CHAMBA, 26.07.26-राज्यपाल श्री कविंद्र गुप्ता ने आज चम्बा के ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारम्भ किया तथा प्रदेशवासियों, विशेषकर चम्बा जिले के लोगों को इस पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सदियों पुराना मिंजर उत्सव हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामुदायिक सौहार्द और लोक परम्पराओं का जीवंत प्रतीक है तथा प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपनी लोक संस्कृति, कला, मेलों और त्योहारों की गौरवशाली परम्पराओं को पीढ़ियों से संरक्षित रखा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें और भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति पर गर्व करें।
उन्होंने कहा, "मिंजर जैसे उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को भी सुदृढ़ करते हैं।"
राज्यपाल ने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज से नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "नशे के खिलाफ जन-जागरण ही सबसे प्रभावी हथियार है। हमें मिलकर अपनी युवा पीढ़ी को इस सामाजिक बुराई से बचाकर नशामुक्त हिमाचल का निर्माण करना होगा।" उन्होंने इस दिशा में जिला पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
उन्होंने चम्बा की विश्वप्रसिद्ध पारंपरिक कलाओं एवं शिल्पों—चम्बा रूमाल, चम्बा चप्पल और चम्बा थाल—का उल्लेख करते हुए स्थानीय शिल्पकारों एवं कलाकारों की प्रशंसा की, जो इन गौरवशाली परम्पराओं को जीवंत बनाए हुए हैं।
इससे पूर्व, कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने चौगान में जिला चम्बा के कारगिल शहीद आशीष थापा, खेमराज तथा ओम प्रकाश को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उपस्थित लोगों को राष्ट्र की रक्षा और शहीदों के आदर्शों के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई।
राज्यपाल ने इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल रवि वैद, श्रीमती विद्या देवी, श्रीमती मुशरबू देवी, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर अशोक कुमार, हवलदार मिलाप सिंह, हेमराज, हवलदार सुशील कुमार, हवलदार कारण सिंह, अश्वनी कुमार तथा हवलदार धर्मपाल को भी सम्मानित किया।
राज्यपाल ने मिंजर ध्वजारोहण कर मेले का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अजीत भट्ट एंड पार्टी ने पारम्परिक कुंजड़ी मल्हार की मनमोहक प्रस्तुति दी। यह दल पिछले 32 वर्षों से इस सांस्कृतिक विरासत का निरंतर संरक्षण एवं संवर्धन कर रहा है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक श्री नीरज नैयर, विधायक श्री डी.एस. ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष श्री ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं एचआरटीसी निदेशक मंडल के सदस्य श्री सुरजीत भरमौरी, नगर परिषद चम्बा की अध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी गुलाटी, जिला परिषद के उपाध्यक्ष श्री लियाकत अली, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव श्री यशवंत खन्ना, अतिरिक्त उपायुक्त श्री अमित मेहरा, पुलिस अधीक्षक श्री विजय सकलानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।