चंबा, 30 जून नगर परिषद चंबा के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डे-एनयूएलएम) द्वारा बचत भवन, चंबा में "पीएम स्वनिधि महोत्सव" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक चंबा नीरज नेययर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस दौरान उनकी धर्म पत्नी भारती नेययर कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में सामुदायिक संगठन प्रबंधक (सीएमएम) द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा "स्वनिधि से समृद्धि" कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सुलभ ऋण, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
विधायक नीरज नैयर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तिकरण की एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह योजना न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है, बल्कि छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका
निभा रही है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बैंक से ऋण प्राप्त करने के लिए अच्छा सीबिल स्कोर होना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए इसके प्रति जागरूकता एवं सही जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार द्वारा चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जा सके। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिला चंबा के विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों के चयनित स्ट्रीट वेंडरों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के सहायक आयुक्त दीपक आंनंद द्वारा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य प्रबंधन, लाइसेंसिंग प्रक्रिया तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
अग्रणी बैंक प्रबंधक डीसी चौहान द्वारा प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की जानकारी साझा की गई तथा स्ट्रीट वेंडरों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद चंबा राखी कौशल ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए डे-एनयूएलएम टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्षों की उपलब्धियों के उत्सव तथा स्ट्रीट वेंडरों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी विभागों, बैंक प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान अध्यक्ष नगर परिषद भुवनेशवरी गुलाटी, उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी, नगर परिषद चंबा, नगर परिषद डलहौजी तथा नगर पंचायत चुवाड़ी के स्ट्रीट वेंडर एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।