जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 11 अप्रैल को -विक्रम सचदेवा
जिले में 14 केंद्रों पर होगी नवोदय परीक्षा, 3114 छात्र देंगे परीक्षा
चंबा,09 अप्रैल-नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा कक्षा VI, का आयोजन 11 अप्रैल को किया जाएगा। ये जानकारी नवोदय विद्यालय के प्राचार्य विक्रम सचदेवा ने दी। उन्होंने बताया कि यह परीक्षा जिले के 15 शिक्षा खंडों के अंतर्गत कुल 14 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी, जिसमें 3114 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके साथ ही परीक्षा का समय प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय का पालन करना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र (Admit Card) साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा में कुल 80 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न 1.25 अंक का होगा। इसमें किसी भी प्रकार की नकारात्मक अंकन नहीं होगी। परीक्षा में भाग लेने वाले समस्त अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को परीक्षा केंद्र पर प्रातः 10:00 बजे तक अवश्य पहुंचाएं।==================
मशीन ऑपरेटर एवं हेल्पर के 200 पद अधिसूचित, 13 अप्रैल को होंगे साक्षात्कार
मंडी, 09 अप्रैल। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने आज यहां बताया कि एलेना ऑटो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा मशीन ऑपरेटर एवं हेल्पर के 200 पद अधिसूचित किए गए हैं, जिनकी नियुक्ति चंडीगढ़ मोहाली में की जाएगी। इन पदों के लिए केवल पुरुष आवेदक ही आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कम्पनी द्वारा साक्षात्कार के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी का न्यूनतम आठवीं पास होना आवश्यक है। साथ ही 10वीं से 12वीं पास एवं आई०टी०आई० (टर्नर, फिटर, मैकेनिस्ट) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 13,000 रुपए से 14000 रुपए (ओवर टाईम एवं प्रोडक्सन इंनसेटिव अतिरिक्त) वेतन प्रदान करना प्रस्तावित है। इन पदों के लिए आवेदन करने के लिए आवेदक का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में दर्ज होना अनिवार्य है।
उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अनुरोध किया है कि वे अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण पत्र व अपना नवीनतम बायोडाटा सहित 13 अप्रैल, 2026 को जिला रोजगार कार्यालय, मण्डी (खलियार) में साक्षात्कार के लिए प्रातः 10.30 बजे उपस्थित हों। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 01905-235508 पर सम्पर्क भी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस साक्षात्कार के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
===========================================
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने किए 497 निरीक्षण, 50 सिलेंडर जब्त
- रसोई गैस सिलेंडर के लिए पैनिक बुकिंग से बचें उपभोक्ता, आवश्यकतानुसार ही करवाएं बुकिंग, विभाग ने की अपील
मंडी, 09 अप्रैल। जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बृजेंद्र सिंह पठानिया ने आज यहां बताया कि विभाग द्वारा जिला में घरेलू एल.पी.जी. सिलेंडरों की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है। जिला में कार्यरत 24 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनके ग्राहक संख्या के अनुसार बुकिंग करवाकर घरेलू गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार शहरी क्षेत्र में 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिनों के बाद बुकिंग कर उपभोक्ता गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बुकिंग एवं आपूर्ति की नियमित रूप से निगरानी की जा रही है तथा विभाग द्वारा अब तक कुल 497 निरीक्षण किए गए हैं। इनमें 50 सिलेण्डर जब्त कर आगामी आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। विभाग ने अनुरोध किया है कि एल.पी.जी. उपभोक्ता गैस बुकिंग के लिए परेशान न हों तथा पैनिक बुकिंग के बजाय अपनी आवश्यकतानुसार गैस बुक करवाएं ताकि निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार विस्तार बिंदु पर एल.पी.जी. सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा सकें।
विभाग ने उपभोक्ताओं से यह भी आग्रह किया है कि वे शहरी क्षेत्रों में होम डिलीवरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अपने फोकल बिंदु पर ही घरेलू गैस प्राप्त करें। कोई भी उपभोक्ता गोदाम से सिलेंडर प्राप्त न करें तथा अनावश्यक रूप से गैस की गाड़ियों का न रोकें। उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेन्सी प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे गोदाम से घरेलू सिलेण्डर न देकर निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार शहरी क्षेत्रों में होम डिलीवरी व ग्रामीण क्षेत्रों में फोकल बिंदुओं के माध्यम से ही घरेलू सिलेंडर का वितरण ग्राहक संख्या बुकिंग के अनुसार ही करें, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने व्यापारिक सिलेण्डर प्रयोग कर रहे होटल/ढाबा मालिक व अन्य संस्थानों से भी आग्रह किया है कि वे अपनी मांग सम्बन्धित गैस एजेन्सी में लिखित तौर पर देना सुनिश्चित करें ताकि मांग के अनुसार व्यापारिक सिलेंडर की आपूर्ति प्लांट से करवाई जा सके।
==============================
एसआईआर की प्रक्रिया को गहनता के साथ समझें सभी अधिकारी
एसडीएम ने सभी सेक्टर अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को दिए निर्देश
