ऊना, 21 अगस्त। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ऊना के सौजन्य से वरिष्ठ नागरिकों के लिए वर्ष 2026-27 की राज्य कार्य योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत अरलू में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत अरलू के वरिष्ठ नागरिकों सहित पंचायत प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

शिविर के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों के हित में संचालित विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत करवाते हुए पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित, तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जतिन्द्र कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी बंगाणा विवेक कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी बंगाणा अनूप सिंह तथा ग्राम पंचायत अरलू के प्रधान लेखराज भारती सहित अन्य अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आवास पंडित ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना तथा उनके विचारों का स्वागत किया। साथ ही, विभागीय योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाते हुए वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि ऐसे जागरूकता शिविरों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों एवं सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध करवाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विभाग वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।