जिला बिलासपुर में 11 बजे तक 40.52 प्रतिशत मतदान दर्ज
खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं में उत्साह, मतदान एवं मतगणना के लिए प्रशासन ने किए व्यापक प्रबंध

बिलासपुर, 30 मई-पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तृतीय एवं अंतिम चरण के तहत जिला बिलासपुर में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में जारी है। सुबह 11 बजे तक जिले में कुल 40.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिले के 87,069 मतदाताओं में से 35,281 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि जिले की 58 ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संचालित किया जा रहा है तथा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
ग्राम पंचायत नौणी के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार ने मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मतदान कर्मियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर भी उनके साथ उपस्थित रहे।
राहुल कुमार ने बताया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों एवं वर्षा की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पहले से ही व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर बिजली, पेयजल तथा अन्य आवश्यक बैकअप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि मतदान के उपरांत मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

उन्होंने बताया कि विकास खंडवार मतदान प्रतिशत के अनुसार झंडूता विकास खंड में सर्वाधिक 42.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जहां 22,267 मतदाताओं में से 9,502 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बिलासपुर-सदर विकास खंड में 39.89 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है, जहां 18,832 मतदाताओं में से 7,512 मतदाताओं ने मतदान किया। घुमारवीं विकास खंड में 39.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है तथा यहां 36,494 मतदाताओं में से 14,483 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं श्री नैना देवी जी विकास खंड में 39.93 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है, जहां 9,476 मतदाताओं में से 3,784 मतदाता मतदान कर चुके हैं।

लिंगवार मतदान के आंकड़ों के अनुसार 18,243 महिला मतदाताओं ने मतदान किया है, जो कुल महिला मतदाताओं का 41.96 प्रतिशत है, जबकि 17,038 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया है, जो कुल पुरुष मतदाताओं का 39.09 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट है कि चुनाव प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मौसम में बदलाव और वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया है, वे दोपहर 3 बजे से पूर्व अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान अवश्य करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रत्येक मत का महत्वपूर्ण योगदान है तथा सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में भागीदार बनें।

==========================================

उपायुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, वरिष्ठ मतदाताओं से भी की बातचीत
तीसरे चरण में जिला की 58 ग्राम पंचायतों में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ मतदान

बिलासपुर, 30 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तृतीय एवं अंतिम चरण में आज 58 ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने नौणी, कल्लर और कंदरौर ग्राम पंचायतों के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा मतदान उपरांत होने वाली मतगणना के लिए किए गए प्रबंधों का भी जायजा लिया। उन्होंने बिजली आपूर्ति, बैटरी बैकअप, वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी समीक्षा की।
इस बीच उपायुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे वरिष्ठ मतदाताओं से भी बातचीत कर उनके अनुभव जाने और मतदान प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाता है।
यही नहीं खराब मौसम और वर्षा के बावजूद जिला प्रशासन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए दिनभर सक्रिय रहा। मतदान केंद्रों तक मतदाताओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने तथा मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया के निर्बाध संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार फील्ड में तैनात रहे। जिला के विभिन्न क्षेत्रों में लोक निर्माण, विद्युत, जल शक्ति तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्राउंड जीरो पर रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की। प्रशासन का प्रयास रहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने और मताधिकार का प्रयोग करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि मौसम की चुनौतियों के बावजूद किसी भी मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचने अथवा मतदान प्रक्रिया में भाग लेने में कोई परेशानी न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पहले से सतर्क रखा गया और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए टीमें फील्ड में तैनात रहीं।

========================================

वर्षा व खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं ने बढ़-चढ़ कर मतदान में लिया भाग
जिला में वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं ने लोकतंत्र के पर्व में सुनिश्चित की भागीदारी

बिलासपुर, 30 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण में वर्षा और खराब मौसम के बावजूद मतदाताओं ने बढ़-चढ़ कर मतदान में भाग लिया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। लोकतंत्र के इस पर्व में बुजुर्गों के साथ-साथ युवाओं तथा महिलाओं ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाई।
जिला में तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव में आज ग्राम पंचायत पनौल की 101 वर्षीय नगरजु देवी, 98 वर्षीय निक्की देवी, 90 वर्षीय विद्या देवी, निहातु देवी, ग्राम पंचायत कंदरौर की 98 वर्षीय बिमला देवी, ग्राम पंचायत कल्लर के 91 वर्षीय दुर्गा राम, तुहनू की 95 वर्षीय हरि देवी सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान में भाग लिया। इसी बीच ग्राम पंचायत बकरोआ की 21 वर्षीय पारूल, 22 वर्षीय वंशिका ने पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यही नहीं मतदान में जिला भर में महिला मतदाताओं की भागीदारी भी सराहनीय रही।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों के हौसले की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी सुनिश्चित बनाने के लिए न केवल वे मतदान केंद्र तक पहुंचे बल्कि दूसरे मतदाताओं को प्रेरित करने का भी कार्य किया। उन्होंने युवा तथा महिला मतदाताओं की बड़ी तादाद में भागीदारी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मतदान के माध्यम से सामूहिक भागीदारी से न केवल हमारा लोकतांत्रिक ढ़ांचा ज्यादा सुदृढ़ एवं मजबूत बनता है बल्कि गांव, प्रदेश व देश के विकास में एक अच्छे व्यक्ति का चुनाव कर नागरिक राष्ट्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।