भोरंज 09 अप्रैल। विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज के सेक्टर अफसरों, बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों एवं नोडल अधिकारियों को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया से अवगत करवाने के लिए वीरवार को यहां मिनी सचिवालय में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 36-भोरंज के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शशिपाल शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को गहनता के साथ समझने और इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग वर्ष 2002 के बाद वर्ष 2026 में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण करवा रहा है। इसका मकसद सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करना और अपात्र लोगों के नाम इन सूचियों से हटाकर शुद्ध मतदाता सूचियां तैयार करना है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने कार्यशाला में गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की बारीकियों समस्त अधिकारियों के साथ साझा की। इस कार्यशाला में भोरंज के तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, बमसन के तहसीलदार सौरभ धीमान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
====================================================
भोरंज में फील्ड ऑफिसर के साक्षात्कार 18 को
हमीरपुर 09 अप्रैल। जाहू क्षेत्र की कंपनी हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक प्राइवेट लिमिटेड सुलगवान में फील्ड ऑफिसरों के 22 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय भोरंज में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कॉमर्स में बारहवीं पास 18 से 35 वर्ष तक की आयु के उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,500 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
==================================================
नादौन में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 17 को
हमीरपुर 09 अप्रैल। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 54 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23 हजार रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।।
==================================================
सीबीएसई स्कूलों में अध्यापकों के 808 पदों के लिए आवेदन आमंत्रितहमीरपुर 09 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने सीबीएसई स्कूलों में अध्यापकों की विभिन्न श्रेणियों के कुल 808 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 8 मई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन स्कूलों में संगीत अध्यापक, ड्राइंग टीचर, संस्कृत अध्यापक और फिजिकल एजूकेशन टीचर के 118-118 पद, हिंदी अध्यापक के 151, इतिहास के 86 और भूगोल के अध्यापक 99 पद भरे जाएंगे। डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर लिंक 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे से लेकर 8 मई रात 11ः59 बजे तक खुला रहेगा।
================================================
सिक्योरिटी गार्ड्स के लिए भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती 17 को
हमीरपुर 09 अप्रैल। गुजरात के भरूच जिले में सिक्योरिटी गार्ड्स के 350 पदों पर नियुक्ति के लिए चैकमेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे हमीरपुर के सैनिक विश्राम गृह में थल सेना के भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती करेगी।
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के उपनिदेशक स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने बताया कि इस भर्ती में 54 वर्ष तक की आयु के दसवीं पास भूतपूर्व सैनिक भाग ले सकते हैं। चयनित भूतपूर्व सैनिकों को रहने की निशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। हर महीने खाने के 2800 रुपये और पीएफ की 3200 रुपये की कटौती के बाद उन्हें 25,800 रुपये मासिक वेतन और अन्य सुविधाएं मिलेंगी।
भर्ती के इच्छुक भूतपूर्व सैनिक अपने साथ डिस्चार्ज बुक, पीपीओ, एक्स सर्विस मैन का पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसपी कार्यालय द्वारा जारी पुलिस वेरिफिकेशन रिपोर्ट, बैंक पासबुक या कैंसल्ड चौक, दसवीं कक्षा की अंक तालिका और 8 पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लाएं। उपनिदेशक ने बताया कि उम्मीदवारों की मेडिकल केटिगरी शेप-1, लंबाई 5 फुट 6 इंच होनी चाहिए।
अधिक जानकारी के लिए कैप्टन जगरूप सिंह के मोबाइल नंबर 70181-06943 पर या जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222334 पर संपर्क किया जा सकता है।
============================
रजोल फीडर में 10 अप्रैल को बिजली बंद
धर्मशाला, 09 अप्रैल: धर्मशाला विद्युत उपमंडल नम्बर-2 के सहायक अभियन्ता रमेश चंद ने जानकारी दी कि 10 अप्रैल को मरम्मत कार्य के चलते 11 केवी रजोल फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र लोअर सराह, लामा काॅलोनी तथा आस-पास के क्षेत्रों में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे या कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। खराब मौसम की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील की है।
===============================
एडीसी ने दिए एससी-एसटी से संबंधित मामलों के शीघ्र निपटाने के निर्देश
धर्मशाला, 9 अप्रैल: अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 एवं नियम 1995 के अन्तर्गत जिला कांगड़ा में गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक उपायुक्त कार्यालय में आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की।
