भोरंज 25 जुलाई। स्थानीय विधायक सुरेश कुमार ने शनिवार को समीरपुर के विश्राम गृह में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र के 200 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें विधायक के समक्ष रखीं।
सुरेश कुमार ने बताया कि इन जनसमस्याओं में से अधिकांश का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। जबकि, अन्य जनसमस्याओं के अतिशीघ्र निवारण के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का जल्द निस्तारण एवं सुनियोजित विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के हर इलाके और हर वर्ग की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है। सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में अपनी पूरी क्षमता से जुटी हुई है।
इस अवसर पर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पार्टी के अन्य नेता, पंचायत जनप्रतिनिधि, हमीरपुर के एसडीएम संजीत सिंह, डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, बमसन की बीडीओ वैशाली शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।