24 मई तक बंद रहेगी रंगस-कंडरोला-चौड़ू सड़क

हमीरपुर 23 अप्रैल। नादौन उपमंडल के अंतर्गत रंगस-कंडरोला-चौड़ू सड़क की मरम्मत के चलते इस सड़क पर यातायात 24 अप्रैल से 24 मई तक बंद रहेगा।

इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि रंगस-कंडरोला-चौड़ू सड़क की मरम्मत के कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 24 अप्रैल से 24 मई तक बंद की जा रही है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक बड़ा से रैल लाहड़-चौड़ू सड़क या चौड़ू से बल्ह चौक-बाबे दी कुटिया-रैल, रंगस सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। जिलाधीश ने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।

===========================================

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया आरसेटी के प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण, महिलाओं का मार्गदर्शन किया

भोरंज 23 अप्रैल। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को विकास खंड भोरंज की ग्राम पंचायत भकेड़ा के गांव भैरवीं जट्टां में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस शिविर में लगभग 30 महिलाओं को मोमबत्ती और अन्य उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आरसेटी की ओर से आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर में ही उद्यम स्थापित करके अपना कारोबार आरंभ कर सकती हैं। इसमें वे विभिन्न बैंकों की ऋण योजनाओं की मदद भी ले सकती हैं।

इससे पहले, जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, आरसेटी के निदेशक अजय कतना, खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, किरण कुमारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

=====================================

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने भोरंज में लिया विकास कार्यों का जायजा

महिलाओं और नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ किया संवाद

भोरंज 23 अप्रैल। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को भोरंज उपमंडल में विभिन्न संस्थानों का दौरा करके इनमें जारी विकास कार्यों एवं अन्य गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत भकेड़ा में विभिन्न विकास कार्यों के निरीक्षण के साथ-साथ इसी पंचायत के गांव भैरवीं जट्टां में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर की प्रतिभागी महिलाओं के साथ संवाद भी किया।
उपायुक्त ने क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से भी बातचीत की तथा महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र भकेड़ा के निरीक्षण के दौरान शिशुओं को प्रदान की जा रही विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायत रौहीं में भी विकास कार्यों का जायजा लिया और जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने और कॅरियर के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं तथा उनका उत्साहवर्द्धन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों के बारे में शिक्षकों के साथ व्यापक चर्चा की।
इस अवसर पर भोरंज के खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

=============================

अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार सबसे जरूरी

हमीरपुर 23 अप्रैल। बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय हमीरपुर ने वीरवार को यहां वार्ड नंबर-9 के आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण अभियान के तहत वृत्त स्तरीय पोषण पखवाड़ा शिविर आयोजित किया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी सुनीता शर्मा ने कहा कि अच्छी सेहत के लिए संतुलित आहार सबसे जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सभी सुख-सुविधाओं के बावजूद कुपोषण की समस्या एक आम बात हो गई है। इसलिए, हमें अपनी आम दिनचर्या में अपने भोजन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। विशेषकर, गर्भवती एवं धात्री माताओं में कुपोषण की समस्या को दूर करने के लिए उनके आहार में सभी पोषक तत्वों का समावेश होना चाहिए।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कहा कि गर्मियों में पानी का सेवन अधिक से अधिक करना चाहिए। अगर गर्भवती माता स्वस्थ होगी तो उसका बच्चा भी स्वस्थ होगा। गर्भवती तथा धात्री माताओं को मौसमी फल-सब्जी तथा भरपूर नींद लेनी चाहिए। शिविर में उपस्थित लोगों ने कुपोषण को दूर करने की शपथ भी ली।

=========================================

झलाणा में मनाया पोषण पखवाड़ा, लोगों को बताया संतुलित आहार का महत्व

नादौन 23 अप्रैल। बाल विकास परियोजना नादौन के तत्वावधान में ग्राम पंचायत झलाण के आंगनवाड़ी केंद्र झलाण में पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत एक शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी नादौन संजय गर्ग, उपमंडल आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनमोहन, स्थानीय महिला मंडल की सदस्यों, आंगनवाड़ी पर्यवेक्षकों, कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। शिविर में लोगों को पोषण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे बाजार के खाद्य पदार्थों के बजाय घर में बनाए हुए पौष्टिक आहार, मौसमी फल व सब्जियों का अधिक उपयोग करें ताकि कुपोषण जैसी गंभीर समस्याओं से निपटा जा सके। बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग ने कहा कि किसी भी बच्चे की जिंदगी के पहले 1000 दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। क्योंकि, इन्हीं दिनों के दौरान ही बच्चे के मस्तिष्क का अधिकतम विकास होता है। अतः मां को गर्भावस्था से ही पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेना आवश्यक है।
इस अवसर पर उपमंडल आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने स्वास्थ्य तथा खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्हें समय पर अपना टीकाकरण करवाना चाहिए और आयरन फोलिक एसिड की गोलियां लेनी चाहिए ताकि वे अनिमिया से स्वयं भी बची रहें तथा गर्भस्थ शिशु भी स्वस्थ रहे।
कार्यक्रम में छह माह के एक शिशु का अनप्राशन तथा एक गर्भवती महिला की गोदभराई की रस्म भी की गई। आंगनवाड़ी केंद्र के शिशुओं ईशा, प्रियांश और आरव ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आंगनवाड़ी वृत्त सेरा और गौना की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व स्थानीय महिलाओं ने मोटे अनाजों के व्यंजनों की प्रर्दशनी भी लगाई।

======================================

15 मई तक ट्रेड लाइसेंस बनवा लें सभी व्यापारी
हमीरपुर शहर में होर्डिंग लगाने के लिए नगर निगम की अनुमति अनिवार्य
निगम की अनुमति के बगैर होर्डिंग लगाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
पालतू कुत्तों का पंजीकरण करवाएं और पार्किंग का भी बनवाएं लाइसेंस

हमीरपुर 23 अप्रैल। नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने निगम की परिधि के भीतर आने वाले सभी दुकानदारों, होटल, शोरूम, क्लीनिक और सभी प्रकार की छोटी-बड़ी दुकानों के माध्यम से अपना व्यवसाय चलाने वाले व्यापारियों से आग्रह किया है कि अगर उन्होंने अभी तक ट्रेड लाइसेंस नहीं बनवाए हैं तो वे 15 मई तक अपने लाइसेंस ऑनलाइन लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से बनवाना सुनिश्चित करें। जिन व्यापारियों को ऑनलाइन लाइसेंस बनवाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, वे नगर निगम कार्यालय में आकर ऑफलाइन भी लाइसेंस बनवा सकते हैं। निजी पार्किंग चला रहे लोग भी निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेकर ट्रेड लाइसेंस बनवाएं।
आयुक्त ने कहा कि अगर किसी व्यापारी ने 15 मई तक अपना ट्रेड लाइसेंस नहीं बनवाया तो उससे प्रतिमाह 500 रुपये जुर्माना वसूल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम की परिधि में प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग लगाने के लिए निगम की अनुमति अनिवार्य है। बिना अनुमति के लगे बैनर व होर्डिंग को बिना किसी सूचना के हटा दिया जाएगा और सार्वजनिक संपति को नुकसान पहुंचाने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
आयुक्त ने शहरवासियों से अपने पालतू कुत्तों का पंजीकरण भी 15 मई तक लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से करवाने की अपील की है। पंजीकरण न करवाने पर जुर्माना हो सकता है।