सड़क दुर्घटना के घायलों का डेढ लाख रुपये तक हो सकता है कैशलैस इलाज
सभी अस्पतालों में प्रदर्शित होने चाहिए इस योजना के पोस्टर: गंधर्वा राठौड़
हमीरपुर 25 मई। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सड़क सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के शिकार लोगों का आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी सरकारी अस्पतालों और अन्य सूचीबद्ध अस्पतालों में डेढ लाख रुपये तक का मुफ्त एवं कैशलैस इलाज हो सकता है। सड़क दुर्घटना के बाद 24 घंटे के भीतर अस्पताल में दाखिल होने पर यह सुविधा मिलेगी और घायल व्यक्ति का अधिकतम सात दिन तक कैशलैस इलाज किया जा सकता है। कोई भी सूचीबद्ध अस्पताल घायल को दाखिल करने से मना नहीं कर सकता है। इस सुविधा का लाभ पीड़ितों तक पहुंचाने के लिए अस्पताल स्तर पर ऑनलाइन अपलोडिंग की प्रक्रिया सबसे महत्वपूर्ण है। उपायुक्त ने इसके लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में इस योजना के पोस्टर या बोर्ड प्रदर्शित किए जाने चाहिए और सड़क दुर्घटना के पीड़ित की जानकारी तुरंत ऑनलाइन अपलोड होनी चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए तत्काल सहायता प्रदान करने वाले नेक व्यक्तियों को राहवीर योजना के तहत ‘गुड सेमेरिटन’ पुरस्कार दिया जाता है। इस वर्ष अभी तक जिला हमीरपुर से एक व्यक्ति विजय कुमार की अनुशंसा इस पुरस्कार के लिए की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि अप्रैल माह में जिला में सड़क दुर्घटना के 9 मामलों में एक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि, 14 लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि जिला में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, यातायात के नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए लोक निर्माण विभाग, नेशनल हाईवे, परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को उपयुक्त स्थानों पर छोटे-बड़े वाहनों की अलग-अलग स्पीड लिमिट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की गई। इस अवसर पर एसपी बलवीर सिंह, आरटीओ राजीव ठाकुर, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा, एचआरटीसी के डीएम राजकुमार पाठक, समिति के सचिव एवं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन दीपक कपिल और अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
======================================
83 पंचायतों में प्रधान-उपप्रधान और 481 वार्ड सदस्यों का होगा फैसला
जिला परिषद और बीडीसी के उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में हो जाएगा बंद
हमीरपुर 25 मई। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में जिला हमीरपुर की 83 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक मतदान के बाद प्रधान और उपप्रधान के 83-83 पदों और पंचायत वार्ड सदस्यों के 481 पदों का फैसला हो जाएगा। जबकि, जिला परिषद और बीडीसी के उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो जाएगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। पहले चरण के लिए स्थापित किए गए 482 मतदान केंद्रों में मतदान दल रविवार को ही पहुंच गए थे और सोमवार को सभी बूथ भी स्थापित कर दिए गए हैं, ताकि मंगलवार सुबह ठीक 7 बजे से मतदान आरंभ किया जा सके। पंचायत के हर वार्ड के लिए एक-एक मतदान केंद्र बनाया गया है। सिर्फ भोरंज की ग्राम पंचायत कंजयाण के एक वार्ड के लिए दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 3 बजे मतदान की समाप्ति के बाद निर्धारित मतगणना केंद्रों पर पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों की मतगणना आरंभ कर दी जाएगी और शाम तक इनके परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। जबकि, पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आरंभ होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा इस प्रक्रिया को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने में सहयोग की अपील की है।
===============================================
एचपीवी वैक्सीनेशन में प्राइवेट स्कूल भी दें योगदान : गंधवा राठौड़
31 मई तक 14-15 वर्ष आयु वर्ग की सभी लड़कियों को लगवाएं टीके
हमीरपुर 25 मई। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी हाई एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के साथ-साथ सभी प्राइवेट स्कूलों के प्रमुखों और अन्य शिक्षकों से भी अपील की है कि वे एचपीवी वैक्सीनेशन से छूटी 14-15 वर्ष आयु वर्ग की सभी लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें और इस टीके के बारे में लड़कियों या उनके अभिभावकों में अगर कुछ भ्रांतियां हैं तो तुरंत उनका निवारण करें। अगर उनकी काउंसलिंग की आवश्यकता है तो स्वास्थ्य विभाग से भी संपर्क करें। इस आयु वर्ग की सभी लड़कियों को 31 मई तक एचपीवी वैक्सीन का टीका लग जाना चाहिए।
सोमवार को हिम अकादमी सीनियर सेकंडरी स्कूल विकासनगर में आयोजित एक जागरुकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन का एक टीका लड़कियों को जिंदगी भर सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचा सकता है। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में 29 मार्च को आरंभ किए गए टीकाकरण अभियान में इस आयु वर्ग की लगभग 2967 लड़कियों को यह टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला में अभी तक 1318 लड़कियां यह टीका लगवा चुकी हैं। सोमवार को भी जिला में 19 लड़कियों ने यह टीका लगवाया।
इस अवसर पर खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश रत्तू ने भी छात्राओं और शिक्षकों को एचपीवी वैक्सीन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।