बड़सर 01 अगस्त। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने शनिवार को बणी और बड़सर में नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया तथा इनमें प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
राज्य नशा निवारण बोर्ड के सदस्य रूबल ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद टंडन, बड़सर के थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण के लिए पहुंचे नरेश ठाकुर ने बणी में एनएच प्रो-केयर फाउंडेशन और बड़सर में एमएच डोर ऑफ होप फाउंडेशन द्वारा संचालित किए जा रहे नशा मुक्ति केंद्रों में विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने दोनों नशा मुक्ति केंद्रों के रिकॉर्ड की गहन जांच भी की तथा संचालकों से इन केंद्रों की दैनिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।
नरेश ठाकुर ने कहा कि नशे से मुक्ति पाने के लिए इन केंद्रों में दाखिल होने वाले लोगों को सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ अनुकूल एवं सकारात्मक माहौल भी मिलना चाहिए। तभी वे नशे के दलदल से बाहर निकलने में सक्षम होंगे। इसके लिए नशा मुक्ति केंद्रों के दैनिक रूटीन में अधिक से अधिक गतिविधियांे का समावेश किया जाना चाहिए।
नरेश ठाकुर ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्रों के बेहतर संचालन और इनके माध्यम से उत्साहजनक परिणाम लाने के लिए राज्य नशा निवारण बोर्ड विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।