उपायुक्त राहुल कुमार ने किया केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं का दौरा
विद्यार्थियों से किया संवाद, करियर मार्गदर्शन के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भाग लेने को किया प्रेरित

बिलासपुर, 03 अगस्त: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ संवाद किया तथा स्कूल की विभिन्न समस्याओं को लेकर स्कूल प्रशासन के साथ व्यापक चर्चा की।
उन्होंने कहा कि स्कूल को एक ही परिसर में चलाने लिए जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे ताकि स्कूल प्रबंधन को आ रही विभिन्न समस्याओं का समाधान हो सके। स्कूल के भवन निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने भूमि का आवंटन कर दिया है तथा आगे की प्रक्रिया को शुरू करवाने के लिए लीज डीड की औपचारिकताओं को भी जल्द पूरा किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने स्कूल विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया तथा भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर कड़ी मेहनत सबसे अहम आधार हैं। उन्होंने करियर काउंसलिंग के साथ-साथ विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार एवं उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने की सलाह दी ताकि सही समय पर लिया गया निर्णय उन्हें भविष्य में तय लक्ष्य को हासिल करने में मददगार साबित हो सके।
उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या बन गया है। ऐसे में नशे की इस बुराई से दूर रखने के लिए बच्चों को विभिन्न शारीरिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलकूद सहित अन्य सह-पाठय गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने को प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं को नशे से दूर रखते हुए समाज के दूसरे लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर तथा सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है।
इसके उपरांत उन्होंने राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में स्थापित स्पेस लैब का भी निरीक्षण किया तथा लैब संचालन से संबंधित विभिन्न जानकारियां हासिल की।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य रिंकू कुमारी सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।