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी न्याय न मिलने के समान है। इसलिए संबंधित मामलों की तफ्तीश कर उनका समय पर निपटान सुनिश्चित किया जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जाए।
बैठक में जिला न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति तथा पुलिस विभाग में दर्ज एवं लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कुल 94 मामलों की समीक्षा बैठक में की गई।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला, अतिरिक्त एसपी आर. पी. जसवाल, एस.डी.पी.ओ. नूरपुर चंद्र पाल सिंह, डिप्टी एस. पी. निशा कुमारी, एस.एच.ओ. धर्मशाला नारायण सिंह, काॅर्ड संस्था से सुनील कुमार, जिला न्यायवादी अधिकारी तथा गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
===================================================
**उपमंडल गगरेट और हरोली की पंचायत समिति वार्डों की अद्यतन सूचना **
ऊना, 9 अप्रैल। एसडीएम कार्यालय गगरेट से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल गगरेट की पंचायत समिति वार्डों से संबंधित अद्यतन सूचना इस प्रकार है।
उपमंडल गगरेट के अंतर्गत पंचायत समिति मरवाड़ी में मंदवाड़ा और मरबाड़ी पंचायतों के लिए महिला, पंचायत समिति पिरथीपुर में पिरथीपुर और डंगोह खुर्द पंचायतों के लिए अनारक्षित, पंचायत समिति सलोह बैरी में जोह और सलोह बैरी पंचायतों के लिए महिला, पंचायत समिति डंगोह खास में अनुसूचित जाति, पंचायत समिति रायपुर में रायपुर और ववेहड़ पंचायत के लिए अनुसूचित जाति महिला, पंचायत समिति भद्रकाली में भद्रकाली, अभयपुर और ब्रह्मपुर पंचायत के लिए अनारक्षित, पंचायत समिति भंजाल अप्पर में अमलैहड़ और भंजला अप्पर के लिए अनारक्षित, पंचायत समिति भंजाल लोअर में कुनेरन और भंजाल लोअर के लिए महिला, पंचायत समिति नकडोह में रामनगर, कैलाश नगर और नकडोह के लिए अनुसूचित जाति महिला, पंचायत समिति गोंदपुर बनेहड़ा लोअर में गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर और लोअर के लिए अनुसूचित जाति महिला, पंचायत समिति चलेट में चलेट और मवा कोहलां पंचायतों में अनारक्षित, पंचायत समिति नंगल जरियालां में नंगल जरियालां और अम्बोआ के लिए महिला, पंचायत समिति दियोली में दियोली और घनारी पंचायत के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, पंचायत समिति संघनेई में संघनेई के लिए अनारक्षित, पंचायत समिति अम्बोटा में अम्बोटा और चतेहड़ पंचायत के अनारक्षित, पंचायत समिति गगरेट में गगरेट अप्पर और कलोह पंचायत के लिए अनुसूचित जाति, पंचायत समिति बडोह में बडोह और ओयल पंचायत के लिए अनारक्षित, पंचायत समिति टटेहड़ा में टटेहड़ा और मवां सिंधिया पंचायत के लिए महिला, पंचायत समिति कुठेहड़ा जसवालां में कुठेड़ा जसवालां और लोहारली के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग, पंचायत समिति जाडला कोइड़ी में जाडला कोइड़ी, बढे़ड़ा राजपूतां और गुगलैहड़ में अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के सीट आरक्षित की गई हैं।
वहीं, एसडीएम कार्यालय हरोली से प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल हरोली के अंतर्गत पंचायत समिति के कुछ वार्डों की अद्यतन सूचना इस प्रकार है। इसमें लोअर पंजावर - 1 में सामान्य महिला, पंजावर - 2 में अनारक्षित, खड्ड - 3 में अनारक्षित, भदसाली - 6 में अनारक्षित, धर्मपुर - 10 में अनारक्षित हरोली - 12 में अनारक्षित, ललड़ी - 14 में अन्य पिछड़ वर्ग महिला, बाथू - 16 में सामान्य महिला, बीटन - 18 में अनुसूचित जाति, गोंदपुर जयचंद - 19 और गोंदपुर बुल्ला - 20 में सामान्य महिला, दुलैहड़ - 21 में अनारक्षित, कुंगड़त - 22 में अनुसूचित जाति और पूबोवाल - 24 में अनारक्षित सीटें निर्धारित की गई हैं।
================================================
सोलन-दिनांक 09.04.2026
डॉ. शांडिल 10 अप्रैल से सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 10 से 13 अप्रैल, 2026 तक सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे।
डॉ. शांडिल 10 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11.00 बजे सोलन तहसील के अंतर्गत नव सृजित ग्राम पंचायत धार बखूना में ग्राम पंचायत मशीवर, ग्राम पंचायत जौणाजी तथा ग्राम पंचायत धार बखूना के लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री 11 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11.00 बजे से नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर 04 में बस्ती रोड़ सलोगड़ा के साथ सार्वजनिक शौचालय एवं वर्षा शालिका, वार्ड नम्बर 07 में नगर निगम कार्यालय पार्किंग, कैंटीन एवं चालक कक्ष, वार्ड नम्बर 10 चौरी घाटी में 11.35 लाख लीटर क्षमता के जल भण्डारण टैंक, वार्ड नम्बर 06 स्थित जवाहर पार्क में फुव्वारे के विभिन्न कार्य तथा वार्ड नम्बर 09 में शिशु पार्क के समीप नगर निगम पार्किंग के उपर निर्मित सामुदायिक हॉल का लोकार्पण करेंगे।
डॉ. शांडिल 12 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11.00 बजे से लोक निर्माण विभाग के चायल स्थित विश्राम गृह में चायल क्षेत्र के साथ लगती विभिन्न ग्राम पंचायतों की जन समस्याएं सुनेंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री 13 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11.00 लोक निर्माण विभाग के कण्डाघाट स्थित विश्राम गृह में कण्डाघाट क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों की जन समस्याएं सुनेंगे।