SOLAN- दिनांक 12.08.2026-उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों का योगदान अहम होता है। मनमोहन शर्मा आज विकास खण्ड धर्मपुर में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत बी.पी.एल. परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
मनमोहन शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह प्रत्येक नागरिक की शिकायत एवं मांग को गंभीरता से निपटाना सुनिश्चित करें ताकि पात्र लाभार्थियों को संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सके। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की कार्यवाही रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करना सुनिश्चित बनाएं।
उपायुक्त ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रशासन और बी.पी.एल. परिवारों के मध्य सीधा संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मनमोहन शर्मा ने बी.पी.एल. परिवारों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को विस्तार पूर्वक सुना और अधिकारियों को शीघ्र इनके निपटान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को आवास, रोज़गार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, श्रम कल्याण तथा अन्य सरकारी योजनाओं से सम्बन्धित विषयों पर जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में कार्यकारी खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर रामस्वरूप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व संबंधित पंचायत सचिव व प्रतिभागी उपस्थित थे।
============================================
राजकीय महाविद्यालय सोलन में ‘माय भारत स्वच्छता पखवाड़ा’ आयोजित
राजकीय महाविद्यालय सोलन की एन.एस.एस. इकाई द्वारा आज यहां ‘माय भारत स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान की अध्यक्षता कार्यक्रम अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह सोनी ने की।
उन्होंने युवाओं को स्वच्छता का महत्व समझाते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलती है और युवाओं में जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य युवाओं के माध्यम से ‘स्वच्छ भारत - स्वस्थ भारत’ के सपने को साकार करना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है।
इस अभियान के दौरान एन.एस.एस. के बच्चों ने महाविद्यालय भवन, कक्षाओं, मुख्य परिसर तथा महाविद्यालय के आसपास स्थित जल स्रोतों एवं परिसर की सफाई की।
इस अवसर पर बच्चों ने कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया और आस-पास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दिया।
अभियान में माय भारत ज़िला सोलन के राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक कनिष्क शर्मा व एन.एस.एस. इकाई के 70 बच्चों ने भाग लिया।