शिमला:08.08.26- हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने आज सुबह जिला चम्बा के भरमौर क्षेत्र में बैरागढ़ से चम्बा की ओर आ रही निजी बस ‘शर्मा कोच’ के चालुंज नामक स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त होने पर अत्यन्त गहरा दु:ख प्रकट किया है। गौरतलब है कि इस भीषण सड़क हादसे में बस अचानक अनियंत्रित होकर चालुंज मोड़ के पास पलट गई और सीधे नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि इसमें मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए।

विधान सभा अध्यक्ष ने घटना का तुरन्त संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे को युद्व स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए कि घटनास्थल पर तुरन्त मदद पहुँचाई जाए और सभी घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन और नि:शुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलव्ध करवाई जाएं।
अपने शोक सन्देश में पठानियां ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यन्त विनाशकारी तथा बेहद दु:खद थी जिसका शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता । पठानियां ने आमजन से आग्रह किया कि बरसात के इस मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा तभी सफर करें यदि आवश्यक हो। उन्होने कहा कि इस तरह की घटनाएं आए दिन बढ़ती जा रही हैं इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपना बचाव स्वयं करें।
विधान सभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है। पठानियां ने इस हादसे मे मारे गए सभी परिवारों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की परमपिता परमात्मा से शक्ति प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।