15 जून तक खुद डाटा भरेंगे तो तेजी से पूरी होगी जनगणना
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिलावासियों से की अपना डाटा खुद भरने की अपील
15 जून तक खुला रहेगा स्वगणना पोर्टल, कुछ मिनटों में अपलोड हो जाता हैं डाटा

हमीरपुर 02 जून। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी जिलावासियों से अपील की है कि वे भारत की जनगणना की प्रक्रिया के तहत स्वगणना पोर्टल एसई.सेन्सस.जीओवी.इन se.census.gov.in पर अपना डाटा स्वयं भरें। इससे जनगणना की प्रक्रिया बहुत ही आसानी, सटीकता एवं तेजी के साथ पूरी की जा सकेगी।
स्वगणना के संबंध में मंगलवार को यहां उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यशाला में गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला हमीरपुर में भी जनगणना की प्रक्रिया को दो चरणों में पूरा किया जाना है। पहले चरण में इस वर्ष 16 जून से 15 जुलाई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं मकान गणना करेंगे। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इस बार की जनगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है और इसमें लोगों को कंप्यूटर-लैपटॉप या मोबाइल से ऑनलाइन स्वयं की जानकारी अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। इसके लिए स्वगणना पोर्टल एसई.सेन्सस.जीओवी.इन को पहली जून से 15 जून तक खोला गया है। सभी परिवारों के मुखिया या अन्य लोग 15 जून तक अपने मकानों एवं भवनों से संबंधित जानकारी स्वयं इस पोर्टल पर भर सकते हैं। इसकी प्रक्रिया बहुत ही आसान है और इसे कुछ मिनटों में ही पूरा किया जा सकता है। इसके पूरा होते ही संबंधित व्यक्ति की एक आईडी जनरेट होगी। संबंधित व्यक्ति इस आईडी को अपने मोबाइल में रखें और 16 जून से 15 जुलाई के बीच जब प्रगणक मकानों के सूचीकरण के लिए आएंगे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इससे प्रगणकों का कार्य बहुत ही आसान हो जाएगा और जनगणना की पूरी प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
कार्यशाला के दौरान जनगणना निदेशालय शिमला की ओर से नियुक्त जिला नोडल अधिकारी अजय सोलंकी ने अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों और अन्य लोगों को स्वगणना पोर्टल में एंट्री की

जानकारी दी तथा इनसे मौके पर ही डाटा अपलोड करवाकर आईडी जनरेट करवाई।
इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
============================================
अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले परिजन बना सकते हैं अलग आईडी

हमीरपुर 02 जून। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि भारत की जनगणना की प्रक्रिया के तहत स्वगणना पोर्टल एसई.सेन्सस.जीओवी.इन पर 15 जून तक उपलब्ध करवाए जा रहे स्व-जनगणना एवं मकानों की डाटा अपलोडिंग के विकल्प का लाभ उठाने वाले लोग अपने परिवार के मुखिया या परिवार के किसी अन्य सदस्य के मोबाइल नंबर पर आईडी जनरेट कर सकते हैं। एक मोबाइल नंबर पर एक ही आईडी बनेगी।
अगर किसी परिवार के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर रह रहे हैं तो वे भी स्वयं से संबंधित जानकारी अपलोड करके अलग आईडी बना सकते हैं। किराये के मकानों, पीजी और अन्य भवनों में रहने वाले लोग भी अपना डाटा अपलोड करके आईडी जनरेट कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि स्व-जनगणना की प्रक्रिया बहुत ही आसान है और इसे कुछ मिनटों में ही पूरा किया जा सकता है। जनगणना के कार्य को तेजी एवं सटीकता के साथ पूर्ण करवाने के लिए यह एक बहुत ही अच्छा विकल्प है।
================================================

15 को जिला हमीरपुर में भी होगी मैगा मॉक एक्सरसाइज
भूकंप और अन्य आपदाओं की स्थिति में बचाव कार्यों का किया जाएगा अभ्यास

हमीरपुर 02 जून। आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों को सुनियोजित और प्रभावी ढंग से अंजाम देने के अभ्यास तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित संसाधनों के आकलन के लिए इस बार 15 जून को प्रदेशव्यापी मैगा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जा रही है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के तकनीकी सहयोग से आयोजित की जा रही इस मैगा मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों के लिए मंगलवार को एक कार्यशाला आयोजित की गई।
वर्चुअल माध्यम से आयोजित इस कार्यशाला में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) हमीरपुर के अधिकारियों और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया। कार्यशाला के दौरान एनडीएमए के सीनियर कंसल्टेंट मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) सुधीर बहल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मैगा मॉक एक्सरसाइज के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 15 जून को आयोजित की जाने वाली इस मैगा मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा तय करने के लिए 12 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी। उन्होंने बताया कि इस बार मैगा मॉक एक्सरसाइज के दौरान केवल दिन ही नहीं, बल्कि रात के समय भी बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसके लिए दिन में भूकंप जैसी आपदा की परिस्थिति और रात के समय वनों की आग या भूस्खलन जैसी आपदा की परिस्थिति के अनुसार बचाव कार्यों को अंजाम दिया जाएगा।
उपायुक्त एवं डीडीएमए की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी संबंधित अधिकारियों को मैगा मॉक एक्सरसाइज की तैयारियां करने के निर्देश दिए।