के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी मैहला बशीर खान, ओएसडी उमाकांत सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य व मुख्य अध्यापक उपस्थित रहे।