नादौन में हैल्पर एवं ट्रेनी के साक्षात्कार 28 को
हमीरपुर 25 जुलाई। नादौन की प्रसिद्ध कंपनी मित्रा एल्यूमिनियम में हैल्पर एवं ट्रेनी के 3 पदों को भरने के लिए 28 जुलाई को सुबह दस बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 18 से 30 वर्ष तक के दसवीं या बारहवीं पास पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
==========================================
हमीरपुर में मनाया जाएगा कारगिल विजय दिवस
हमीरपुर 25 जुलाई। कारगिल विजय दिवस रविवार को हमीरपुर में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह सुबह 10 बजे हमीरपुर के शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा पार्क एवं निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के दौरान जिला के शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और कारगिल के युद्ध में शहीद हुए जिला हमीरपुर के 8 सैनिकों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक ने सभी जिलावासियों और विशेषकर भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों से इस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
======================================
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लगाएगा विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर
चम्बा, 25 जुलाई -अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुजा सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, द्वारा विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य आम लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि शिविर में आगंतुकों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, लोक अदालत, मध्यस्थता, न्यायालय में वाद दायर होने से पूर्व समझौता, स्थायी लोक अदालत तथा पीड़ित प्रतिकर योजना सहित विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, औद्योगिक श्रमिकों तथा अन्य पात्र व्यक्तियों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया जाएगा।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, पैरा विधिक स्वयंसेवक एवं अन्य प्रशिक्षित कार्मिक उपस्थित रहेंगे, जो नागरिकों की विधिक समस्याओं पर मार्गदर्शन देंगे तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताएंगे। इच्छुक लोगों को विधिक जागरूकता संबंधी पुस्तिकाएं एवं सूचना सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा ने समस्त जिला वासियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे मिंजर मेले के दौरान विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर में अवश्य आएं, अपने कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी प्राप्त करें तथा उपलब्ध जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक जानकारी हासिल करें।
अधिक जानकारी के लिए नागरिक किसी भी कार्य दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
=========================================
धीरा और पालमपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के पदों हेतु आवेदन आमंत्रित
धर्मशाला, 25 जुलाई: बाल विकास परियोजना अधिकारी सुलह (भेडू महादेव) कंचन राणा ने जानकारी दी है कि बाल विकास परियोजना सुलह के अंतर्गत उप-मंडल धीरा और पालमपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के पद भरे जाने प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि उप-मंडल धीरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 11 और सहायिकाओं के 28 रिक्त पदों को साक्षात्कार के माध्यम से भरे जाएंगे। इच्छुक पात्र उम्मीदवार सादे कागज पर सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों की सत्यापित प्रतियों के साथ अपने आवेदन 18 अगस्त 2026 तक जमा करवा सकते हैं। साक्षात्कार 21 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे उपमंडल अधिकारी कार्यालय धीरा में आयोजित किए जायेेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त उप-मंडल पालमपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 16 एवं सहायिकाओं के 32 रिक्त पड़े पदों को साक्षात्कार के माध्यम से भरने के लिए भी पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पालमपुर उपमंडल के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है जबकि साक्षात्कार 22 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे उपमंडल अधिकारी कार्यालय पालमपुर में आयोजित किए जायेेंगे।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आवेदन करने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता जमा दो पास पास होना अनिवार्य है जबकि आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए और उम्मीदवार संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र (फीडर एरिया) की निवासी होनी चाहिए।
आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सुलह (स्थित भेडू महादेव) में जमा करवाये जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए उनके कार्यालय दूरभाष नम्बर 01894.275375 या मोबाईल नम्बर 94186.87263 पर सम्पर्क किया जा सकता है।