*आबकारी एवं एनडीपीएस कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित*
*उपायुक्त ने सभी एसडीएम को आबकारी अधिकारियों के साथ नियमित निगरानी के निर्देश दिए*
*मंडी, 5 जून।* हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011, एनडीपीएस अधिनियम 1985 तथा हिमाचल प्रदेश एनडीपीएस नियम, 1989 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में आयोजित की गई। बैठक में अवैध शराब, मादक पदार्थों तथा खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विभागीय समन्वय, निगरानी और कानून के अमल की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम को आबकारी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसमें क्षेत्र के सम्बन्धित पुलिस अधिकारियों को भी शामिल करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय समन्वय समिति का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच सूचना साझा करना, त्रैमासिक समीक्षा करना तथा आवश्यकता अनुसार संयुक्त निरीक्षण को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने पुलिस तथा आबकारी विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए निरंतर कानून के प्रभावी अमल को बनाए रखने के निर्देश दिए।
अपूर्व देवगन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने तथा डेयरी प्रोडक्ट के लिए नियमित निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान जारी रखे जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कानून व्यवस्था एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्य कर एवं आबकारी विभाग के उप आयुक्त अरविंद शर्मा ने बताया कि पहली जनवरी, 2026 से 31 मई, 2026 तक हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत मंडी पुलिस द्वारा 173 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा 698.250 लीटर विदेशी शराब (आईएमएफएल), 5423.675 लीटर देशी शराब, 154.900 लीटर बीयर तथा 124.800 लीटर अवैध लाहण ब थरडा बरामद किया गया।
वहीं राज्य कर एवं आबकारी विभाग द्वारा जिला में इस अवधि में 37 मामले दर्ज किए गए जिसमें 104.25 लीटर विदेशी शराब, 372.63 लीटर देशी शराब, 88.5 लीटर बीयर तथा 116 लीटर लाहण बरामद की गई। जब्त की गई शराब पर 5 लाख 29 हजार रुपये की कंपाउंडिंग फीस आरोपितों से वसूल की गई।
बैठक में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के अंतर्गत दर्ज मामलों की भी समीक्षा की गई। इसमें बताया गया कि मंडी पुलिस द्वारा 149 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 42.022 किलोग्राम चरस, 180 ग्राम अफीम, 138.165 किलोग्राम डोडा पोस्त तथा 522.219 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अतिरिक्त 4,06,396 पोस्त के पौधे नष्ट किए गए। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण अधिनियम के अंतर्गत पांच मामले दर्ज किए गए, जिनमें से तीन मामलों में लगभग एक लाख 85 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया, जबकि दो अन्य के विरुद्ध मामले सक्षम प्राधिकरण के समक्ष चल रहे हैं।
बैठक में डीएसपी दिनेश कुमार, आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारीगण, सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) एल.डी. ठाकुर तथा सभी एसडीएम वर्चुअली बैठक में शामिल हुए।
=========================================
उपायुक्त ने दिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश*
मंडी, 05 जून। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन (1100) से संबंधित शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए आज जिला जन शिकायत निवारण सेल की एक महत्वपूर्ण बैठक उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के वीसी रूम में आयोजित की गई।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि जनसमस्याओं के समयबद्ध निपटारे को प्रदेश सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के माध्यम से जन शिकायतों के निराकरण की पहल की गई है। जिला स्तर पर इसकी अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग पूरी तत्परता एवं निष्ठा से कार्य करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन (1100) पर प्राप्त अपने विभाग से सम्बन्धित शिकायतों का समयबद्ध, प्रभावी व त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। शिकायतों के निराकरण में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी इन शिकायतों व समस्याओं का समाधान सात दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अन्य लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने विभाग से सम्बन्धित शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क कर इनका शीघ्र समाधान करें।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, एसडीएम सदर रूपिंदर कौर, जिला विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, खाद्य आपूर्ति विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारी तथा तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
==============================================
*विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया*
*गोहर, 5 जून।* विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के उप परिसर, औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग स्थित गोहर–गुडाहरी में विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. पी.एल. शर्मा ने वर्तमान जलवायु परिवर्तन की स्थिति पर प्रकाश डाला और इसके प्रभावों एवं समाधान के लिए अपनाई जाने वाली रणनीतियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर परिसर में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार के पौधे रोपे गए। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, डॉक्यूमेंट्री निर्माण तथा फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं सक्रिय सहभागिता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नवाचार को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर कुल 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। कॉलेज प्रशासन ने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
===========================================
*विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चैलचौक व गोहर में चला स्वच्छता अभियान*
*गोहर, 05 जून।* विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपमंडल गोहर के बासा, गोहर व चैलचौक में स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर देवी राम ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान में वन विभाग, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, एसडीएम कार्यालय एवं तहसील कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अतिरिक्त विकास खंड अधिकारी, महिला मंडलों की सदस्याएं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उपमंडलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।